मारपीट कर कार में बंधक बनाया, जान से मारने की धमकी देकर खाते से रुपये ट्रांसफर कराए
देवास। थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने वाहन चालक का अपहरण कर मारपीट एवं जबरन वसूली करने वाले दो आरोपियों को घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार फरियादी दीपेश सोनी (23) निवासी वृंदावन धाम कॉलोनी, रेती मंडी के पास, देवास ने 3 जून 2026 को थाना नाहर दरवाजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 1 जून की रात करीब 9:45 बजे वह अपनी लोडिंग वाहन सुपर कैरी से एबी रोड बायपास स्थित देवकर फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने गया था। सीएनजी भरवाकर बाहर निकलते समय पीछे से आई एक मारुति फ्रॉन्क्स कार ने उसके वाहन को टक्कर मार दी।
कार से उतरे दो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और वाहन क्षतिग्रस्त होने का हवाला देकर 20 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और वाहन की चाबी छीन ली तथा जबरन अपनी कार में बैठाकर विभिन्न स्थानों पर ले गए।
आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके फोन-पे खाते से 4,437 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे छोड़कर फरार हो गए।
फरियादी की शिकायत पर थाना नाहर दरवाजा में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP13AK0785 की पहचान हुई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिकेत सिंह ठाकुर एवं दीपेन्द्र सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार एवं मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- अनिकेत पिता विक्रम सिंह ठाकुर (26 वर्ष), निवासी देव महाराज मंदिर के पास, गोपालपुरा, थाना पार्वती, जिला सीहोर।
- दीपेन्द्र सिंह ठाकुर पिता लाखन सिंह ठाकुर (30 वर्ष), निवासी ग्राम गोपालपुरा, कुंडी-आष्टा रोड, थाना पार्वती, जिला सीहोर।
जब्त सामग्री : मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP13AK0785 (अनुमानित कीमत 9.56 लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन
