• सोने की चैन व बाली ले उड़े अज्ञात, पुलिस जाँच में जुटी
देवास। शहर के बीच अलकापुरी में सोने चांदी के आभूषणों को चमकाने वाले दो लोगों ने एक बुजुर्ग महिला व उनकी नातिन को गुमराह करते हुए सोने के आभूषणों को चमकाने के लिए पानी गर्म करने के लिए कहा था, इसी बीच वह लोग आभूषण लेकर फरार हो गए। इस मामले को लेकर नानी और नातिन ने सिविल लाइन थाने में पहुंचे जहां अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं मामले को लेकर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके मुआयना किया साथ ही पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं।
आज सुबह करीब 11 बजे एक बुजुर्ग महिला रेशम वर्मा उम्र 70 वर्ष निवासी अलकापुरी के घर पर दो अज्ञात लोग पहुंचे थे। जिन्होंने महिला को सोने चांदी के आभूषण चमकाने के लिए एक पावडर विक्रय करने की बात कही, इस बीच दोनों अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग महिला से सोने की चेन व उनकी नातिन नेहाली वर्मा की कान की बाली ली व चमकाने की बात कही। इसी दौरान अज्ञात एक व्यक्ति ने नेहाली को पानी गर्म करने के लिए भेजा और दोनों सोने की चेन व बाली लेकर फरार हो गए।
बर्तन साफ करने के बहाने से ले उड़े आभूषण
इस मामले को लेकर नातिन नेहाली ने बताया कि दो लोग घर पर आए और पीतल और तांबा साफ करने को कहा जिस पर तांबे को बर्तन साफ कराकर उसे जाने को कहा था। उस दौरान उनकी नानी भी वहीं मौजूद थी। जिन्होनें उनकी चांदी की पायल को भी साफ कर दिया था। इसी बीच नेहाली वर्मा से सोने की बाली साफ करने को कहा और एक लिक्विड दिया था। जिसे साफ करने के लिए गर्म पानी कराने को कहा और एक प्लास्टिक की डिबिया में उनकी बाली और उनकी नानी की सोने की चेन को रख दिया, इसी बीच पानी गर्म करने को कहा जिस पर नेहाली वर्मा पानी गर्म करने गई और दोनों अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उन्होनें बताया कि नानी की सोने की चेन व उनकी कान की बाली दोनों का कुल वजन लगभग 3 तोला था।
वहीं इस मामले को लेकर सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।














