कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने सोनकच्छ मे कार्येषु कृषक उत्पादक संगठन(FPO) के कार्यालय का शुभारंभ किया

देवास 18 नवम्बर 2020/ कार्येषु कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जुड़े सभी कृषक खेती को व्यापार में बदलकर अच्छा् मुनाफा कमा सकते हैं। एफपीओ के माध्यम से कृषक फसल से बने उत्पाद को अच्छी कीमतों में बाहर भी बेच सकेंगे। उक्त बातें कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ने आज सोनकच्छ में कार्येषु कृषक उत्पादक संगठन कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर कही। इस अवसर पर श्री कैलाश चंद्रावत, उपसंचालक उद्यानिकी श्री नीरज सांवलिया, उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलमसिंह चौहान, सहायक महाप्रबंधक अविनाश तिवारी, कृषि विज्ञान केंद्र देवास के श्री अशोक दीक्षित, कृषि विस्तार अधिकारी सोनकच्छ श्री बीएल ठाकुर, श्री भानुसिंह राजपूत, एफपीओ संगठन के संचालक एवं सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि एफपीओ एक ऑर्गनाइजेशन (कंपनी) है और आप सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि कंपनी है तथा कंपनी के मेम्बर भी है। आपको इसमें पूरी तैयारी के साथ कार्य करना होगा। यदि आप अपने एफपीओ को सही तरीके से जमा लेंगे तो कुछ भी कर सकते हैं। एफपीओ एक कंपनी है जिसमें कृषक फसल तो पैदा करेंगे ही साथ ही उस फसल को उत्पाद में बदल कर डबल मुनाफा कमा सकता है।

कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत की कीमत पूरी मिलना चाहिए। इसके लिए किसानों को खेती अब मैन पावर के साथ मशीनरी व आधुनिक तकनीकों को उपयोग करके करना होगी। इन तकनीकों का उपयोग कर अच्छी पैदावार तो कर ही सकते हैं साथ ही कंपनी के कृषकगण अच्छी आय भी अर्जित कर सकते हैं। एफपीओ को व्यापारियों की तरह सोचना होगा तथा उन्हीं की तरह उत्पादन/उत्पाद को बेचना होगा, जिससे इन्कम दोगुनी हो सके। कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि एफपीओ के कुशल संचालन से आप सभी सक्सेस होंगे तथा सभी को सफलता मिलेगी तथा लाभ भी मिलेगा। इसके लिए पूरी तैयारी के साथ इस कार्य में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि एफपीओ की अधिक से अधिक ब्रांच खुलें तथा इसमें प्रत्येक प्रकार की वस्तुएं मिले, जिससे किसानों व अन्य लोगों को जरूरत की सामग्री यही पर मिल जाएं।

कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि एफपीओ को देखना होगा कि किसानों को किन-किन वस्तुओं की जरूरत है। इस एफपीओ से खाद, बीज, दवाई की दुकान भी तैयार कर सकते हैं, जिससे किसानों को अन्यंत्र भटकना नहीं पड़े तथा इसके माध्यम से उन्हें भी आय होने लगे। साथ ही इसके माध्यम से हार्वेस्टर, ट्रेक्टर सहित अन्य कृषि उपकरणों को आसानी से किसानों को उपलब्ध कराया जा सकता है। एफपीओ किसानों को शासन की योजनाओं की जानकारी भी देंगे। साथ ही आधुनिक, जैविक, उद्यानिकी खेती के बारे में अवगत कराकर उन्हें खेती के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में अन्य मंचासीन अतिथियों ने भी अपने विचार रखे तथा महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला से न करते हुए तुलसी का पौधा व श्रीफल देकर किया।