• भारत माता एवं महापुरुषों की वेशभूषा में बैंड की धुन पर निकले बच्चे
• विधायक मनोज चौधरी ने कहा हर घर पर तिरंगा लगे और हम उत्साह से मनाएं राष्ट्रीय पर्व
देवास। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत घर-घर तिरंगा अभियान को लेकर तुलजा विहार स्थित सतपुड़ा एकेडमी ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज चौधरी एवं पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने मां सरस्वती एवं भारत माता का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद अतिथियों, बच्चों एवं स्कूली स्टाफ ने भारत माता की महाआरती की। यहां महापुरुषों की वेशभूषा में सजेधजे बच्चों का विधायक श्री चौधरी एवं श्री सैंधव ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर विधायक श्री चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सतपुड़ा एकेडमी ने बहुत ही सुंदर रूप में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी भारतीयों से आह्वान किया है कि हर घर पर तिरंगा लगे, हम सब इस आजादी के महोत्सव को भव्य रूप में मनाएं। श्री सैंधव ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे महान अमर शहीदों के त्याग, तपस्या व बलिदान से ही हमें आजादी मिली है। हमारी आन-बान और शान का प्रतीक हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमें क्रांतिकारियों के बलिदान के साथ देश की आजादी का स्मरण कराता है। हमें तिरंगे का हर पल सम्मान करना चाहिए। तिरंगा हम सबके हृदय में बसना चाहिए, हमें भारतीयता पर अभिमान होना चाहिए।अतिथियों ने सभी नागरिकों, बच्चों व स्कूल स्टाफ से अपने-अपने घर पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात तिरंगा लहराकर अतिथियों ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। तिरंगा यात्रा में आगे-आगे बच्चे बैंड लेकर राष्ट्रीय धुन बजाते चल रहे थे। भारत माता, मां अहिल्या, झांसी की रानी, शहीद चंद्रशेखर, भगतसिंह, महात्मा गांधी, सुभाषचंद्र बोस, जाबाज सैनिक आदि की वेशभूषा के रूप में बच्चे शामिल थे। तिरंगा यात्रा स्कूल से प्रारंभ होकर आवासनगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पुन: स्कूल पहुंची। यात्रा का जगह-जगह नागरिकों ने स्वागत किया। तिरंगा यात्रा में सभी बच्चों के हाथों में तिरंंगा था, जहां बच्चे बड़े उत्साह के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे गगनभेदी जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। बच्चों में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। सभी बच्चों एवं स्टाफ ने अमृत महोत्सव के अंतर्गत अपने-अपने घर पर तिरंगा लगाने का संकल्प लिया। संस्था संचालक भानुप्रतापसिंह सैंधव ने कहा कि देशव्यापी अभियान घर-घर तिरंगा के अंतर्गत सतपुड़ा एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा तिरंगे के सम्मान में जन जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य अपनी मातृभूमि के प्रति देशभक्ति की भावना प्रकट करना था और लोगों तक ये संदेश देना था कि आजादी अमूल्य है, साथ ही “हर घर तिरंगा” यह भी समझाता है कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के माध्यम से सभी भारतीय एकता के सूत्र में बंध जाए। अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक श्री सैंधव व प्राचार्य नरेश पंचोली ने किया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।
