देवास। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी देवास ने बताया कि 9 मई को आयोजित कक्षा 12वी की रसायनशास्त्र विषय की परीक्षा में परीक्षा केंद्र राधाबाई उ मा वी देवास के कक्ष क्रमांक 1 में छात्र के द्वारा मोबाइल से नकल करने का प्रयास किया गया जिसे विकासखंड स्तरीय दल के द्वारा जप्त कर पंचनामा बनाया गया तथा नकल प्रकरण पंजीबद्ध किया गया और कक्ष पर्यवेक्षक श्री समंदर सिंह एरवाल को कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय मिश्र द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया और केंद्राध्यक्ष श्री मनोहर सोलंकी तथा सहायक केंद्राध्यक्ष श्री राकेश मुजाल्दा 2 वेतन वृद्धि रोकने के प्रस्ताव का कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।
इसी प्रकार सीसीटीवी जिला कंट्रोल रूम में यह पाया गया कि टोंकखुर्द विकासखंड के दो परीक्षा केंद्रों में उत्कृष्ट टोंकखुर्द तथा अशासकीय शाला एमिनेन्स में छात्र परस्पर बातचीत करते एवं उत्तर पुस्तिका बदलते पाए गए जिससे उत्कृष्ट टोंकखुर्द के कक्ष क्रमांक 8 के पर्यवेक्षक श्रीमती रेणुका कुशवाहा प्राथमिक शिक्षक को निलंबित किया गया और केंद्राध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम सिसोदिया तथा सहायक केंद्राध्यक्ष श्री लखन सिंह परमार को 2 वेतनवृद्धि रोकने का शोकाज नोटिस जारी किया गया।
अशासकीय शाला एमिनेन्स के कक्ष 3 के पर्यवेक्षक श्री नरेन्द्र कुमार जोझा को निलंबित किया गया तथा केंद्राध्यक्ष श्री हेमचंद्र आर्य और सहायक केंद्राध्यक्ष श्रीमती कविता चौरसिया को 2 वेतन वृद्धि रोकने का शोकाज नोटिस जारी किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह के द्वारा परीक्षा की सुचारू रूप से संचालन के लिए निरीक्षण दालों का गठन किया गया है तथा जिले के समस्त 16 परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कमरे लगाए गए है जिनकी सतत निगरानी माशिमं भोपाल, संयुक्त संचालक कार्यालय उज्जैन और जिला कंट्रोल रूम द्वारा की जा रही है।
















