सतपुड़ा एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया बसंत पंचमी पर्व


विद्यार्थियों ने आहूतियां देकर लिया राष्ट्ररक्षा का संकल्प

देवास। तुलजा विहार स्थित सतपुड़ा एकेडमी में बसंत पंचमी पर्व बड़े हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर को तोरण द्वार, रंगोली से बड़े आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां पं. सचिन अवस्थी के आचार्यत्व में विद्यालय के नन्हें मुन्ने बच्चे, विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समिति पदाधिकारियों ने मां सरस्वती जी के चित्र का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद ग्रहण किया एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हवन कुण्ड में आहूतियां देकर राष्ट्र की समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया।

मां सरस्वती और भारत माता की जय-जयकार से विद्यालय परिसर गूंज उठा। नन्हें मुन्ने बच्चे पीले वस्त्र में सजधज कर आए जो आकर्षण का केंद्र रहे। भजन कीर्तन एवं महाआरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर संस्था संचालक भानूप्रतापंिसह सेंधव, प्राचार्य नरेश पंचोली सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं व समिति पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आरती उपाध्याय ने किया व आभार मुकेश पांडे ने माना।