देवास(दीपक शर्मा) : कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला और पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह द्वारा वन विभाग की सूचना के आधार पर भूमाफ़िया व कुख्यात बदमाश नब्बू खां के द्वारा वन भूमि को क़ब्ज़े में कर दबंगता दिखाकर खेती करने व क़ब्ज़ा करने की जानकारी प्राप्त हुई थी जिस पर तत्काल कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा अनुविभागीय दंडाधिकारी शोभालाल सोलंकी व एसडीओपी राकेश व्यास को तत्काल वैधानिक कार्यवाही कर बदमाश भूमाफ़िया के क़ब्ज़े से वन भूमि मुक्त कराने हेतु निर्देशित किया गया था जिस तारतम्य में आज पुलिस की चार टीमें थाना प्रभारी बागली दीपक यादव, थाना प्रभारी हाटपिपलिया सज्जन सिंह मुकाती, थाना प्रभारी उदयनगर पतिराम डावरे तथा थाना प्रभारी कांटाफोड महेंद्र गौड़ की पर्याप्त पुलिस बल के साथ गठित कर मौक़े पर भूमाफ़िया नब्बू खां के क़ब्ज़े से ज़मीन मुक्त कराने हेतु भेजा गया व वन विभाग की ओर से कमलापुर बीट के रेंजर ब्रजेन्दर तिवारी वन विभाग के अमले के साथ मौजूद हुए ।
कमलापुर क्षेत्र के भूमाफ़िया व कुख्यात बदमाश नब्बू खां पिता लतीफ़ खाँ उम्र 40 वर्ष निवासी कमलापुर के द्वारा वन विभाग की 10 बीघा ज़मीन पर अतिक्रमण कर घर बनाकर खेती की जा रही थी मौक़े पर तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमाफ़िया के क़ब्ज़े से 10 बीघा ज़मीन जो 50 लाख रूपये क़ीमत है, को मुक्त कराकर वन विभाग के सुपुर्द किया गया । ज्ञात हो कि कुख्यात बदमाश नब्बू के विरूद्ध बलात्कार, हत्या के प्रयास, शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट, बलवा व वन भूमि में क़ब्ज़ा करने जैसे लगभग 22 अपराध थाना बागली में दर्ज हैं कुख्यात बदमाश नब्बू खां पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई है ।
कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला व पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह द्वारा बताया गया कि ज़िले में भूमाफ़ियाओं के विरूद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा ।














