देवास पुलिस ने 3 दिन में सुलझाई वारदात, 7 आरोपी गिरफ्तार; 50 लाख का माल बरामद
देवास। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बनकर महिलाओं के गले से सोने की चैन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मात्र तीन दिनों में कार्रवाई करते हुए गिरोह के 7 सदस्यों को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 156 ग्राम वजन की 9 सोने की चैन, एक लग्जरी कार, 6 महंगे मोबाइल फोन सहित करीब 50 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
गिरोह में 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। सभी आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं तथा लंबे समय से दक्षिण दिल्ली में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने जून माह के पहले 15 दिनों में आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, जबलपुर और देवास में कुल 9 वारदातों को अंजाम दिया था।
भागवत कथा में हुई थी देवास की वारदात
11 जून को राधागंज निवासी सरोज अग्रवाल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जून को मंडी व्यापारी एसोसिएशन धर्मशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात महिला ने उनके गले से करीब साढ़े तीन लाख रुपए कीमत की सोने की चैन और पेंडल चोरी कर लिया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी करीब 500 मीटर पैदल चले, फिर ऑटो से लगभग 2 किलोमीटर दूर हाईवे तक पहुंचे और वहां खड़ी अपनी लग्जरी कार में बैठकर फरार हो गए।
भोपाल में अगली वारदात की तैयारी, उससे पहले दबोचा
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पता चला कि गिरोह भोपाल में अगली वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस टीम ने भोपाल पहुंचकर घेराबंदी की और सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने देवास सहित आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी और जबलपुर में कुल 9 चैन चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। सभी चोरी गई 9 सोने की चैन भी बरामद कर ली गई हैं।
महिला श्रद्धालुओं को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह की महिला सदस्य भागवत कथा, प्रवचन, मेले, शोभायात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बनकर पहुंचती थीं। आरती, प्रसाद वितरण और भीड़भाड़ के दौरान महिलाओं के नजदीक जाकर बड़ी सफाई से उनके गले से सोने की चैन निकाल लेती थीं। वहीं पुरुष सदस्य निगरानी, परिवहन और चोरी के माल को ठिकाने लगाने का काम करते थे।
मोबाइल में मिली देशभर के धार्मिक आयोजनों की सूची
आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में देशभर में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की विस्तृत जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह इन आयोजनों में पहुंचकर महिलाओं के आभूषण चोरी करने की योजना बना रहा था। बरामद सूची के आधार पर संबंधित राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट किया जा रहा है।
जब्त मशरूका
- 9 सोने की चैन, वजन लगभग 156 ग्राम, कीमत करीब 26 लाख रुपए
- वारदात में प्रयुक्त टाटा हेक्सा कार, कीमत लगभग 20 लाख रुपए
- 6 मोबाइल फोन, कीमत लगभग 4 लाख रुपए
- 3,500 रुपए नकद
कुल बरामद संपत्ति : लगभग 50 लाख रुपए
गिरफ्तार आरोपी
जया, ज्योति, मग्मा, देवी, देवेंद्र, रवि एवं राहुल, सभी निवासी दक्षिण दिल्ली (मूल निवासी तमिलनाडु)।
अन्य अपराध भी दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, मुंबई और हरियाणा में चोरी एवं लूट के कुल 6 अन्य मामले भी दर्ज हैं।
















