देवास। पिछले दिनों अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी जी की मृत्यु को संदिग्ध बताते हुए सीबीआई जांच की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडित दिपेश कानूनगो के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन दिया गया। कानूनगो ने बताया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्रगिरी जी की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हुई है, जिससे पूरा समाज करोड़ों सनातन धर्म को मानने वाले, अखाड़ा परिषद के प्रति आस्था रखने वाले अनुयायियों को गहरा आघात पहुंचा है। इस मामले की जांच के लिए सीबीआई को इस मामले को सौंप देना चाहिए। जिससे कि निष्पक्ष जांच सामने आ सके एवं दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिले। वर्तमान समय में मंदिर, मठों के खेत की जमीन एवं संपत्ति बेची जा रही है, जो कि नियमों के विरुद्ध है। पिछले कई वर्षों से देश में मंदिर, मठों की संपत्ति के लिए साधु संतों की हत्याएं साजिश पूर्वक की जा रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए ताकि इस प्रकार का घटनाक्रम भविष्य में आगे ना हो। इस अवसर पर मुख्य रूप से पंडित रितेश त्रिपाठी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विक्रम पटेल, दिग्विजय सिंह झाला, विशाल यादव, विजय सिंह चौहान, सुनील शुक्ला, दीपेश हारोड़े, भावेश जोशी, रवि देवड़ा, अमन श्रीवास, राजेश कुमावत, अर्पित बैसवाल, हिमांशु कदम आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। ज्ञापन का वाचन हिम्मत सिंह चावड़ा ने किया ।














