Dewas: हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मना स्‍वतंत्रता दिवस

देवास। देवास जिले में बारिश की अमृत बूंदो के साथ उत्‍साह से आजादी का अमृत महोत्‍सव का हुआ आयोजन। जिले में स्‍वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में खेल एवं युवा कल्‍याण, तकनीकि शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने ध्वजारोहण कर सलामी ली।

प्रभारी मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने सुसज्जित सफेद जिप्सी पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। जिप्सी में कलेक्‍टर चन्‍द्रमौली शुक्‍ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह उनके साथ थे।

परेड निरीक्षण उपरांत मुख्‍य अतिथि प्रभारी मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद सशस्त्र बलों द्वारा तीन बार हर्ष फायर किए गए। हर्ष फायर उपरांत परेड कमांडर जगदीश पाटिल के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड उपरांत मुख्‍य अतिथि प्रभारी मंत्री श्रीमती सिंधिया ने परेड कमाउंडरों से परिचय प्राप्त किया गया। मार्च पास्ट के उपरांत मुख्‍य अतिथि श्रीमती सिंधिया ने रंग बिरंगे गुब्बारों को खुले आसमान में छोड़ा।

कार्यक्रम में अनेक राजनेता, जिला अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण, पत्रकारगणों के अलावा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी ने किया।

• शस्‍त्र सहित परेड में जिला महिला पुलिस बल को मिला प्रथम पुरस्‍कार

शस्‍त्र सहित परेड में जिला महिला पुलिस बल देवास को प्रथम, सीआईएसएफ देवास को द्वितीय, एसएफ बटालियन उज्‍जैन को तृतीय तथा नगर सेवा बैंड को प्रोत्‍साहन पुरस्कार मिला।

• शस्‍त्र रहित परेड में के.पी. कॉलेज देवास को मिला प्रथम पुरस्‍कार

शस्‍त्र रहित परेड में के.पी. कॉलेज देवास को प्रथम, नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक को द्वितीय, चिमाना बाई स्‍कूल को तृतीय पुरस्कार मिला।

• सांस्‍कृतिक कार्यक्रम में उत्‍कृष्‍ट स्‍कूल देवास को मिला प्रथम पुरस्‍कार

सांस्‍कृतिक कार्यक्रम में उत्‍कृष्‍ट स्‍कूल देवास को प्रथम, चिमना बाई स्‍कूल को द्वितीय, नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक को तृतीय पुरस्कार मिला। मुख्य समारोह में सुश्री आयुषी चौहान तलवार बाजी के लिए पुरस्‍कृत किया गया।

• जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी हुए सम्मानित

मुख्य समारोह में प्रतिभावान तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। स्‍वतंत्रता दिवस पर जिले में विकासखण्‍ड, तहसील, नगर परिषद तथा ग्राम पंचायत स्‍तर पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।