अमलतास मेडिकल कॉलेज में मनाया गया संविधान दिवस, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने दिलाई संविधान पालन की शपथ

सामूहिक वंदे मातरम् से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, मौलिक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के पालन पर दिया जोर

देवास। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, देवास में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी उपस्थित रहे। वहीं कमल शर्मा एवं विश्वामित्र अवार्ड से सम्मानित सुदेश सांगते विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान के कारण ही भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता एवं धार्मिक स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण मौलिक अधिकार प्रदान करता है। प्रत्येक नागरिक को संविधान की जानकारी होना आवश्यक है। अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझना और उनका पालन करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हमें संविधान की मूल भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर सांसद सोलंकी ने उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के सामूहिक गायन से किया गया।

अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के निदेशक प्रशासन डॉ. प्रशांत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से अमलतास अस्पताल में बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यह आम नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जो संविधान की भावना के अनुरूप जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. ए.के. पिठवा ने भी संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित अतिथियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्नेहा सहाय युथम, डॉ. भारती लाहोरिया, विजय जाट, अश्विन तंवर सहित संस्थान के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, चिकित्सक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. श्वेता मिश्रा ने किया।