मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, पात्र विद्यार्थियों को शैक्षणिक योग्यता एवं दिव्यांगता श्रेणी के आधार पर मिलेगा लाभ
देवास। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र विद्यार्थी 30 नवंबर 2026 तक स्पर्श पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप अथवा बैटरी चलित मोट्रेट ट्रायसिकल प्रदान की जाएगी।
विभाग के अनुसार, विद्यार्थियों को योजना का लाभ उनकी दिव्यांगता श्रेणी और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के आधार पर दिया जाएगा। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.sparsh.mp.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन में समग्र कोड और संबंधित स्कूल अथवा महाविद्यालय का कोड दर्ज करना अनिवार्य है।
किन विद्यार्थियों को मिलेगा लैपटॉप?
योजना के तहत दिव्यांग विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद कक्षा 10वीं में पहली बार प्रवेश लेने अथवा आईटीआई में प्रवेश लेने पर लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। हालांकि, अस्थिबाधित दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए कक्षा 9वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
इन विद्यार्थियों को मिलेगी बैटरी चलित मोट्रेट ट्रायसिकल
शरीर के निचले हिस्से से प्रभावित होकर चलने में असमर्थ तथा न्यूनतम 60 प्रतिशत दिव्यांगता वाले अस्थिबाधित विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं में पहली बार प्रवेश लेने अथवा स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर बैटरी चलित मोट्रेट ट्रायसिकल प्रदान की जाएगी।
योजना की प्रमुख शर्तें भी जान लें
योजना के अंतर्गत कक्षा 10वीं में प्रवेश के समय एक बार लैपटॉप प्राप्त कर चुके विद्यार्थी आईटीआई में प्रवेश लेने पर दोबारा लैपटॉप के पात्र नहीं होंगे। आईटीआई में केवल कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट अथवा अन्य कम्प्यूटर आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी ही लैपटॉप के लिए पात्र होंगे।
योजना का लाभ उसी जिले से दिया जाएगा, जिस जिले के हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल अथवा आईटीआई में विद्यार्थी ने प्रवेश लिया है। किसी भी दिव्यांग विद्यार्थी को दूसरी बार लैपटॉप अथवा मोट्रेट ट्रायसिकल नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, शासन की किसी अन्य योजना के अंतर्गत पूर्व में लैपटॉप प्राप्त कर चुके विद्यार्थी भी इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
योजना की अन्य शर्तें मुख्यमंत्री नि:शक्त शिक्षा प्रोत्साहन योजना वर्ष 2013 के अनुसार लागू रहेंगी।
30 नवंबर आवेदन की अंतिम तारीख
विभाग ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं और सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करवाएं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में पात्र विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी करें।
