आरोपियों ने युवकों को शादी का झांसा देकर देवास की माता टेकरी पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होने की बात कहकर बुलाया, न शादी हुई न आरोपी मिले
देवास। अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी कराने का झांसा देकर युवकों से रुपये ऐंठने वाले एक शातिर गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों द्वारा कई युवकों को एक ही लड़कियों के फोटो भेजकर शादी का लालच दिया जाता था और एडवांस राशि के नाम पर ठगी की जाती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अभिषेक वर्मा ने थाना बैंक नोट प्रेस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके जीजाजी जितेन्द्र वर्मा निवासी सतपिपल्या, जिला सीहोर के माध्यम से उसकी पहचान विदिशा निवासी मुकेश दास बैरागी से हुई थी। आरोपियों ने स्वयं को अनाथ आश्रम की लड़कियों की शादी कराने वाला बताते हुए इंदौर स्थित एक अनाथ आश्रम की लड़कियों के फोटो भेजे और शादी तय कराने के नाम पर 25 हजार रुपये एडवांस मांगे।
फरियादी ने शादी की उम्मीद में 6 मई 2026 को फोन-पे के माध्यम से आरोपी के खाते में 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी सहित अन्य युवकों को 24 और 25 मई को देवास की माता टेकरी पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होने की बात कहकर बुलाया।
निर्धारित तिथि पर जब फरियादी अपने परिजनों के साथ देवास पहुंचा तो वहां पहले बस स्टैंड के पास एक धर्मशाला और बाद में राधागंज क्लब ग्राउंड पर बुलाया गया, लेकिन कहीं भी विवाह की कोई व्यवस्था नहीं मिली। इसी दौरान अन्य युवक भी वहां पहुंचे, जिन्होंने बताया कि उनसे भी शादी कराने के नाम पर इसी प्रकार रुपये लिए गए हैं और सभी को एक जैसी लड़कियों के फोटो भेजे गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बीएनपी में अपराध क्रमांक 312/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवास और इंदौर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से ठगी की रकम और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में पूछताछ कर रही है।
- गिरफ्तार आरोपी
- सुनीता पति मुकेश दास बैरागी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी, हाल महानीम चौराहा, विदिशा।
- मुकेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी, हाल महानीम चौराहा, विदिशा।
- दिनेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी, हाल महानीम चौराहा, विदिशा।
सराहनीय भूमिका : पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे, उप निरीक्षक रामलाल भगत, राहुल परमार, सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र गोदार, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, अनिल, आरक्षक संदीप, रोहित रोजड़े, महिला आरक्षक शिवानी कुशवाह, मोनिका एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की उल्लेखनीय भूमिका रही।
