देवास। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से फार्मा, लाजिस्टिक पार्क, खाद्य प्र-संस्करण, आयरन एण्ड स्टील तथा प्लास्टिक के क्षेत्र में कार्यरत उद्योग समूहों ने बीते दिनों मंत्रालय में भेंट कर प्रदेश में निवेश और इकाइयों के विस्तार के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री चौहान से टीवीएस इंडस्ट्रीज एण्ड लॉजिस्टिक्स पार्क के सीईओ श्री रामनाथ सुब्रमण्यम और रीजनल हेड श्री कुशल मोतियानी ने देवास और पीथमपुर में 250 करोड़ रुपए की लागत से इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की। पार्क से लगभग 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फार्मा क्षेत्र में इप्का लेबोरेट्रीज के मेनेजिंग डायरेक्टर श्री अजित कुमार जैन ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से भेंट कर देवास में 470 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित हो रही फार्मा इकाई के बारे में बातचीत की। इस इकाई में लगभग 700 लोगों को रोजगार मिलेगा।
इसी क्रम में बैरलोकर इंडिया ऐडिटिव्स के श्री ज्येन मोदी और श्री अंकुर कुमार ने देवास में 316 करोड़ रूपए के निवेश से पीवीसी स्टेबलाइजर इकाई की स्थापना पर बातचीत की। इकाई से लगभग 150 लोगों को रोजगार मिलेगा।
