देवास। आर्थिक आधार पर आरक्षण, एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने एवं खाद-बीज के मूल्य पर नियंत्रण जैसी करीब 21 सूत्रीय मांगो के समर्थन में चल रही करणी सेना की स्वाभिमान यात्रा बुधवार को देवास पहुंची। जिसका नगर में जोरदार तरीके से क्षत्रिय राजपूत समाज के साथ अन्य सामाजिक संगठन एवं सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया।
भोपाल चौराहा से यात्रा ने बाइक रैली के रूप में नगर प्रवेश किया। इस यात्रा का नेतृत्व ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर कर रहे है । इस दौरान जगह-जगह विभिन्न समाज, राजनीतिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने मंच लगाकर यात्रा का पुष्पों से स्वागत किया।
यात्रा शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए मेढ़की स्थित वृंदावन गार्डन पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्रों के क्षत्रिय राजपूत समाजजन मौजूद रहे। 21 सूत्रीय मांगों को लेकर कल 8 जनवरी 2023 को भोपाल के जंबूरी मैदान में जन आंदोलन होगा। जीवन सिंह शेरपुर ने सभी समाजजनों से इस आन्दोलन में अपना सहयोग देने एवं 8 जनवरी को भोपाल चलने का आग्रह भी किया।
- • यह है 21 सूत्रीय मांग
- 1.आरक्षण का आधार आर्थिक किया जाए, ताकि समाज के हर वर्ग के गरीबों को आरक्षण का लाभ मिल सके। एक बार आरक्षण मिलने पर दोबारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया जाए।
- 2. SC, ST एक्ट में बिना जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगे।
- 3. EWS आरक्षण में भूमि व मकान की बाध्यता समाप्त कर 8 लाख की वार्षिक आय को ही आधार मानकर आरक्षण का लाभ दिया जाए।।
- 4. EWS आरक्षण में सभी भर्तियों में उम्र सीमा व अंकों में छूट दी जाए व 2018 की शिक्षक पात्रता परीक्षा की नियुक्तियों में इसे लागू किया जाए व म.प्र. में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को तुरन्त भरा जाए।
- 5. EWS के रिक्त पदों को इसी वर्ग से भरा जाए।
- 6. केन्द्र और राज्य की आने वाले सभी भर्तियों में सभी वर्गों को 2 वर्ष की अतिरिक्त छूट दे कर कोरोना काल की भरपाई की जाए।
- 7. सवर्ण आयोग की कार्यप्रणाली में सुधारकर उसे क्रियाशील बनाया जाए।
- 8. राज्य कर्मचारी आयोग की सिफारिश जिसमें कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु 65 वर्ष करने को कहा गया है, किसी भी परिस्थिति में अब कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु नहीं बढ़ाई जाए।
- 9. क्षत्रिय महापुरुषों के इतिहास में छेड़छाड़ को तुरन्त रोका जाए, इतिहास संरक्षण समिति बने ताकि समाज में आपसी तालमेल बना रहे।
- 10. गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए व सरकार गौशालाओं के स्तर में सुधार करें, गोबर व गौमूत्र को सरकारी स्तर पर खरीदने की व्यवस्था करें ताकि गौ-पालन से रोजगार के अवसर भी बढ़े।
- 11. पद्मावत फिल्म के विरोध में दर्ज प्रकरण वापस लिए जाए।
- 12. कर्मचारियों की पेंशन पुनः चालू की जाए।
- 13. SC, ST एक्ट की तर्ज पर सामान्य पिछड़ा एक्ट बने जो सामान्य पिछड़ा वर्ग के हितों की रक्षा करे व कानूनी सहायता प्रदान करे।
- 14. मप्र. की भर्तियों में यहां के युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों का कोटा सीमित हो।
- 15. कर्मचारियों को दी जा रही पदोन्नति के साथ उन्हें उसके साथ अधिकार व सुविधा भी दी जाए।
- 16. रोजड़ा (घोड़ा रोज) से प्रदेश के कई क्षेत्रों के किसान परेशान है इसमें निजात दिलाने के लिए उचित कार्य योजना बनाई जाए।
- 17. किसानों के हित में स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों का लागू किया जाए ताकि किसानों को उपज का सही मूल्य मिल सके व रासायनिक खादों की बढ़ती कीमत पर अंकुश लगाया जाए।
- 18. सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करे रोजगार की व्यवस्था नहीं होने तक बेरोजगार भत्ता प्रदान करे।
- 19. खाद्यान्न (रोजमर्रा की चीजें ) को GST से मुक्त किया जाए तथा बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाई जाए।
- 20. अतिथि शिक्षकों, रोजगार सहायकों व कोरोना काल में सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को नियमित नियुक्ति प्रदान की जाए।
- 21. सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली में सुधार कर शिक्षा का स्तर प्राइवेट स्कूलों की भाँति किया जाए ताकि छात्र प्राइवेट स्कूलों की तरफ ना भागे व प्राइवेट स्कूलों की फीस पर नियंत्रण रखने हेतु एक कमेटी बनाई जाए।
