योगी सरकार राम नगरी अयोध्या को देश के नक्शे पर एक अलग पहचान देने की कवायद में जुट गई है। सीएम योगी ने गुरुवार देर शाम को अयोध्या में होने वाले विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का प्रजेंटेशन देखा। बताया जा रहा है कि श्रीराम मंदिर निर्माण के पूरा होने से पहले ही अयोध्या को वैश्विक स्तर पर पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी को आधुनिकता और परंपरा के अद्भुत संगम के रूप में वैश्विक मानचित्र पर अंकित कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है, जिससे वह अन्य नगरों के लिए प्रेरणा स्रोत बने। रामनगरी के प्रतिष्ठित पंचकोसी, चौदह कोसी और चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े विकास कार्यों में ध्यान रखें कि श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करते हैं वहा उनकी सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाए। काम के लिए पैसे की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।














