• महावीर जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में हज़ारो श्रद्धालुजन शोभायात्रा में हुए शामिल, जगह-जगह किया गया स्वागत
देवास। जियो और जिने दो का अमर संदेश देकर अहिंसा का पाठ सम्पूर्ण विश्व को पढ़ाने वाले जैन जगत के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामीजी का जन्म कल्याणक दिवस महावीर जंयती समग्र जैन समाज देवास द्वारा आज गुरुवार को अपूर्व हर्षाेल्लास एवं भक्ति भावना के साथ भव्यतम रूप से मनाई गई।
प्रवक्ता विजय जैन ने बताया की आज प्रातः 7.30 से 8.30 बजे तक श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड़ पर समग्र जैन समाज की नवकारशी हुई। जिसके पश्चात प्रात: 8.30 बजे श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड से विशाल शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकली। अनेक आकर्षणों से सुसज्जित विशाल जन समुदाय को समेटे इस शोभा-यात्रा में चांदी के रथ में भगवान महावीर स्वामी ने विराजमान होकर नगर भ्रमण किया। सुसज्जित झांकियाँ ने भी चल समारेाह की शोभा बढ़ायी। भजन मंडलियां भक्ति गीत गाते हुए चले। शोभा यात्रा का मार्ग में अनेक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
महिलायें मस्तक पर 108 कलश धारण किये हुए शोभायात्रा में उपस्थित रही। देवास नगर के सभी जैन मंदिर एवं स्थानक पर दर्शन लाभ प्राप्त करते हुए शहर के अनेकों मार्गो से होते हुए श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड़ एवं श्रमण संस्कृति सदन नयापुरा पर शोभा यात्रा समाप्त हुई। यहां पर श्रीजी का अभिषेक संपन्न हुआ। तत्पश्चात् श्वेताम्बर जैन समाज देवास का स्वामी-वात्सल्य का आयोजन मण्डी धर्मशाला पर हुआ।
आज महावीर स्वामी के जयंती के उपलक्ष्य में नेत्रहीन बालक/बालिकाओं को तथा वृद्धाश्रम एवं हामूखेड़ी कुष्ठ धाम पर निराश्रितों को भोजन करवाकर अन्नदान किया जावेगा।
