देवास: मध्यप्रदेश के देवास जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शहर में संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ही रात में चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को दबोचा है। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें 14 देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
कैसे हुआ इस बड़े नेटवर्क का खुलासा?
देवास पुलिस अधीक्षक (SP) पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिरों से हथियारों की तस्करी की पक्की सूचना मिली थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। इस दौरान अंकित, साहिल, शुभम, इरफान और अक्षय नामक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सुनसान रास्तों से करते थे हथियारों की डिलीवरी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हथियारों की खरीद-फरोख्त का जुर्म कबूल किया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों से देसी पिस्टल सस्ते दामों में खरीदते थे और फिर उन्हें अन्य अपराधियों व गिरोहों तक ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। डिलीवरी के लिए ये गिरोह सुनसान रास्तों का चुनाव करता था और दोपहिया वाहनों के जरिए हथियारों की खेप पहुंचाई जाती थी।
करीब 4 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 14 देसी पिस्टल, 05 जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 2 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। बरामद किए गए इन अवैध हथियारों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी:
- अंकित रायकवार (22 वर्ष): निवासी जयभारत नगर, भेरुगढ़ (देवास)। इसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- साहिल वर्मा (24 वर्ष): निवासी माताजी मंदिर के पास, भैरूगढ़। इसके खिलाफ भी पूर्व में 2 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
- इरफान शेख (35 वर्ष): निवासी मिलरोड सिल्वर कॉलोनी, देवास।
- अक्षय शिंदे (23 वर्ष): निवासी 13/2 लक्ष्मीपुरा, देवास।
- शुभम पांचाल (29 वर्ष): निवासी विनायक ग्रीन सिटी, आगर रोड, उज्जैन।
पुलिस फिलहाल इन आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए पूछताछ जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में सीएसपी सुमित अग्रवाल, कोतवाली टीआई श्यामचंद्र शर्मा, एसआई जीवन भिडोरे, एसआई संजय वर्मा, साइबर सेल टीम और कोतवाली थाने के अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।
देवास पुलिस की आम जनता से अपील:
यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति अवैध हथियार रखता है, खरीदता या बेचता है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
