• कार्य में लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर
देवास। कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभिन्न विभागों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि एलडीएम अहसान अहमद द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण समय पर नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एलडीएम अहसान अहमद को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में गुप्ता ने कहा कि सभी अधिकारी विभागीय कार्य को समय सीमा में गंभीरता से करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण कर अधिकारीगण विभाग की रैंक सुधारें कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण अभियान चलाकर करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को अगले लेवल में ना जाने दें, पहली प्राथमिकता रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण करें तथा विभागीय रैंक सुधारें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें। शिकायतें एल-02 पर ना पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखे। सभी शिकायतें शत-प्रतिशत निराकृत हों, कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिये कि 50 दिवस से अधिक लम्बित शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से संतुष्टि पूर्वक करें। समय-सीमा संबंधी प्रकरणों को भी शीघ्र निराकृत करें। बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि समय सीमा संबंधी बैठक में जो निर्देश दिए जाते हैं उनका पालन करते हुए पोर्टल पर दर्ज करें। पोर्टल पर दर्ज करते हुए उसका संक्षिप्त विवरण भी डाले। समय सीमा बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी जिला अधिकारी ‘’उत्तरा पोर्टल’’ को नियमित रूप से देखे। टीएल संबंधी प्रकरण समय-सीमा में निराकृत करें। अधिकारी टीएल बैठक में पूरी जानकारी के साथ ही आये।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने खाद्यान्न वितरण प्रणाली को दुरूस्त करने के निर्देश खाद्य अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण के पात्र हितग्राहियों की ई-केवासी तथा आधार फीडिंग का कार्य समय सीमा में पूर्ण कर लें। जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को राशन दुकान से समय-सीमा में राशन मिलें तथा उन्हें परेशानी न हो इसका ध्यान रखें। उन्होंने प्रायमरी स्कूलों के बच्चों के लिए मूंग वितरण की समीक्षा की और निर्देश दिए कि मूंग वितरण का कार्य समय सीमा में कर लें तथा उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के सिविल अस्पताल, आंगनवाड़ी तथा स्कूलों का निरीक्षण करें बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाले सिविल अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल, राशन दुकान का सप्ताह में एक बार निरीक्षण करें तथा उसकी रिपोर्ट भेजे। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा की। जिसमें पाया गया कि कुछ लाड़ली लक्ष्मियों की समग्र आईडी अभी तक नहीं बन पाई है। उन्होंने निर्देश दिए कि लाड़ली लक्ष्मी की हितग्राहियों तथा पोषण आहार के पात्र हितग्राहियों की समग्र आईडी प्राथमिकता से बनाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने खाद एवं यूरिया की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिले में खाद एवं यूरिया किसानों को पर्ची के हिसाब से वितरण करें। उन्होंने कहा कि जो किसान समिति के सदस्य नहीं है वे डबललॉक सेंटर से नगद क्रय कर सकते हैं। जिले में जो भी व्यक्ति ब्लैक में खाद बेचते पाया जाए तो उस पर कार्रवाई करें। खातेगांव-बागली अपने क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए जमीन चिंहित करें बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने खातेगांव-बागली के अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए अपने क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए जमीन चिंहित कर उसकी आवंटन की प्रक्रिया करें। बैठक में आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में लगातार अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाएं।
