शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर हुआ विवाद, चार आरोपियों पर केस दर्ज; रहवासियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मुखर्जी नगर में शराब के नशे में गाली-गलौज करने को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 10.15 बजे ईडब्ल्यूएस मुखर्जी नगर निवासी ईश्वर बैरागी कथित रूप से शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विजेंद्र मिश्रा और उनके बेटे राहुल मिश्रा ने उसे ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसके बाद ईश्वर बैरागी ने अपने परिचित गोविंद बैरागी, राहुल बलाई और अमन को बुला लिया। चारों ने राहुल मिश्रा के साथ कथित रूप से मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान गोविंद बैरागी ने चाकू से राहुल मिश्रा के सीने और पेट पर वार कर दिए, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची मोहल्ले की महिला कविता देवलिया के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घायल राहुल को परिजन उपचार के लिए एमजीएच लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।
चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
सिविल लाइन पुलिस ने ईश्वर बैरागी, गोविंद बैरागी, राहुल बलाई और अमन, सभी निवासी मुखर्जी नगर, देवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 109(1), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज किया है।
रहवासियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
घटना के अगले दिन 25 सितंबर को मुखर्जी नगर के रहवासी एवं समाजजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी पुनीत गहलोत को आवेदन सौंपा। आवेदन में रितीक बैरागी, पिता ईश्वर बैरागी, पर क्षेत्र में कथित रूप से अवैध शराब कारोबार, देह व्यापार सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों के संचालन और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए।
रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में बाहरी लोगों का जमावड़ा रहता है और पूर्व में भी संबंधित लोगों को समझाइश दी गई थी। आवेदन में 24 सितंबर की घटना में रितीक बैरागी की भूमिका होने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि दर्ज प्रकरण में उसका नाम शामिल नहीं है।
रहवासियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर रितीक बैरागी की भूमिका की जांच करने तथा क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी पुनीत गहलोत ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। रहवासियों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
