Madhya Pradesh Dial 112 : एक ही नंबर पर पुलिस, फायर, एंबुलेंस सहित अन्य सेवा

• डायल-112 प्रदेश में सुरक्षा, बचाव और मदद का नया नंबर…

मध्य प्रदेश में अब पुलिस या किसी अन्य सेवा या सहायता के लिए एकीकृत सहायता नंबर डायल 112 उपलब्ध है।

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्‍यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश की नवीन आपातकालीन सेवा डायल 112 का शुभारंभ आज 14 अगस्‍त को दोपहर 12:20 बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्‍ट्रीय कन्‍वेंशन सेंटर भोपाल में किया।

अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक रेडियो/दूरसंचार संजीव शमी ने बताया कि जन-सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक बदलाव लाते हुए, मध्यप्रदेश में डायल-100 की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए डायल-112 को एकीकृत, स्मार्ट और बहु-एजेंसी आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा के रूप में स्थापित किया जा रहा है। बढ़ती आवश्यकताओं और बहु-एजेंसी समन्वय को देखते हुए, डायल-112 सेवा शुरू की जा रही है। अब पुलिस (100), स्वास्थ्य/एम्बुलेंस (108), अग्निशमन (101), महिला हेल्पलाइन (1090), साइबर क्राइम (1930), रेल मदद (139), हाईवे एक्सिडेंट रिस्पॉन्स (1099), प्राकृतिक आपदा (1079) और महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (181, 1098) जैसी सभी सेवाएं एक ही नंबर 112 से उपलब्ध होंगी।

तेजी से बदलते तकनीकी परिदृश्य और सेवा गुणवत्ता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, डायल-112 को अधिक कुशल, बुद्धिमान और नागरिक-जागरूक प्रणाली के रूप में पुनः डिज़ाइन किया गया है। नई तकनीकों—डेटा एनालिटिक्स, रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग और IoT के साथ डायल-112 अब सिर्फ प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि खतरे का पूर्वानुमान कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सक्षम है।

नई डायल-112 प्रणाली की प्रमुख विशेषताएं

  1. प्रत्येक शिफ्ट में 100 एजेंट की क्षमता वाला नया कॉन्टैक्ट सेंटर, जिसमें 40 सीटों का डिस्पैच यूनिट है।
  2. PRI लाइनों से SIP आधारित ट्रंक लाइन पर माइग्रेशन, जिससे 112 पर कॉल एक्सेस अधिक सहज हो।
  3. उन्नत बिज़नेस इंटेलिजेंस (BI) और MIS रिपोर्टिंग टूल्स।
  4. नागरिकों और FRV के बीच संपर्क को बेहतर बनाते हुए गोपनीयता बनाए रखने हेतु नंबर मास्किंग समाधान।
  5. FRV के रख-रखाव को ट्रैक करने हेतु समग्र फ्लीट मैनेजमेंट सॉफ़्टवेयर।
  6. चैटबॉट जैसे नॉन-वॉयस माध्यमों द्वारा नागरिकों से संवाद और शिकायतों की ट्रैकिंग।
  7. नागरिकों और पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष मोबाइल ऐप्स।
  8. ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) सॉफ़्टवेयर, बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ।
  9. पारदर्शिता के लिए FRVs में डैशबोर्ड कैमरा और बॉडी वॉर्न कैमरा की व्यवस्था।

मध्य प्रदेश में डायल-112 सेवा (पूर्व में डायल-100 सेवा)

  • मध्यप्रदेश में 1 नवम्बर 2015 को शुरू हुई डायल-100 भारत की पहली केंद्रीकृत, राज्य-व्यापी पुलिस आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा थी।
  • डायल-100 ने शहरी और ग्रामीण—दोनों क्षेत्रों में त्वरित, तकनीक-सक्षम सहायता उपलब्ध कराते हुए जन-सुरक्षा में नया मानक स्थापित किया।
  • डायल-100 प्रणाली का संचालन भोपाल स्थित अत्याधुनिक सेंट्रल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से किया गया। नागरिक टोल-फ्री नंबर 100 पर कॉल करते थे, जहां प्रशिक्षित कॉल-टेकर कंप्यूटर-सहायता प्राप्त डिस्पैच सॉफ़्टवेयर के माध्यम से निकटतम उपलब्ध डायल-100 (FRV) की पहचान कर तुरंत रवाना करते थे। इसमें 1,000 जीपीएस-सक्षम चार-पहिया FRV और 150 दो-पहिया इकाइयाँ शामिल थीं, जिन्हें मोबाइल फोन और मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) से लैस किया गया था।
  • डायल-100 कॉल सेंटर में आपात स्थिति में कॉलर की लोकेशन ट्रेस करने के लिए लोकेशन बेस्ड सिस्टम (LBS) स्थापित है। पुलिस के ये इमरजेंसी वाहन अतिशीघ्र सहायता स्थल तक पहुंचते हैं, जिससे न्याय को जन-जन के द्वार तक पहुंचाने का संकल्प डायल-100/112 के माध्यम से सार्थक हो रहा है।

डायल-100 द्वारा आपातकालीन सहायता में रिकॉर्ड उपलब्धियां (विगत दस वर्षों में )

डायल-100 सेवा के आरंभ होने से लेकर जून-2025 तक कुल 8 करोड़ 99 लाख 04 हजार 390 कॉल प्राप्त हुये, जिनमें से 2 करोड़ 07 लाख 91 हजार 177 कार्यवाही लायक कॉल थे। इनमें से 1 करोड़ 97 लाख 02 हजार 536 पर डायल 100 द्वारा जनता को मदद पहुंचाई गयी।

वरिष्ठ नागरिकों को सहायता – 2,23,288

महिला सुरक्षा हेतु त्वरित प्रतिक्रिया – 19,71,396

परित्यक्त नवजात शिशुओं का बचाव – 1,300

सड़क दुर्घटनाओं में जीवन दायनी सहायता – 12,48,621

लापता बच्चों की रिपोर्टिंग और खोज – 27,112

आत्महत्या और अवसाद से जुड़ी घटनाओं में समय रहते प्रतिक्रिया – 2,64,347

इंदौर का ज्वैलर गिरफ्तार : लूट का सामान खरीदता था, दो चोरी हुई अंगूठी बरामद…

देवास के हर्षराज सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी शिखर्जीधाम देवास ने 11 जुलाई को थाना औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर पहुंचे । पानी मांगने के बहाने वे घर में घुस आए और पिस्टल व चाकू दिखाकर फरियादी को बंधक बनाते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने अलमारी तोड़कर घर में रखी ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।

पुलिस टीम द्वारा सतत् प्रयास कर अब तक लूट में संलिप्त एवं लूट का सामान खरीदने वाले कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जा चुका है।

इसी क्रम में चोरी की गई अंगूठी खरीदने वाले ज्वैलर आरोपी रितेश राठौर उर्फ बंटी ठाकुर उम्र 38 वर्ष निवासी इन्दौर को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से लूट की गई दो सोने की अंगूठियां बरामद कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Dewas जिले में धूमधाम से बनेगा “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान”

• कलेक्टर के निर्देश : नगर निगम एबी रोड से सभी बैनर और पोस्‍टरों को हटाकर तिरंगा लगाये और व्यापारी बड़े बड़े फ्लेक्स लगाए..!

  • जिलास्‍तर पर 13 अगस्‍त को पुलिस परेड ग्राउण्‍ड से बाइक रैली निकाली जायेगी…
  • जिलास्‍तर पर 13 अगस्‍त को श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्‍टेडियम देवास से प्रारम्‍भ होगी विशाल तिरंगा यात्रा

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्‍यक्षता में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के संबंध में बैठके आयोजित हुई। जिले में 13 अगस्त को पहले 11 बजे पुलिस ग्राउंड से बाइक रैली निकाली जाएगी जिसके बाद तुकोजीराव पंवार स्टेडियम से विशाल तिरंगा यात्रा प्रारम्‍भ होगी। कलेक्टर ने नगर निगम को एबी रोड से सभी बैनर और पोस्टर हटाने के निर्देश तो दे दिए परंतु दूसरी ओर एबी रोड के व्यापारियों को बड़े बड़े फ्लेक्स लगाने को कह दिया।

बैठक में कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि जिले में ‘’हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’’ अभियान के तहत विकासखण्‍ड एवं पंचायत स्‍तर पर कार्यक्रम आयोजित करें। एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाएं। अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाले, स्कूल कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित करें। सैल्‍फी पॉईंट बनाए और तिरंगा के साथ सेल्फी लेकर http://harghartiranga.com पर सेल्‍फी अपलोड करें।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने नगर निगम को निर्देश दिये कि देवास में एबी रोड पर दोनों और बाईपास पर तिरंगा लगाए। नगर निगम एबी रोड से सभी बैनर और पोस्‍टरों को हटाकर तिरंगा लगाये। नगर पालिकाएं अपने-अपने क्षेत्र में तिरंगा रैली निकालें और अभियान के संबंध में विभिन्‍न कार्यक्रमों का आयोजन करें। नगर पालिका क्षेत्र में तिरंगा लगाए और अच्‍छे से डेकोरेशन करें। उद्योग संगठन, व्‍यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि सभी अपने प्रतिष्‍ठानों में तिरंगा लगाये। एबी रोड पर जिनकी दुकानें है वह तिरंगा से संबंधित बड़े-बड़े फ्लेक्स लगाये एवं अपनी दुकानों को डेकोरेट करें।

कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि अभियान के तहत जिलास्‍तर पर 13 अगस्‍त को पुलिस परेड ग्राउण्‍ड से सुबह 11 बजे बाइक रैली निकाली जायेगी। बाइक रैली के लिए ट्रॉफिक व्‍यवस्‍था एवं रूट प्‍लान की तैयारी कर लें। रैली में सभी हेलमेट पहन कर आए। बाइक रैली में सामाजिक संगठन, उद्योग संगठन, व्‍यापारी संगठन एवं देवास शहर के नागरिक सहभागिता करें। अभियान के तहत जिलास्‍तर पर 13 अगस्‍त को श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्‍टेडियम देवास से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी।

तिरंगा यात्रा में जिसमें जनप्रतिधिगण, सामाजिक संगठन, उद्योग संगठन, व्‍यापारी संगठन, स्‍कूल, कॉलेज, खेल स्‍वास्‍थ्‍य, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी एवं देवास शहर के नागरिक सहभागिता करेंगे। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में सभी सहभागी बने। अभियान के तहत अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाये। उन्‍होंने सभी से आग्रह किया की सभी समुदायों के नागरिकों एकत्र कर विशाल तिरंगा यात्रा में सहभागी बनाये।कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि अभियान के तहत गौशालाओं में सफाई अभियान चलाएं। ग्राम पंचायत और नगर पालिकाओं में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई के कार्य करें। सभी शासकीय कार्यालयों में सफाई अभियान चलाएं। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि अभियाना के तहत अमृत सरोंवरों पर कार्यक्रम आयोजित करें।

Dewas : क्या आपके नाबालिग बच्चे बिना लाइसेंस के वाहन चला रहे हैं ?

• अगर हां तो आप पर लग सकता है जुर्माना, दो मामलों में नाबालिको के अभिभावकों पर 10-10 हजार का दंड

देवास। अब अगर आपके नाबालिक बच्चे बिना लाइसेंस के वाहन चला रहे है तो उनके अभिभावकों को जुर्माना भरना पड़ सकता है। ऐसे ही मामले में 2 नाबालिको के अभिभावकों पर कोर्ट ने 10-10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

दरअसल यातायात व्यवस्था को सुगम एवं दुर्घटना रहित बनाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, ट्रैफिक नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना है। जिस हेतु यातायात पुलिस देवास को सख्त कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। आये दिन 18 वर्ष के कम आयु के बच्चे बिना ड्राइविंग लाईसेंस के अनियंत्रित रूप से वाहन चलाते हुए जिला अन्तर्गत घुम रहे है, जो न सिर्फ खुद की जान को खतरा हो सकते है बल्कि दुसरे की जान को भी खतरा पहुंचा रहे है। अभियान अंतर्गत जगह-जगह पर चेकिंग पाईंट लगाये गये है। इसी क्रम में जितेन्द्र पिता सुरेश निवासी आनन्द नगर देवास का नाबालिग बालक वाहन क्रमांक MP 41 ZJ 4810 एवं लोकेश पिता संतोष पटेल निवासी मकान नम्बर 316 मेंढकी चक देवास का नाबालिग बालक वाहन क्रमांक MP 09 DV 6046 चलाते हुए पाया गया जिस पर से यातायात पुलिस द्वारा कार्यवाही की गई। न्यायालय ने दोनो वाहन स्वामी को 10-10 हजार रूपये की राशि से दण्डित किया ।

उल्लेखनीय है कि अब तक कुल 13 नाबालिग वाहन चालकों के विरूद्ध कार्यवाही कर ₹ 30, 200/- का समन शुल्क वसुला जा चुका है।

निम्न धाराओं द्वारा नाबालिग बच्चो एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगो के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। प्रमुख धाराएँ (मोटर वाहन अधिनियम – Motor Vehicles Act)

  • धारा 4/181 – बिना निर्धारित आयु और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना। नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर लागू – ₹ 5000 जुर्माना या 03 माह की जेल या दोनों।
  • धारा 5/180 – वाहन मालिक द्वारा अयोग्य/बिना लाइसेंस व्यक्ति को वाहन देना ।अभिभावक पर लागू,यदि उन्होंने नाबालिग को वाहन चलाने दिया – ₹ 5000 तक जुर्माना ।
  • धारा 199(क)(2) – नाबालिग द्वारा अपराध की स्थिति में अभिभावक पर आपराधिक मामला दर्ज ।नाबालिग की गलती की जिम्मेदारी सीधे माता-पिता/अभिभावक पर – ₹ 25,000 जुर्माना + 03 वर्ष तक की सजा + वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त ।
  • धारा 185 – शराब पीकर या नशे की हालत में वाहन चलाना ।पहली बार – ₹ 10,000 जुर्माना या 06 माह की जेल या दोनों,बार-बार उल्लंघन पर सज़ा दोगुनी ।उक्त धाराओं के माध्यम से यदि कोई नाबालिग बालक/बालिका वाहन चलते हुए पाए जाते है तो उनके अभिभावकों के विरुद्ध एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी ।

Dewas “तुम मुझे नहीं जानते, मेरा नाम जितेन्द्र सोनी है, मैं यहां का दादा हूँ, तुम मुझसे पैसे मांगोगे?”

  • पुलिस ने दबंगई दिखाकर दुकानदार से अवैध वसूली के उद्देश्य से मारपीट करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार…

देवास। पुलिस ने दादागिरी कर दुकानदार से मुफ्त में सामग्री लेने एवं दुकानदार को डराने एवं अश्लील गाली देकर मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल दिनांक शनिवार को फरियादी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे विकासनगर चौराहा देवास पर पानी-पताशे का ठेला लगाते हैं।रात करीब 7 बजे एक व्यक्ति शराब के नशे में आया और बिना भुगतान किए पताशे खाने की मांग करने लगा। जब फरियादी ने पूछा कि कितने रुपये के पताशे चाहिए तो वह व्यक्ति भड़क गया और बोला कि “तुम मुझे नहीं जानते, मेरा नाम जितेन्द्र सोनी है,मैं यहां का दादा हूँ, तुम मुझसे पैसे मांगोगे?” एवं उसने अश्लील गालियां दीं, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक रविवार को फरार आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू सोनी उम्र 32 वर्ष निवासी कंट्रोल वाली गली बड़ा बाजार देवास को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Dewas मप्र सफाई कर्मचारी महासंघ ट्रेड यूनियन जिलाध्यक्ष बालोदिया पदाधिकारी व कार्यकर्ताओ के साथ पहुंचे पैलेस, विधायक राजे ने किया स्वागत

देवास। मध्यप्रदेश सफाई कर्मचारी महासंघ ट्रेड यूनियन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रेम बालोदिया संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ विधायक गायत्रीराजे पवार के निवास आनंद भवन पैलेस पहुंचे। इस दौरान मुख्य रूप से यूनियन के संभागाध्यक्ष संजय सांगते व वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष पंचोली उपस्थित रहे। श्री बालोदिया भोपाल चौराहे से ढोल ढमाको के साथ पैलेस पहुंचे। जहां विधायक राजे का पुष्पमाला से स्वागत कर जिलाध्यक्ष बनने पर आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात विधायक राजे ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष श्री बालोदिया का स्वागत कर बधाई देते हुए कहा कि आप संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। इस दौरान आतिशबाजी कर मिठाई भी बांटी गई।

इस दौरान शिवजी भैरवे, विकास सिहोते, जितेन्द्र बंजारे, उमेश सिहोते, राजू बंजारे, जितेन्द्र गिल्लोरे, विजय सांगते, विशाल गोहर, जयराज गिल्लोरे, भारत सिहोेते, विद्या चांवरे, कैलाशी बाई चांवरे, पूजा बाली, मनोरमा दीदी, रीना दीदी, सीमा दीदी, पुष्पा भाभी, सीमा भाभी, उर्मिला भाभी, ममता दीदी आदि अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता बडी संख्या में उपस्थित थे।

Dewas शाह शक्ति सामाजिक संगठन प्रदेश अध्यक्ष बालोदिया पहुंचे ग्राम इकलेरा, हुआ स्वागत

देवास। शाह शक्ति सामाजिक संगठन के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रेम बालोदिया पहली बार अपने दायित्व ग्रहण करने के बाद देवास जिले के दौरे पर पहुंचे। इस अवसर पर वे कांटाफोड़ क्षेत्र के इकलेरा गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने श्री बालोदिया का पुष्प मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई दी। श्री बालोदिया ने वहां उपस्थित महिलाओं और पुरुषों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान संदीप दीक्षित, रमेश डामर, अमजद अली और शिव रायपुरिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। ग्रामीणों ने श्री बालोदिया की नियुक्ति को समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया। श्री बालोदिया को संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा प्रदेशाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, कार्यकारिणी प्रमुख प्रदीप बहल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संदीप, व विशेष कानूनी सलाहकार डॉ. गर गर द्वारा संयुक्त रूप से की गई। उनकी समाज सेवा, ईमानदारी और प्रभावशाली कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह पद प्रदान किया गया।

Dewas समाजसेवी संजय शुक्ला के घर पथराव की घटना के विरोध में हिंदू समाज का प्रदर्शन, पुलिस को सौंपा ज्ञापन…

• पत्थरबाजी करने वालों का जुलूस निकालकर कार्यवाही करने की मांग

देवास। शहर में समाजसेवी संजय शुक्ला के घर हुए पथराव को लेकर समग्र आक्रोशित हिन्दू समाज के लोगों द्वारा बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विरोध स्वरूप मनकामेश्वर मंदिर से कोतवाली थाना तक रैली निकालकर कोतवाली थान में नारेबाजी कर हम चालीसा का पाठ किया जिसके पश्चात एडिशनल एसपी जय वीर भदौरिया को गया सौंपा। विरोध रैली एवं ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित थे।

ज्ञापन में कहा गया कि शहर में शांति समिति की बैठक में भी सजय शुक्ला के द्‌वारा तेज आवाज में डीजे बजाने का मामला जिला कलेक्टर और पुनिस अधीक्षक के समक्ष रखा गया था एवं संजय शुक्ला जी के द्वारा शहर में तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत 100 डायल पर की गई थी। उनके इस तथ्य को संज्ञान में रखकर कुछ उन्माद फैलाने वाले व्यक्तियो ‌द्वारा सुबह करीब 6:00 बजे के लगभग घर पर पथराव किया गया जिससे प्रभात फेरी करने वाले सदस्य व पड़ोसियों के ‌द्वारा देखा गया है उन्होंने बताया कि पांच लोग ‌मुंह पर कपड़ा बाधकर गाड़ियो से आकर यह कृत्य किया गया है।

ज्ञापन में आगे कहा गया कि यह जो कृत्य किया गया है वह देवास की सामाजिक समरसता को बिगाड़ने वाला कृत्य है ज्ञापन में मांग की गई कि जिन्होंने भी देवास की शांति भंग करने का यह कृत्य किया है कार्य किया गया है उनका सामाजिक रूप से जुलूस निकालकर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए ।

Dewas पुलिस ने किया मोबाइल टावर पर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

• रात में सुने टावरों पर देते थें चोरी करने की घटना को अंजाम, 2 लाख से ज्यादा कीमत की 24 बैटरियां जब्त

देवास। पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए रात में सुने मोबाइल टावर से बैटरियां चुराने वाले गिरोह के 2 आरोपी को गिरफ्तार किया है।

दरअसल 23 जून 2025 को सतवास थाने पर सूचना प्राप्त हुई की ‍ग्राम खिरोदा में लगें मोबाइल टावर पर 17 जून से 23 जून के बीच टावर में लगी 24 बैटरियों को किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चोरी कर लिया है । सतवास थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले में विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा पांगरी फाटे पर सघन चैकिंग लगाई गई। दौरान चैकिंग पांगरी फाटे पर एक सफेद रंग की संदिग्ध कार दिखी जिसमे सवार व्यक्तियों से पूछताछ करते अपना नाम अफजल खान उम्र 27 साल ‍निवासी कुलहरदा जिला हरदा एवं साथ मे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सुखराम मालवीय उम्र 29 साल निवासी ग्राम मांदला जिला हरदा हालमुकाम खातेगांव का होना बताया। वाहन की तलाशी करने पर उक्त वाहन मे 12 नग बेटरी रखी मिली जिसके बारे मे सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा बैटरियां ग्राम खिरोदा टावर से चोरी करना स्वीकार किया । पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई 24 बैटरियां कुल कीमत 2 लाख रुपये एवं घटना मे प्रयुक्त चार पहिया वाहन कीमती 4 लाख रुपये कुल मश्रुका 6 लाख रुपये का जप्त कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।

गिरफ्तार आरपी के नाम :

  • 1. अफजल खान उम्र 27 साल ‍निवासी कुलहरदा जिला हरदा
  • 2. सुखराम मालवीय उम्र 29 साल निवासी ग्राम मांदला जिला हरदा हाल.मुकाम खातेगांव

शांति समिति बैठक : सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्‍पणी नहीं करें, एक-एक पोस्‍ट और आईडी को वॉच किया जा रहा है : एसपी पुनीत गेहलोत

• आपसी सदभाव एवं मिलजुलकर त्‍यौहार मनायें, शांति व्‍यवस्‍था बिगाडने वालों पर सख्‍त कार्यवाही की जायेगी : कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह

देवास। जिले में जुलाई एवं अगस्‍त माह में आने वाले त्योहारों पर कानून एवं व्‍यवस्‍थाओं पर विचार विमर्श के लिए कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्‍तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला शांति समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

शांति समिति की बैठक में कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि जिले में अभी तक जितने भी आयोजन हुए हैं जिले के नागरिकों के सहयोग से ही जिला प्रशासन निर्विघ्न व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने में सफल रहा है। छोटी-छोटी बातों पर कोई भी शांति व्‍यवस्‍था बिगाडने का काम नहीं करें। जिले में प्रतिबंधात्‍मक आदेश लागू हैं। सभी से अपेक्षा है कि लॉ एण्‍ड आर्डर का पालन करते हुए त्‍योहार मनाये। हाईवे, रोड जाम करना हमारे जिले की तासीर नहीं है। ऐसा करने वालों पर सख्‍त कार्यवाही की जायेगी। देवास शांति प्रिय जिला है, कोई भी जिले की तासीर बिगाडने का काम नहीं करें। लॉ एण्‍ड आर्डर बिगाड़ने वाली पोस्‍ट करने वालों पर सख्‍त कार्यवाही की जायेगी। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है, लॉ एण्‍ड आर्डर बिगाडने वाली पोस्‍ट करने वालों को ढुंढने में ज्‍यादा समय नहीं लगेगा। शांति समिति के सदस्‍य सभी को संदेश दें कि इस प्रकार का कोई कार्य नहीं करें। सभी नागरिक आपसी सदभाव व शांति बनाये रखते हुए त्यौहारों को मिलजुलकर मनायें और देवास के परस्पर सदभाव की परंपरा को आगे भी बनायें रखें।

कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि नगर निगम जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर जहां-जहां पर पेच वर्क की आवश्‍यकता है,वहां पर पेच वर्क का कार्य कर लें। उन्‍होंने कहा कि त्‍यौहारों में कोई भी जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार लेकर नहीं चलेंगे। जुलूस में वालेंटियर ड्रेस में बेच लगा कर रहे।

कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि जूलूस में दो से ज्‍यादा स्‍पीकर लगाने की अनुमति नहीं होगी। आयोजन समय से शुरू करें और समय पर समाप्‍त करें। तय रूट पर ही जुलूस निकाले। मौहर्रम का विसर्जन कालूखेड़ी तालाब में होगा। कलेक्‍टर श्री सिंह ने नगर निगम को निर्देश दिये कि कालूखेड़ी तालाब पर पर्याप्‍त व्‍यवस्‍थाएं करें। उन्‍होंने कहा कि कोई भी क्षिप्रा नदी और नागदा ताबाल पर विसर्जन नहीं करें।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने कहा कि पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे। पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी। हम सभी को जिम्मेदारी पूर्वक त्योहार मनाना है। सभी नागरिक भाईचारे की भावना से त्यौहार मनायें। देवास जिला शांति प्रिय जिला है और पुलिस प्रशासन को नागरिकों का हर समय सहयोग मिलता रहा है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने कहा कि सकारात्‍मक पहल कर डीजे के स्‍थान पर पारम्‍परिक यंत्रों का उपयोग करें। जहां डीजे का उपयोग नहीं होता है, वहां महिलाओं की भागीदारी भी ज्‍यादा रहती है और कार्यक्रम भी गरीमामयी रहता है। डीजे के बिना भी आयोजन हो सकते है। डीजे का वाईब्रेशन हमारे शरीर और गर्भवती महिलाओं पर नकारात्‍मक प्रभाव डालता है।

उन्‍होंने कहा कि कोई भी कानून व्‍यवस्‍था बिगाडने का काम नहीं करें। जिले में सीसीटीवी पर काम चल रहा है। किसी के नुकसान पर सख्‍त कार्यवाही की जायेगी। काई भी कानून व्‍यवस्‍था के साथ खिलवाड़ नहीं करें। आयोजनों की विधिवत अनुमति लें, कोई भी गैर परम्‍परागत आयोजन नहीं करें। वालियंटरों की सूची पुलिस को दें। वाद्य यंत्रों का संचालन जिम्‍मेदार व्‍यक्ति से करवाये।

उन्‍होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टीप्‍पणी नहीं करें। एक-एक पोस्‍ट और आई डी को वॉच किया जा रहा है। आपत्तिजनक पोस्‍ट करने वालों को पकड़ने के लिए आईडीवाइस फाईल बन रही है। युवा पीढी को सोशल मीडिया का सकारात्‍मक उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। ऐसी कोई पोस्‍ट नहीं करें जिससे कानून व्‍यवस्‍था बिगड़े।

कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि नगर निगम कार्यक्रमों के बाद समझाईश देकर पोस्‍टर-बेनर निकालने की कार्यवाही करें। संकेतकों पर बेनर नहीं लगने चाहिए। नगर निगम और एसडीएम समन्‍वय कर कार्यवाही करें। उन्‍होंने सीएमएचओं को निर्देश दिये कि कावड़ यात्रा मार्ग पर मेडीकल व्‍यवस्‍था के साथ टीम लगाये। कावड़ यात्रा मार्ग पर कावडियों के लिए सामाजिक संस्‍थाओं के माध्‍यम से व्‍यवस्‍थाएं करें। रक्षाबंधन के पूर्व नगर निगम दुकानों को व्‍यवस्थित तरीके से लगवाये। जिससे ट्राफिक व्‍यवस्‍था अच्‍छी बनी रहें। जहां आवश्‍यकता हो वहां बैरिकेट्स लगाये। सभी संबंधित आपसी समन्‍वय कर अच्‍छी ट्राफिक व्‍यवस्‍था के लिए कार्य करें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी त्‍यौहारों को देखते हुए लगातार कार्यवाहियां करें। जिले में खाद्य पदार्थ, मीठाई और मावा की सघनता से जांच करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें की फ्रेश तेल का उपयोग हो, गंदा तेल उपयोग करने वालों पर कार्यवाही करें। नियमानुसार डीजे का उपयोग करें। डीजे वाहन पर दो स्‍पीकर लगाकर चल सकते है, सभी को समझाईश दें। पीओपी की मुर्तियों पर प्रतिबंध है, मिट्टी की मुर्तियां स्‍थापित करें।

कलेक्‍टर सिंह ने कहा कि शांति समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा जो सुझाव दिये गये हैं, उनको नोट किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सुझावों पर विचार कर सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन त्यौहारों पर अपनी ओर से तो व्यवस्था करेगा ही, हम सब समिति के सदस्य भी पर्वों के दौरान बाहर आकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग करें।

कलेक्‍टर सिंह ने आगामी त्यौहारों पर सभी आवश्‍यक व्‍यवस्‍थाए सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्‍टर सिंह ने नगर निगम को साफ सफाई की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, सड़को पर गड्ढे भरने, प्रकाश व पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिये। विद्युत वितरण कंपनी को पर्वों व त्यौहारों पर निरंतर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने और बरसात के मौसम को देखते हुए लटकते हुए बिजली के तारो को ठीक करने के लिए कहा गया। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को भी चिकित्सकों एवं स्टॉफ व एम्बुलेंस की ड्यूटी आदि लगाने के निर्देश दिये गये। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि आगामी त्‍यौहारों पर यातायात का सुचारू रूप से संचालन करें।

शांति समिति की बैठक में अपर कलेक्‍टर बिहारी सिंह ने ने आगामी त्यौहारों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया।