इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल बिछाकर नाबालिग से लाखों की ठगी, आरोपी व सहयोगी महिला गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर 8 से 10 लाख रुपये और आभूषण हड़पे, सोशल मीडिया के जरिए बनाया था भरोसा

देवास। सोशल मीडिया पर प्रेम संबंध बनाकर नाबालिग को अपने जाल में फंसाने और उससे लाखों रुपये व आभूषण हड़पने वाले आरोपी को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी की सहयोगी महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली आर्थिक ठगी और साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन निवासी एक महिला ने 3 जून 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पोती के माध्यम से उसके बैंक खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर कर दी गई है। बैंक खाते की जांच में पाया गया कि खाते में केवल 19 रुपये शेष बचे हैं तथा लाखों रुपये आशीष डामोर नामक युवक के खाते में भेजे गए हैं।

जांच के दौरान नाबालिग बालिका ने बताया कि उसकी पहचान दिसंबर 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए आशीष डामोर से हुई थी। आरोपी ने उससे विवाह करने का झांसा देकर विश्वास जीता और रुपये दोगुना कर लौटाने का लालच दिया। इसके बाद उसने बालिका से उसके दादा-दादी के बैंक खातों से लगभग 8 से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए और बाद में संपर्क समाप्त कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 484/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्री शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर (24 वर्ष) निवासी उज्जैन, हाल मुकाम देवास को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी से प्राप्त संपत्ति का कुछ हिस्सा उसने अपनी बहन को दिया था। इसके आधार पर पुलिस ने उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस की अपील

  • सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।
  • विवाह, नौकरी, निवेश या रुपये दोगुना करने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें।
  • नाबालिग बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें तथा बैंक खाते, ओटीपी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
  • किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।

सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक गौरव नगावत, प्रधान आरक्षक सुरेश धाकड़, आरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा तथा महिला आरक्षक स्वप्नील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।