देवास। महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में पर्याप्त रूप से वाहन पार्किंग व्यवस्था होने के बावजूद कई वाहन अस्पताल परिसर में अस्त व्यस्त रूप से खड़े रहते है, जिससे मरीज के परिजनों एव अन्य लोगों को आने जाने व निकलने में काफी परेशानी के साथ एम्बूलेंस निकलने में भी दिक्कते आती है। सामाजिक कार्यकर्ता प्यारेलाल बंजारे ने बताया कि जिला चिकित्सालय में प्रवेश करते ही वाहन पार्किंग की व्यवस्था है, लेकिन अस्पताल में ऐसे कई लोग आते है जो नियमों की धज्जियां उड़ाकर वाहन को पार्किंग में न खड़े करते हुए अस्पताल परिसर में जिधर जगह दिखे वहां खड़ा कर देते है। वाहन की भरमार के कारण एम्बूलेंस, मरीजों को लेकर आने वाले वाहन, अस्पताल परिसर में स्थित दुकान में जाने के लिए काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में पार्किंग स्थल पर कार्य करने वाले लडक़ों द्वारा समझाईश दी जाने पर लडऩे के लिए उतारू तक हो जाते है। श्री बंजारे में जिला कलेक्टर एवं सीएमएचओं से मांग की है कि अस्पताल परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल बना हुआ है। वहीं पर ही वाहन खड़े करवाया जाए। सिर्फ एम्बूलेंस एवं अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर व कर्मचारी को ही परिसर में वाहन ले जाने की अनुमति दी जाए।
