देवास। करीबन दो वर्ष पूर्व भोपाल चौराहा से लेकर मुक्तिधाम तक का सडक़ निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। लेकिन अभी तक उक्त मार्ग पर आधी अधूरी सडक़ का निर्माण हो पाया हे। वार्ड क्रमांक 37 निवासी भविष्य जैन (बिट्टू) ने बताया कि अब तक सिर्फ केपी कॉलेज से पठान कुंआ और राजबाड़े से मुक्तिधाम तक ही सडक़ निर्माण कार्य हो पाया है। पठान कुआं से राजबाड़े तक का सडक़ निर्माण कार्य अब भी 1 वर्ष से अधूरा पड़ा हुआ है। जिससे कई समस्याएं उत्पन्न हो रही है। जिसकी शिकायत सीएम हैल्पलाईन पर भी की गई थी। शिकायत में बताया था कि पीडब्ल्यूडी के द्वारा सडक़ का निर्माण किया गया था। उस सडक़ को अधुरा निर्माण कर छोड़ दिया है। जिससे काफी धुल आती है एवं बारीश के दिनों में भी कीचड़ हो जाता है पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। शिकायत पश्चात सीएम हैल्पलाईन से जवाब आया कि ठेकेदार के किये गये कार्य का लगभग 30 लाख रूपए का भुगतान आवंटन के अभाव में लंबित है। इसलिय कार्य बंद है। शीघ्र ही ठेकेदार को भुगतान कर कार्य पूर्ण किया जाएगा और शिकायत को बंद कर दिया गया। उक्त अधूरा पड़ा मार्ग बड़ा बाजार से होकर जाता है। आसपास लाईन से घर एवं यातायात का दबाव होने से धूल की गुबार उड़ती है, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ होती है। वहीं बारीश में भी कीचड़ के छिटे आसपास उड़ते है। उक्त समस्या को ध्यान में रखते हुए स्थानीय रहवासियों ने पीडब्ल्यूडी विभाग शीघ्र ही सडक़ निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपील की है।














