देवास। वन परिक्षेत्र देवास में एक वर्ष से फरार कुख्यात चंदन तस्कर को वन्य प्राणीयो का शिकार एवं चंदन की तस्करी करते हुए नागदा जंगल से गिरफ्तार किया गया है।
वन संरक्षक पी एन मिश्रा के निर्देशन में वन मंडल देवास में वन अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत वन परिक्षेत्र अधिकारी डी एस चौहान के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र देवास की बरोठा बीट में मोटरसाइकल द्वारा चंदन की तस्करी करते हुए एक आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल क्रमांक एम.पी.41 एमटी 4322 एवं 60 किलोग्राम वजन की 13 नग चंदन लकड़ी जप्त किया गया था। जिसमें आरोपी मौके से फरार हो गया था। जिसकी एक वर्ष से तलाश की जा रही थी। बीते 28 दिसंबर को मुखबिर की सूचना पर वन भ्रमण के दौरान रात को नागदा बिट के जंगल में जाल एवं फंदा डालकर शिकार की टोह में बैठा फरार आरोपी संतोष पिता लालू निवासी जगदीशपुरा देवास को मोके पर पकड़कर तीन नग जाल एक मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 41 एमएन 8148 तथा छह नग चंदन जिसका वजन 11.500 किलोग्राम था और 2 कुल्हाड़ी, 2 दराता, कुल मूल्य लगभग 1,00,000 का सामान जब्त किया है।
आरोपी के खिलाफ प्रकरण 2022 पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
ज्ञात हो कि नागदा जंगल में 15 दिवस पूर्व में तेंदुआ विचरण करते हुए बीट गार्ड नागदा द्वारा प्रत्यक्ष रूप से देखा गया था, उसी स्थल के पास आरोपी शिकार के लिए घात लगाकर बैठा था जो कि काफी संवेदनशील था समय पर कुख्यात आरोपी को पकडऩे पर वन्य प्राणी का शिकार नहीं हो पाया।
