दो प्रतिष्ठानों से 124 किलो एनालॉग मावा और 6 क्विंटल से ज्यादा मिठाई जब्त, जोधपुर स्वीट्स का गोदाम सील, न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर भी हुई कार्रवाई
देवास। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ प्रशासन और खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार रात शहर के दो प्रतिष्ठानों पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में एनालॉग मावा और उससे तैयार मिठाइयां जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स के मिठाई गोदाम को सील कर दिया गया।
नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले नई आबादी क्षेत्र स्थित न्यू स्वदेशी मिठाई की दुकान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान यहां करीब 52 किलो एनालॉग मावा मिला। टीम ने मावे को जब्त कर सील करने की कार्रवाई की।
इसके बाद टीम भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स के मिठाई गोदाम पहुंची। यहां त्योहार के लिए मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। जांच के दौरान करीब 70 किलो एनालॉग मावा पैकेट में मिला। इसके अलावा तैयार रखी करीब 650 किलो मिठाइयां भी टीम ने जब्त कर लीं।
बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर प्रशासन ने पूरे स्टॉक को सील कर दिया तथा मिठाई गोदाम को भी सील कर दिया। नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि जब्त की गई मिठाइयों को जल्द ही नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
गौरतलब है कि मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नकली मावा और पनीर के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि यदि कहीं एनालॉग पनीर पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। त्योहारों को देखते हुए उन्होंने खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए थे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। खाद्य विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
एनालॉग मावा क्या होता हैं : एनालॉग मावा असली दूध से बने पारंपरिक मावे का कृत्रिम/वैकल्पिक रूप होता है। इसमें दूध की जगह या दूध के साथ वनस्पति वसा, मिल्क पाउडर, स्टार्च आदि जैसी सामग्री का इस्तेमाल करके मावे जैसी बनावट तैयार की जा सकती है।
