किसानों ने भूमि अधिग्रहण के विरोध में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

देवास। उदयनगर तहसील के बोरखालिया किसानों की सिंचित जमीन पर कालिसिंध लिंक माइको उदवहन सिंचाई परियोजना का कार्य चल रहा है। जिसके अंतर्गत गांव के कुछ किसानों की भूमि को स्थानीय सरपंच, मंत्री, पटवारी एवं राजस्व अधिकारी द्वारा जबरन अधिग्रहण कर उन पर अत्याचार व अन्याय किया जा रहा है, जिसके विरोध में किसान मजदूर आदिवासी संगठन ने अध्यक्ष इंदर नेता के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री एवं मानव अधिकार आयोजन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में श्री राव ने बताया कि अनुसूचित जाति जनजाति के किसानों को स्थानीय प्रशासन द्वारा जबरन परेशान किया जाकर उनके खाते की डायरी मांगी जा रही है। जिससे किसान भयभीत और डरा हुआ है। गांव के 14 ऐसे किसान है, जहां पर परियोजना का कार्य होना है। किसानों को उनकी भूमि का पर्याप्त मुआवजा नही दिया जा रहा है। साथ ही परियोजना के अधिकारी उनसे कागजात की मांग कर रहे है। कागजात नही देने पर गरीब किसानो को डराया व धमकाया जा रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री, मानव अधिकार आयोग एवं जिला कलेक्टर से मांग की है कि हमें हमारी भूमि का 40 लाख प्रतिहैक्टर के अनुसार भूमि मुआवजा दिया जाए। हमारी भूमि सिंचित भूमि है। हम फसल उगाकर मेहनत व मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते है। उक्त समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाए, अन्यथा हमारें द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान हरिसिंह, रमेश, जलालसिंह, रामचंदर, बाला बाई, जगदीश, रामचंदर आदि अन्य किसान उपस्थित थे।