• जिले के सभी एसडीएम और सीएमएचओ का एक-एक माह का वेतन रोकने के दिये निर्देश
देवास। समयसीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कवचे, सहायक कलेक्टर श्री टी प्रतीक राव सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर श्रम अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी का एक माह का वेतन काटने और एक वेतन वृद्धि रोकने, ईई पीडब्ल्यूडी श्री मनीष मरकाम का एक माह का वेतन काटने, सिविल सर्जन एस के खरे का एक माह का वेतन काटने, सीएमओ काटांफोड़ श्री नंदलाल पाटीदार का एक माह का वेतन काटने, सतवास के सब इंजीनियर श्री महेश सोनी का एक माह का वेतन काटने, महिला बाल विकास की परियोजना अधिकारी (बागली घाट ऊपर) श्रीमती अनिता तिवारी का एक माह का वेतन काटने एवं परियोजना अधिकारी (बागली घाट नीचे) सुश्री अदिति सिंह का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर जिला संयोजक श्री विवेक नागवंशी एवं उप संचालक उद्यानिकी पंकज शर्मा का तीन-तीन दिन का वेतन काटने, प्रभारी तहसीलदार देवास श्रीमती पूनम तोमर का चार दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर एसडीएम देवास श्री प्रदीप सोनी, एसडीएम बागली श्री शोभाराम सोलंकी, एसडीएम कन्नौद श्री अभिषेक सिंह, एसडीएम खातेगांव श्री प्रवीण प्रजापति, एसडीएम सोनकच्छ श्री संदीप शिवा का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर सीएमएचओ डॉ एमपी शर्मा का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण कर रैंक सुधारने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को अगले लेवल में न जाने दें, पहली प्राथमिकता रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। 100 दिवस से अधिक लम्बित शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से संतुष्टि पूर्वक करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें। सभी शिकायतें शत-प्रतिशत निराकृत करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि टीएल प्रकरणों एवं समाधान ऑनलाइन शिकायतों पर कार्यवाही कर समय-सीमा में निराकण करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिये कि विभागों द्वारा संचालित छात्रावास एवं स्कूलों की खसरों में एन्ट्री करायें। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के छात्रावासों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। जिले के सभी छात्रावासों में सामग्री स्व-सहायता समूह के माध्यम से ही खरीदें। जिन ग्रामों में नल-जल योजना से पानी मिल रहा है, वहां पर शतप्रतिशत वाटर टैक्स कलेक्शन का कार्य स्व-सहायता समूह की महिलाओं से करायें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि मत्स्य पालन के लिए यूजर ग्रुप बनाये, मत्स्य पालन के लिए प्रशिक्षण दें। जिले में जिन तालाबों में दिसम्बर तक पानी रहता है, उनमें मत्स्य पालन कार्य किया जाना है। देवास जिले से बाहर रहने वाले नागरिक जिनकी भूमि देवास में है, उन्हें बांस की खेती के लिए प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सांची पाईंट और आंगनवाडी केन्द्र के लिए आवांटित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करें। ‘’मेरा स्कूल स्मार्ट स्कूल’’ अभियान में प्राप्त किताबे और खिलौने सूची बनाकर स्कूलों में लाईब्रेरी के लिए वितरित करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि ‘’मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’’ पात्र महिला हितग्राहियों के खाते खोलने एवं आधार से खातों को जोड़ने के लिए विकासखण्ड स्तर पर कैंप लगाये जो रहे है। कैंप में पात्र महिलाओं का शत प्रतिशत खाते खोलने एवं आधार से खातों को जोड़ने की कार्यवाही करें। योजना में मध्यप्रदेश की 23 से 60 वर्ष के मध्य की पूर्ण करने वाली विवाहित महिला को लाभ मिलेगा। प्रत्येक पात्र महिला को 01 हजार रूपये प्रतिमाह के मान से राशि सीधे उसके आधार लिंक्ड डीबीटी इनेबल्ड बैंक खाते में जमा की जायेगी।
बैठक के बाद जिला कोषालय अधिकारी सुश्री नेहा कलचुरी ने मध्य प्रदेश भण्डार क्रय नियम में हुए संशोधन के संबंध में प्रजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी।
