• देवास जिले के 200 यात्रियों को काशी-अयोध्या तीर्थ दर्शन का मिला मौका
देवास। कोरोना काल के बाद प्रदेश सरकार की महत्ती मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना पुन: प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा में देवास से काशी-अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन से पहला जत्था रवाना हुआ। काशी-अयोध्या जा रहे यात्रिओं का सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी और विधायक देवास श्रीमती गायत्री राजे पवार ने रेलवे स्टेशन पर पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम, तसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों के साथ आज गुरूवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत स्पेशल यात्रा ट्रेन जब देवास से काशी-अयोध्या के लिए रवाना हो रही थी तब यहां के रेल्वे स्टेशन पर माहौल भक्तिमय दिखाई दे रहा था। यात्रा पर गये सभी बुजुर्गों की काशी-अयोध्या के दर्शन करने की उनकी वर्षों की मनोकामना पूरी करने पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की है।
इस मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा ट्रेन में जिले के 200 ऐसे कई बुजुर्ग भी शामिल हुए जो वर्षों से काशी-अयोध्या की यात्रा का सपना संजोये थे लेकिन जीवन के उतार चढ़ाव व व्यस्तता के कारण यह पूरा नहीं हो पा रहा था।
तीर्थ यात्रियों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की पहल से हमें काशी-अयोध्या के दर्शन का अवसर मिल रहा है। हमारे वर्षों पुराने सपने अब पूरे हो रहे हैं और हम काशी-अयोध्या का दर्शन करने जा रहे हैं। हमारे जीवन में पुण्य कमाने का मध्य प्रदेश सरकार ने मौका दिया है।
काशी-अयोध्या के लिए ट्रेन रवाना हुई। इसमें देवास नगर निगम सीमा क्षेत्र के भी 55 तीर्थयात्री उत्साह के साथ तीर्थस्थल के लिए देवास रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए। रेलवे स्टेशन पर इन वरिष्ठों को विदा करने के लिए उनके परिजन भी आए थे। इधर नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान के निर्देशन में तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
कोरोना काल के बाद अब एक बार फिर मप्र शासन ने तीर्थ दर्शन योजना प्रारंभ की है और इसे लेकर वरिष्ठों में खासा उत्साह नजर आया। देवास रेलवे स्टेशन पर दोपहर एक बजे से ही तीर्थयात्री पहुंचने लगे थे। नगर निगम ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की। रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर में छांव के लिए नगर निगम ने टैंट भी लगाया। योजना में नगर निगम सीमा क्षेत्र के 55 तीर्थयात्री शामिल हैं। रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला से स्वागत नगर निगम उपायुक्त तनूजा मालवीय ने किया। इस अवसर पर तीर्थयात्री भावुक हो उठे और उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। निगम उपायुक्त श्रीमती मालवीय के सिर पर हाथ रखकर बुजुर्ग महिलाओं ने खूब आशीर्वाद दिया। निगम उपायुक्त श्रीमती मालवीय ने कहा कि वरिष्ठों की यह दिली इच्छा होती है कि वह अपने जीवनकाल में तीर्थदर्शन जरूर करें और उनकी यह इच्छा पूरी मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना से पूरी हो रही है। तीर्थ पर जाने वाले सभी वरिष्ठजन बेहद प्रसन्न हैं। इनके चेहरे पर अलग ही उत्साह नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार ने वरिष्ठों की सुलभ यात्रा के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई है। यह यात्रा 28 अप्रैल से 3 मई तक होगी।
