Dewas: जिले में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 209 मतदाता अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर होंगे सम्‍मानित

• उपस्थित होने में असक्षम मतदाता के घर जाकर किया जायेगा सम्मानित

देवास। उप जिला निवार्चन अधिकारी देवास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार 100 वर्ष या उससे अधिक के वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान ‘’आजादी के अमृत महोत्सव’’ अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 1 अक्टूबर को किया जायेगा। जिले में कुल 209 मतदाताओं को शॉल, श्रीफल, सम्मान-पत्र एवं पुष्पहार से सम्मानित किया जायेगा। जिला मुख्यालय पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 01 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त नई दिल्ली वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्‍यम से संबोधित करेंगे।
सम्मान समारोह जिले की समस्त विधानसभा अंतर्गत संबंधित मतदान केंद्रो पर आयोजित होगा। ऐसे मतदाता जो समारोह स्थल पर उपस्थित होने के लिए सक्षम होंगे उन्हें मतदान केंद्र पर तथा ऐसे मतदाता जो उपस्थित होने में सक्षम नहीं होंगे उन्हें उनके निवास पर बी.एल.ओ. तथा अन्य सहायक कर्मचारी द्वारा घर जाकर सम्मानित किया जायेगा।