क्या आप भी तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाते है वाहन..! तो हो जाए सावधान…!!

मई माह में अब तक ऐसे 26 चालकों के लाइसेंस हुए निलंबित

देवास। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान के नेतृत्व में मई माह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग द्वारा मई माह में सामने आए 26 प्रकरणों में वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई विशेष रूप से उन चालकों पर की गई, जो शहर के व्यस्त मार्गों और सार्वजनिक सड़कों पर निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते पाए गए। इसके अलावा सिग्नल जंप करना, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करना, यातायात नियमों की अनदेखी करना तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में भी चालकों के खिलाफ कठोर कदम उठाए गए।

जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

प्रशासन की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे लापरवाह वाहन चालकों में कानून का भय बनेगा और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।