नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं; हेल्थ केयर, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60+ के बीमार मरीजों को लगेगा टीका
देवास : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एमपी शर्मा ने बताया कि देवास जिले में कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला के निर्देशन में निरंतर कोविड-19 टीकाकरण कार्य किया जा रहा है मध्यप्रदेश सहित देवास जिले में बूस्टर डोज (प्रिकॉशन डोज) 10 जनवरी से लगाया जाएगा। सबसे अच्छी बात यह है कि पहले और दूसरे डोज की तरह इस बार कोविन ऐप पर नए रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। हां, अपॉइंटमेंट जरूर लेना होगा। हालांकि जिन सीनियर सिटीजन को बूस्टर डोज लगवाना है, वो सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर ऐसा कर सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनील तिवारी ने बताया कि 10 जनवरी से हेल्थ केयर वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स व 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोग जो को-मोर्बिड(अस्वस्थ) कंडीशन्स से पीड़ित हैं, को precaution डोज लगाया जाएगा। ऐसे लोग जो 9 माह पहले दूसरा डोज लगवा चुके होंगे, वे लोग 10 जनवरी से टीका लगवा सकता है। जिन लोगों को टीका लगाना है, वे सीधे किसी भी वैक्सीनेशन केंद्र में अपॉइंटमेंट ले सकते हैं या सीधे वहां पहुंचकर टीका लगवा सकते हैं। 60 साल और उससे अधिक आयु के नागरिकों को precaution डोज के लिए डॉक्टर से सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, ऐसे व्यक्तियों को तीसरी खुराक लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है।
कोविड-19 वैक्सीन की एहतियाती खुराक वही वैक्सीन होगी, जो पहले दो खुराक में दी गई थी। जिन लोगों ने पहले कोवैक्सिन लगी है, उन्हें कोवैक्सिन लगाई जाएगी, जिन्हें कोविशील्ड की दो खुराक मिली है, उन्हें कोविशील्ड ही लगाई जाएगी।
