Dewas देवास-इंदौर-उज्जैन-धार को मिलाकर बनेगा महानगर

• मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में बनने वाले एथलेटिक्स ट्रेक का किया वर्चुअल भूमिपूजन

देवास। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि देवास में दो देवियों का वास है। देवास पर माता जी की कृपा है। कुमार गंधर्व ने नक्षत्र की तरह आभा बनाई है और देवास का गौरव बढ़ाया है। उन्‍होंने कहा कि देवास-इंदौर-उज्जैन-धार को मिलाकर महानगर बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिससे सबसे ज्‍यादा लाभ देवास को होगा। देवास के विकास के लिए देवास के चारों ओर फोर लाइन सड़के बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह बात देवास में बनने वाले एथलेटिक्स ट्रेक का वर्चुअल भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देवास में कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में 9 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एथलेटिक्स ट्रेक का वर्चुअल भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि देवास के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में उपलब्धि हासिल कर रहे है। देवास के कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम और तुकोजीराव पवार स्टेडियम है, जिसका देवास के खिलाडियों को लाभ मिल रहा है। खिलाडियों को बेहतर सुविधाएं मिले इसलिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है।

विधायक श्रीमती पवार ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में 400 मीटर का 08 लेन एथलेटिक्स ट्रेक का 09 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से निर्माण होगा। जिसमें 09 करोड़ 18 लाख रूपये से ट्रेक निर्माण होगा और 26 लाख रूपये के जिम उपकरण शामिल है। देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने कहा कि आज देवास के खिलाडियों के लिए बहुत बड़ा दिन है। आज देवास के खिलाडियों को एथलेटिक ट्रैक की सौगात मिल रही है। एथलेटिक ट्रैक की मांग बहुत लंबे समय से की जा रही थी। उन्‍होंने देवास के सैकड़ो खिलाड़ियों की तरफ से मुख्‍यमंत्री डॉ यादव को धन्यवाद दिया और विधायक श्रीमती पवार ने एथलेटिक्स ट्रेक के दोनों ओर पवेलियन बनाने की मांग भी की।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने स्‍वर्गीय तुकोजीराव पवार को याद करते हुए कहा कि उनकी जन्म जयंती पर देवास के खिलाडियों को इतनी बड़ी सौगात मिल रही है। स्‍वर्गीय तुकोजीराव पवार ने देवास के विकास के लिए बहुत से कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार की एथलेटिक्स ट्रेक के दोनो ओर पवेलियन की मांग पर कलेक्‍टर को सीएसआर फंड से पवेलियन कार्य करने के लिए कहा। उन्‍होंने कहा की देवास के विकास के लिए कोई कसर नहीं छो‍डी जायेगी और भी कुछ आवश्‍यकता होगी तो प्रदेश सरकार उसको पूर्ण करेगी।

इंदौर अग्निकांड : लड़की की बेवफाई के कारण युवक ने लगाई थी युवती की स्कूटी में आग बिल्डिंग तक भभकी, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर : शुक्रवार देर रात इंदौर के विजयनगर क्षेत्र के स्वर्णबाग की 2 मंजिला में भीषण आग लगने के कारण 7 लोगों की मौत हो गयी। जांच के दौरान पता चला कि एक युवती के प्रेमी ने आग लगाई थी, पार्किंग में रखी गाड़ियों से भभकी आग ने पूरी इमारत को चपेट में ले लिया और दो महिलाओं सहित पांच पुरुषों की जलने एवं दम घुटने से मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने वाले सिरफिरे प्रेमी को देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

शनिवार दोपहर तक पुलिस और एफएसएल विशेषज्ञ आग की वजह शार्ट सर्किट को मान कर जांच करते रहे, लेकिन दोपहर बाद सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि कालोनी में रहने वाले संजय नामक युवक ने एक युवती के स्कूटर में आग लगाई थी। इसी इमारत में रहने वाली एक युवती से संजय का प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन कुछ दिनों से उनकी अनबन चल रही थी। आरोपित युवक द्वारा मीडिया को दी गई जानकारी अनुसार युवती ने आरोपित से खूब पैसे खर्च करवाए और युवक ने भी युवती की हर ख्वाइश पूरी करने की कोशिश की परंतु बाद में पता चला की युवती बेवकूफ बना रही थी वह कई और लोगो के साथ ऐसा ही कर रही थी। जिसके बाद आरोपित ने युवती से बात न करने की ठान ली परंतु युवती आरोपित के पीछे ही पड़ गई थी। युवती की इस बेवफाई से नाराज़ होकर आरोपित ने युवती की स्कूटी की सीट जलाने का प्लान बनाया।
जिसके बाद आरोपित संजय ने रात ठीक 2.54 बजे इमारत में प्रवेश किया और वहां खड़ी एक गाड़ी से बोतल में पेट्रोल निकाला। 3.01 बजे उसने गाड़ी में आग लगाई और फिर सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने का प्रयास किया। उसने मीटर से भी छेड़छाड़ की और थोड़ी देर बाद बाहर निकल गया। परंतु उसने यह नही सोचा था की इतनी घटना बड़ी घटना घटित हो जायेगी।

पुलिस ने आरोपी संजय दीक्षित के मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस कर आरोपी को निरंजनपूर इलाके के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जब संजय को गिरफ्तार करने गई तो वह भागा जिसमें उसके हाथ पैर में भी चोट आई है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को एमवाय अस्पताल लेकर उसका उपचार करवाया।

देवी अहिल्या बाई अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट में सुविधाओं का विस्तार जरूरी

मंत्री श्री सिलावट ने नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया को पत्र लिखा

देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट इन्दौर में सुविधाओं के विस्तार के लिये जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है। मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि देवी अहिल्या बाई होल्कर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट में यात्रियों की सुविधाओं और भविष्य की आवश्यकता की पूर्ति किया जाना आवश्यक है।
मंत्री श्री सिलावट ने अनुरोध किया है कि बोईंग बी-777 एवं बोईंग बी-747 आदि बड़े एयर क्राफ्ट के लिए चार हजार मीटर तक के रनवे की लम्बाई को विस्तारित किया जाना है। यह सुविधा इन्दौर एयरपोर्ट पर उपलब्ध होने से इन्दौर में विदेशी यात्रियों का आवागमन/संचालन किया जा सकेगा। इन्दौर मध्यप्रदेश का पहला अधिसूचित विमान तल है, जिसके भविष्य के विकास के लिए यह कार्य किये जाने आवश्यक है। एयरस्ट्रिप को चार हजार मीटर तक बढ़ाने के लिए भूमि आवंटन / अधिग्रहण की कार्यवाही प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गयी है।

नवीन टर्मिनल भवन की मांग
नवीन टर्मिनल भवन, कन्ट्रोल टॉवर एवं नवीन फायर स्टेशन का निर्माण किया जाना है। नवीन टर्मिनल भवन, वर्तमान कार्यरत टर्मिनल भवन से लगकर पार्किंग स्थल पर जल्दी बनाया जाना आवश्यक है क्योंकि वर्तमान टर्मिनल भवन वर्ष में 40 लाख यात्रियों की क्षमता का है। इस कार्य हेतु इंदौर में 32 लाख यात्री का ट्रैफिक एक वर्ष में हो चुका है। इस हेतु पास की 20. 48 एकड़ भूमि राज्य शासन द्वारा आवंटित की जा चुकी है।

मल्टीलेवल कार पार्किंग का हो निर्माण
मंत्री श्री सिलावट ने मेट्रो स्टेशन के साथ 20.48 एकड़ भूमि के विकास में मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं दो प्रवेश एवं दो निकासी द्वार के निर्माण को आवश्यक बताया है। पुराने टर्मिनल भवन में एक व्ही.आई. पी. टर्मिनल बनाने का अनुरोध राज्य शासन की ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी में लम्बित है। इससे इंदौर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री एवं अन्य व्ही.आई.पी. के आने-जाने की व्यवस्था मुख्य टर्मिनल से पृथक से सुव्यवस्थित हो सकेगी। इसी पुराने टर्मिनल के आधे भाग पर कार्गो टर्मिनल को बढ़ाये जाने पर भी कार्य किया जाना है।

अंतर्राष्ट्रीय लॉजिस्टिक हब बने
एयरपोर्ट से 25 किलोमीटर दूर धार रोड पर राज्य औद्योगिक विकास निगम ने लगभग 150 एकड़ भूमि अंतर्राष्ट्रीय लॉजिस्टिक हब के लिए रिजर्व की है, जहाँ ये विकसित होना है। इसके विकास के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार से आवश्यक सहयोग लिया जाना है। पीथमपुर के पास होने से अगर ये विकसित होता है तो एयर कार्गों के माध्यम से मालवा क्षेत्र में उत्पादों की मार्केटिंग में नया आयाम स्थापित होगा।

प्रारंभ हो एयर कार्गों
मंत्री श्री सिलावट ने कहा है कि इन्दौर एयरपोर्ट में एयर कार्गो टर्मिनल प्रारंभ हो चुका है किन्तु एयरकार्गो फ्लाइट्स न होने से लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा है। जल्द से जल्द एयर कार्गो फ्लाइट्स प्रारंभ किये जाने की जरूरत है। दुबई की अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट भी जल्दी पुनः प्रारंभ करनी है जो पिछले वर्ष कोविड के कारण बंद कर दी गयी थी। यह फ्लाइट शुरू करने की मांग इन्दौरवासियों द्वारा की जा रही है।

श्री सिलावट ने पत्र में लिखा है कि इंदौर शहर के आसपास 50-60 किलोमीटर की परिधि में एक नया अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट एवं कार्गो सेंटर विकसित करने की प्रक्रिया प्रारंभ करना जरूरी है। इस एयरपोर्ट में एक से अधिक एयरस्ट्रिप रहेंगी ताकि हर प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय प्लेन वहाँ लैंड हो सकें।

मॉडल एयरपोर्ट में चयनित था इंदौर एयरपोर्ट
श्री सिलावट ने कहा है कि जब स्व.श्री माधवराव सिंधिया भारत सरकार में नागरिक उड्डयन एवं विमानन मंत्री थे, तब उन्होंने देश के 11 मॉडल एयरपोर्ट को विकसित करने का निर्णय लिया था, जिसमें मध्यप्रदेश का एकमात्र इन्दौर एयरपोर्ट भी सम्मिलित था। उनके इस सपने को साकार करने के लिए देश के मॉडल एयरपोर्ट में सम्मिलित करने के लिए इन्दौर को उपरोक्त सुविधाएँ दी जाना स्मरणीय होगा।

मंत्री श्री सिलावट ने केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उपरोक्तानुसार इन्दौर को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित किये जाने और यात्रियों की सुविधाओं के लिए सुविधाएँ स्वीकृत किये जाने का अनुरोध किया है।

Indore Metro : 15 अगस्त के बाद इंदौर मेट्रो के काम तीव्र गति से शुरू होंगे – मंत्री श्री सिलावट

• नगरी प्रशासन मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह से मंत्री श्री सिलावट ने भेंट कर मेट्रो प्रोजेक्ट पर काम जल्दी शुरू करने पर बात की

इंदौर। जल संसाधन मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने भोपाल में नगरीय प्रशासन मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह से भेंट कर इंदौर मेट्रो परियोजना के संबंध में चर्चा की। मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सभी आवश्यक कामों के टेंडर कर दिए गए हैं और 15 अगस्त के बाद सभी काम शुरू किए जाएंगे। स्टेशन, अंडरग्राउंड स्टेशन, एलिवेटेड स्टेशन, डिपो, विद्युत लाइन ट्रांसमिशन, और कनेक्टिविटी स्टेशन की ड्राइंग और निर्माण के लिए टेंडर कर अनुबंध किया जा रहा है।
जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट में काम लंबित है। सभी कामों की समय सीमा निर्धारित की जाए। नगरीय प्रशासन मंत्री श्री सिंह ने बताया कि गांधीनगर से मुमताज बाग येलो लाइन का काम शुरू होकर दिसंबर 2023 तक पूर्ण किया जाएगा। मुमताज बाग से रेलवे स्टेशन का काम अप्रैल 2024 तक पूरा किया जाने के निर्देश दिए गए हैं इसके साथ ही गांधीनगर से रेलवे स्टेशन का मेट्रो के काम मई 2025 तक पूर्ण किया जाएगा।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इंदौर मेट्रो परियोजना में मेट्रो के प्रथम चरण में 31 किलोमीटर लंबाई की मेट्रो ट्रैक निर्माणाधीन है । जिसमें 24 किलोमीटर से अधिक लंबाई में एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक और 7.48 किलोमीटर लंबाई का अंडरग्राउंड रेलवे मेट्रो ट्रैक बनाया जाना है जिसकी लागत 7500 करोड़ की है । जिसमें केंद्र सरकार और राज्य सरकार के 50: 50 के अनुपात में वित्तीय भार आना है। लगभग 440 करोड़ के काम पीपीपी मोड पर किए जाना प्रस्तावित है। मेट्रो स्टेशन के लिए 30 स्थानों को चिन्हित किया गया है।
प्रथम चरण में येलो लाइन का 31 .54 किलोमीटर लंबाई का मेट्रो ट्रैक बनना है जिसमें गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर ,भोरासला चौराहा, रेडिसन चौराहा, मुमताज बाग कॉलोनी से रेलवे स्टेशन और स्टेशन से गांधीनगर तक मेट्रो ट्रेन का काम तीव्र गति शुरू होगा। गांधीनगर में मेट्रो के डिपो के लिए जगह आरक्षित है जिसका काम भी जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा।
नगरी प्रशासन मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि स्टॉक डिपो के लिए डिजाइन के अनुबंध किए जा चुके हैं विद्युत रिसीविंग और फूड डिसट्रीब्यूशन वितरण के डिजाइन कंसलटेंसी सेवा के लिए 5.99 करोड़ की लागत के अनुबंध हो चुके हैं। मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशन, टनल्स , डिपो के लिए जिओ टेक्निकल इन्वेस्टिंग स्टडी के लिए भी अनुबंध हो चुके हैं विद्युत लाइन संशोधन और विस्थापन के लिए भी 50 करोड़ की लागत से कार्य किया जा रहा है।
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि इंदौर मेट्रो की येलो लाइन को शीघ्र पूरा करने के लिए तीव्र गति से काम शुरू कराया जा रहा है। 421 करोड़ की लागत से सात एलिवेटेड मेट्रो रेल स्टेशन का डिजाइन निर्माण के लिए फरवरी 20 में ही टेंडर किए जा चुके हैं। इसी प्रकार इंटरफेयर लोकेशन और डिपो कनेक्टिविटी और 9 एलिवेटेड स्टेशन की डिजाइन के लिए 1000 करोड़ की निविदा मार्च में जारी की जा चुकी है। अनुबंध की प्रक्रिया जारी है। 15 अगस्त के बाद सभी कार्य स्थलों पर तीव्र गति से काम शुरू कर दिए जाएंगे।