Dewas : राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा व मुख्यमंत्री चौहान कल आएंगे देवास, परेड ग्राउंड में होगा कार्यक्रम

देवास : मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष बीजेपी जेपी नड्डा कल 8 मार्च को देवास आएंगे। कल परेड ग्राउंड में प्रदेश स्‍तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसका लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में पंचायत स्‍तर तक होगा।

मुख्‍यमंत्री चौहान और राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष बीजेपी नड्डा देवास के परेड ग्राउंड में पोषण आहार केंद्र का संचालन स्‍व-सहायता समूह को सौपेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के अन्‍य पोषण आहार केंद्र का संचालन भी स्‍व-सहायता समूह को सौपा जायेगा। मुख्‍यमंत्री चौहान प्रदेश के स्‍व-सहायता समूहों को सम्‍बोधित कर उनसे चर्चा भी करेंगे। कार्यक्रम में स्‍व-सहायता समूह की दीदियां, आंगनवाडी केन्‍द्र की कार्यकर्ता और सहायिका भी शामिल होगी। कार्यक्रम में स्‍व-सहायता समूहों द्वारा उत्‍पादों की प्रदर्शनी लगाई जायेगी। साथ ही विभिन्न आयोजन होंगे।

देवास विकासखंड के ग्राम खटाम्बा में स्थित पोषण आहार केंद्र पर निर्मित पोषण आहार प्रदेश के 9 जिलों में बनाकर भेजा जाता है। इस पोषण आहार का टर्न ओवर सालाना करीब 10 करोड़ रूपये का होता है। पोषण आहार केंद्र पर एक माह में 1500 मैट्रिक टन की क्षमता से गुणवत्ता पूर्ण पोषण आहार तैयार किया जाता है। इस पोषण आहार केन्‍द्र का संचालन मुख्‍यमंत्री चौहान स्‍व सहायता समूह को सौपेंगे।