Night Curfew : मध्यप्रदेश में आज से नाईट कर्फ्यू लागु

प्रदेश में अब रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा कर्फ्यू

देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच मध्य प्रदेश मे सीएम शिवराज ने खुद जनता के नाम अपने संबोधन में प्रदेश भर में आज से नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है प्रदेश में नए कोरोना वैरिएंट का एक भी मामला नहीं होने के बावजूद मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने गुरुवार को नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा कर दी। प्रदेश में अब रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंदिशें लागू रहेंगी।आगामी आदेश तक यही व्यवस्था बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार शाम को जनता के नाम संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कई महीनों बाद कोरोना के 30 नए प्रकरण मिले हैं। पूरे देश में 7,495 पॉजिटिव केस आए हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली में एक सप्ताह से पॉजिटिव केस में लगातार वृद्धि हो रही है। कल महाराष्ट्र में 1201, गुजरात में 91 और दिल्ली में 125 नए प्रकरण सामने आए हैं। हम सब जानते है कि इन राज्यों से मध्य प्रदेश में आना-जाना लगातार बना रहता है। पूर्व के अनुभव बताते हैं कि महाराष्ट्र में केस बढ़ने लगे, फिर गुजरात में बढ़े। उसके बाद मध्य प्रदेश में लगातार केस बढ़े।

पहली लहर और दूसरी लहर में ऐसा ही हुआ। दूसरी लहर में जो कष्ट हमने झेले हैं, उसे हम नहीं भूल सकते। दोनों लहरों की शुरुआत इंदौर-भोपाल से ही हुई। इंदौर-भोपाल में साप्ताहिक प्रकरण नवंबर के मुकाबले दिसंबर में लगभग तीन गुना हो गए है।

शिवराज बोले कि कोरोना ने स्वरूप बदला है। ओमिक्रॉन के रूप में कोरोना 16 राज्यों में पहुंच गया है। इस आशंका से इनकार नहीं कर सकते कि मध्य प्रदेश में भी ओमिक्रॉन के केस जल्दी आ जाएं। पूरी दुनिया का अध्ययन करें तो ओमिक्रॉन बहुत तेजी से फैलता है। इंग्लैंड में एक लाख केस प्रतिदिन आ रहे हैं। अमेरिका में ढाई लाख केस प्रतिदिन आ रहे हैं। इन कारणों से लगता है कि यह सही समय है। हम सचेत हो जाएं। कोविड की तीसरी लहर को आने से रोकें।