टोंकखुर्द (विकेश जैन)। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार एवं राज्य सरकारों के द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार व प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रभात कुमार मिश्रा व सचिव निहारिका सिंह के मार्गदर्शन में आजादी के अमृत महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर नगर परिषद में न्यायाधीश व अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति शिवचरण पटेल तथा न्यायाधीश श्वेता खरे ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रभात फेरी नगर परिषद से प्रारंभ होकर भगत सिंह ,रावला चौक ,फ्रीगंज, शक्तिमाता चौराह होते हुए प्रभात फेरी पुनः नगर परिषद पहुंची जहा प्रभात फेरी का समापन हुआ। प्रभात फेरी का नगर में पुष्प वर्षा से स्वागत विमल सांकला एवं नगर वासियों ने किया प्रभात फेरी में अधिवक्तागण,पी,एल,वी, स्वास्थ्य विभाग,पुलिस विभाग,महिला और बाल विकास विभाग,नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी तथा स्कूली बच्चे शामिल थे जो अपने विभागों की प्रचलित योजनाओं की तख्ती लिए प्रभात फेरी में चल रहे थे।न्यायाधीश पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली व मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार व प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व सचिव के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति दो अक्टूबर से 14 नवंबर तक आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अखिल भारतीय जागरूकता व प्रसार कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस दौरान तहसील व ग्राम स्तर पर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के सहयोग से विभिन्न विधिक जागरूकता शिविरों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही इन योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

















