मंगलवार रात को हुआ था विवाद, परिजन व रहवासियों ने किया था थाने का घेराव
देवास : कोतवाली थाना क्षेत्र के गजरा गियर्स चौराहे पर दो पक्षों में मंगलवार देर रात को विवाद हो गया था, जिसमे दोनों ही पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान सोनू भास्कर नामक युवक गंभीर घायल हो गया, घायल सोनू के सिर व मुँह पर चोट आने से उसे इंदौर के गोकुलदास हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था जहाँ गुरुवार शाम उसकी ईलाज के दौरान इंदौर में मौत हो गयी।
जानकारी अनुसार बताया जा रहा है कि गजरा गियर्स चौराहे के पास झुग्गी बस्ती में रहने वाले युवकों और जयसिंह नगर में रहने वाले युवकों के बीच मंगलवार की रात करीब 12 बजे विवाद हो गया था विवाद दौरान सोनू पिता नर्मदा भास्कर उम्र 22 वर्ष के साथ मारपीट कर डंडे से हमला किया था। जिससे सोनू गम्भीर घायल हो गया। सोनू भास्कर को गंभीर हालत के चलते इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया था। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात को शैलेश अहिरवार निवासी जयसिंह नगर की रिपोर्ट पर सावन शिंदे, सोनू भास्कर निवासी गजरा गेयर झुग्गी झोपड़ी के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। वहीं देवराम शिंदे निवासी इंदिरा नगर, गायत्री मंदिर के पास झुग्गी झोपड़ी की रिपोर्ट पर चचरे भाई शेखर और भरत के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
सोनू भास्कर के गंभीर हालत में इंदौर में भर्ती होने के चलते बुधवार को परिजनों के साथ रहवासियों ने कोतवाली थाने का घेराव कर दिया था। कोतवाली थाना प्रभारी उमराव सिंह और डीएसपी किरण शर्मा सभी लोगों को कलेक्टर परिसर में लेकर पहुंचे थे। जहां नाराज लोगों से चर्चा कर मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था तब जाकर मामला शांत हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच कर आरोपियों की तलाश कर रही है
