उपयंत्री पर जानलेवा हमले से भारी आक्रोश: सड़क पर उतरा ग्रामीण विकास विभाग, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े!

देवास। संयुक्त मोर्चा संगठन ग्रामीण विकास विभाग जिला देवास के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने 8 मई को बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।

इसके बाद जिला पंचायत सीईओ एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी ज्ञापन देकर उपयंत्री श्री गोविन्द डावर पर हुए प्राणघातक हमले के आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि उपयंत्री श्री गोविन्द डावर जनपद पंचायत बागली के सेक्टर पाण्डुतालाब में पदस्थ हैं।

जनपद सदस्य प्रतिनिधि संतोष डोडवे द्वारा उन्हें नवीन सामुदायिक भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया था। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री ने पाया कि प्रस्तावित स्थल पर पहले से चबूतरा निर्मित है, जिससे वहां तकनीकी रूप से निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने नियमानुसार अन्य स्थान चयनित करने की सलाह दी थी। आरोप है कि नियम विरुद्ध कार्य करवाने के लिए उन पर दबाव बनाया गया। संयुक्त मोर्चा के अनुसार 4 मई 2026 को ग्राम पंचायत पाण्डुतालाब में शासकीय कार्य के दौरान संतोष डोडवे द्वारा उपयंत्री श्री डावर पर लाठी से हमला किया गया। घटना के बाद उदयनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन प्राणघातक हमले की धाराएं नहीं जोड़ी गईं।

वर्तमान में श्री डावर की हालत गंभीर बताई जा रही है। कर्मचारियों ने मांग की कि आरोपी संतोष डोडवे के खिलाफ प्राणघातक हमले की धाराएं बढ़ाकर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। संगठन का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

सतपुड़ा एकेडमी के समर कैंप में निखर रही बच्चों की प्रतिभा, 35 स्कूलों के 400 से अधिक विद्यार्थी ले रहे प्रशिक्षण

जिला खेल अधिकारी ने कहा- समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम

देवास। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान समर कैंप का आयोजन सफलता पूर्वक किया जा रहा है।

समर कैम्प में शहर के 35 से अधिक विभिन्न विद्यालयों के 400 से अधिक बच्चों को नृत्य, म्यूजिक, चित्रांकन, आर्ट्स एंड क्राप्ट, स्केटिंग, मार्शल आर्ट, योग, क्रिकेट, फुटबॉल, साप्टबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, बॉक्सिंग, सिलाई कढ़ाई, ज्वैलरी मेकिंग सहित विभिन्न कलाओं का योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिला खेल अधिकारी सुश्री सेना गडरिया, जिला खेल समन्वय अधिकारी जावेद पठान, समाजसेवी मनीष जैन ने समर कैम्प में चल रही विभिन्न विधाओं का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री गडरिया ने बच्चों को मार्गदर्शन देते हुए कहा, कि इस प्रकार के शिविर बच्चों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।

संस्था सतपुड़ा एकेडमी में अनुशासन के साथ संस्कारित वातावरण में बच्चों को विभिन्न कलाओं एवं खेल विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा जो सराहनीय है। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी ने समर कैंप में भाग ले रहे प्रतिभागियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके प्रशिक्षण की जानकारी ली। समाजसेवी श्री जैन (कायथा वाला) ने कहा, कि ऐसे शिविर न केवल विद्यार्थियों की रूचियों को पहचानने में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है और आने वाली पीढ़ी को मजबूत आधार प्रदान करती है।

इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक भानुप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जाब ने स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ, श्रीफल भेंट कर किया। अतिथि परिचय एवं कार्यकम का संचालन दिनेश सांखला ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण, स्कूली स्टाफ उपस्थित था।

Dewas जिले के युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर किर्लोस्कर कंपनी द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन 08 मई को

• अभ्यर्थी “देवास जॉब पोर्टल” https://dewasjob.mp.gov.in/ पर पंजीयन कर प्लेसमेंट ड्राइव में ले सकते हैं भाग

देवास। जिला प्रशासन देवास द्वारा संचालित “देवास जॉब पोर्टल” के माध्यम से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए एक मेगा प्लेसमेंट ड्राइव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन 08 मई को प्रातः 10 बजे से शासकीय आईटीआई विकास नगर चौराहा देवास में होगा। इच्छुक अभ्यर्थी “देवास जॉब पोर्टल” https://dewasjob.mp.gov.in/ पर पंजीयन कर उक्त प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लें सकते है ।

इस प्लेसमेंट ड्राइव में औद्योगिक इकाई किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड, देवास (Machine Shop & Foundry Division) द्वारा मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना (MMSKY) अंतर्गत युवाओं की भर्ती की जाएगी।

  • प्लेसमेंट ड्राइव में पात्रता के अनुसार 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण युवा आवेदन कर सकते हैं।
  • आवेदकों की आयु सीमा 18 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है।
  • चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 12 हजार रुपए प्रति माह (फ्रेशर) एवं 13 हजार रुपए प्रति माह (एक वर्ष अनुभव) का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा।
  • इसके अतिरिक्त महिला अभ्यर्थियों हेतु हॉस्टल सुविधा, सब्सिडाइज्ड भोजन एवं ओवरटाइम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक पासबुक/कैंसिल चेक साथ लाना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन देवास द्वारा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। इस संबंध में जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6262616991 पर संपर्क कर सकते हैं।

किसान की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता: खेतों से बोरिंग की केबल व स्टार्टर चुराने वाला शातिर चोर रंगे हाथों गिरफ्तार

चोरी का पूरा माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने की जब्त

देवास। देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने किसानों के खेतों को निशाना बनाकर बोरिंग की केबल और स्टार्टर चुराने वाले एक शातिर बदमाश को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में एक जागरूक किसान की सतर्कता ने अहम भूमिका निभाई, जिसकी वजह से न सिर्फ आरोपी पकड़ा गया, बल्कि चोरी का शत-प्रतिशत माल (मशरुका) भी बरामद कर लिया गया।

देर रात संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे चोर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 5 मई 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे की है। ग्राम सुनवानी महांकाल (देवास) निवासी किसान विजय पटेल (पिता विष्णुप्रसाद पटेल) ने ‘डायल 112’ पर सूचना दी कि उनके खेत के बोरिंग के पास दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से चक्कर लगा रहे हैं और उनकी गतिविधियां बेहद संदिग्ध हैं।

किसान और ग्रामीणों ने की घेराबंदी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

चोरी की सूचना मिलते ही देवास पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के त्वरित कार्रवाई के निर्देशों का पालन करते हुए, डायल 112 की टीम और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस फौरन मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही जागरूक किसान विजय और उनके साथियों ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी कर एक संदेही को दबोच लिया था, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।

पूछताछ में उगले राज, चोरी का माल और बाइक जब्त

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जीवन सिंह (पिता कल्याण सिंह राठौर), निवासी बिंजाना के रूप में हुई। पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ और तलाशी में संदेही जीवन सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने फरार साथी के साथ मिलकर मोटर की केबल और स्टार्टर चुराने आया था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटर केबल और स्टार्टर बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा शाइन एसपी मोटरसाइकिल (क्र. MP41 ZL 4796) को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दूसरे आरोपी की भी सरगर्मी से तलाश जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका : यह प्रभावी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीरसिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस पूरी धरपकड़ में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, प्रधान आरक्षक लेखराज (842), आरक्षक यशपाल रायपुरीया (710), आरक्षक अजय जाट (900) और महिला आरक्षक मोनिका शर्मा (624) की सराहनीय भूमिका रही।

Dewas नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया लाभ

देवास। जिले के ग्राम पटलावदा में राजीव गाँधी पंचायती राज संगठन द्वारा अमलतास हॉस्पिटल के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की सैकड़ों माता-बहनों एवं ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवास के पूर्व महापौर ठाकुर जय सिंह ने इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए संगठन और अस्पताल टीम को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष मलखान सिंह देवड़ा ने आयोजन की सफलता पर ग्रामवासियों एवं समर्पित स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर गोवर्धन सिंह खींची, लुकमान अली, हरि सिंह तंवर, सिंह सिसोदिया, आनंद सिंह चौहान, जसमत पुरी, गजराज सिंह गोहिल, धन सिंह सोलंकी, राजेंद्र सिंह सिसोदिया, धर्मेंद्र गोस्वामी, श्रीवर्धन बना, इंद्र बना, अजय देवड़ा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उक्त जानकारी राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के मीडिया प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने दी।

Dewas भारत तिब्बत समन्वय संघ में जिला स्तर पर नई नियुक्तियां

देवास। चीन से भगवान भोलेनाथ के पवित्र ‘कैलाश मानसरोवर’ की मुक्ति और तिब्बत की पूर्ण स्वतंत्रता के मुख्य संकल्प को लेकर कार्य कर रहे सामाजिक संगठन ‘भारत तिब्बत समन्वय संघ’ ने देवास जिले में अपने संगठन का विस्तार किया है। संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।
यह सामाजिक संगठन वर्तमान में पूरे देशभर में तेजी से अपने पैर जमा रहा है। देवास जिले में भी यह लंबे समय से सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहा है। इसी कड़ी में संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ठाकुर , महामंत्री जयदेव वर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, संगठन में नई नियुक्तियां की गई हैं। जिसमें

  • संजय धारीवाल जिला गौरक्षा प्रभाग संयोजक,
  • श्रीमती रत्ना मिश्रा जिला महामंत्री (महिला विभाग),
  • विशाल गुजेवार जिला मानव अधिकार प्रभाग संयोजक,
  • संजय पौराणिक जिला संयोजक (योग एवं शिक्षा प्रभाग)

इन नई नियुक्तियों के माध्यम से संगठन ने गौरक्षा, महिला सशक्तिकरण, मानवाधिकार संरक्षण और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया है। पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए संगठन के सदस्यों द्वारा शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2026: एक्शन मोड में देवास नगर निगम, आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश और सौंपी जवाबदेही, लापरवाही पर ‘सेवा समाप्ति’ की चेतावनी

देवास : आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 में देवास को अव्वल बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने कमर कस ली है। मंगलवार को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को सौंपे गए विशेष दायित्व

आयुक्त दलीप कुमार ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके नियमित कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए विशिष्ट क्षेत्र आवंटित किए हैं:

  • उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया: 16 रहवासी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी।
  • उपायुक्त जाकिर जाफरी: व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई और गार्बेज निरीक्षण।
  • उपायुक्त आरती खेडेकर: स्लम क्षेत्र (बस्तियां) और थोक कचरा उत्पादकों (BWG) का कचरा निपटान।
  • उपायुक्त दीपक पटेल: जल संरचनाओं (तालाब/कुएं) और उनके आसपास की सफाई।
  • प्रभारी ई.ई. इंदुप्रभा भारती: RRR सेंटर, सौंदर्यीकरण और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP)।
  • सहायक यंत्री जगदीश वर्मा: उद्यानों की सफाई और कंपोस्ट पीट से कचरा निष्पादन।
  • SBM नोडल सौरभ त्रिपाठी: 29 रहवासी क्षेत्रों में नाला-नालियों की सफाई और सर्वे की संपूर्ण तैयारियां।
  • उपयंत्री जितेन्द्र सिसोदिया: फाउंटेन, सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय (CT/PT) और सर्वे मापदंडों की तैयारी।

डस्टबिन मॉनिटरिंग और फीडबैक पर जोर

आयुक्त ने अनुभूति श्रीवास्तव, सूर्यप्रकाश तिवारी सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रेस्टोरेंट, फल-सब्जी विक्रेताओं और चाट चौपाटी पर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने (Segregation) की सख्त मॉनिटरिंग करें। इसके साथ ही, सभी दरोगाओं को निर्देशित किया गया है कि वे रहवासियों से सतत संपर्क बनाए रखें और स्वच्छता को लेकर फीडबैक लें।

लापरवाही पर ‘सेवा समाप्ति’ की चेतावनी

बैठक के दौरान आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि फील्ड पर सफाई मित्रों और दरोगाओं की उपस्थिति की औचक जांच की जाएगी। यदि किसी वार्ड में सफाई व्यवस्था मानक के अनुरूप नहीं पाई जाती है या काम में चूक होती है, तो संबंधित कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी।


मुख्य हाइलाइट्स:

  • मिशन: स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 की तैयारी।
  • मुख्य निर्देश: हर अधिकारी को क्षेत्रवार जवाबदेही और नियमित निगरानी।
  • कठोर कदम: लापरवाही पर सेवा समाप्ति की चेतावनी।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: देवास से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए 20 जून को रवाना होगी ट्रेन, जानें आवेदन की अंतिम तिथि और पात्रता

देवास: देवास जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत हरिद्वार-ऋषिकेश की पावन यात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने जिले के पात्र नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है.

यात्रा का पूरा विवरण और महत्वपूर्ण तिथियाँ

  • प्रस्थान तिथि: 20 जून 2026.
  • वापसी तिथि: 23 जून 2026.
  • सीटों का कोटा: देवास जिले के लिए कुल 196 सीटें आवंटित की गई हैं.
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 06 जून 2026.
  • ट्रेन रूट: यात्रा ट्रेन देवास रेलवे स्टेशन से ही प्रारंभ होगी और यहीं वापस आएगी.

कौन कर सकता है आवेदन? (पात्रता नियम)

योजना का लाभ लेने के लिए निम्नलिखित शर्तों को पूरा करना अनिवार्य है:

  1. मूल निवासी: आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है.
  2. आयकर: आवेदक आयकरदाता (Income Tax Payer) नहीं होना चाहिए.
  3. आयु सीमा:
    • पुरुष: 60 वर्ष या उससे अधिक.
    • महिलाएं: आयु में 2 वर्ष की छूट, यानी 58 वर्ष या उससे अधिक.
    • दिव्यांग: 60 प्रतिशत से अधिक विकलांग व्यक्तियों के लिए आयु सीमा का कोई बंधन नहीं है.

आवेदन कैसे और कहाँ जमा करें?

इच्छुक श्रद्धालु अपना आवेदन पत्र भरकर नीचे दिए गए स्थानों पर जमा कर सकते हैं:

  • जिले के समस्त तहसील कार्यालय.
  • नगर निगम देवास कार्यालय.

विशेष नोट: यदि निर्धारित कोटे (196 सीटों) से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो तीर्थयात्रियों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा.


अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें

यात्रा से संबंधित विस्तृत नियम, निर्देश और आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट www.dharmasva.mp.gov.in पर उपलब्ध है.

कलेक्टर का संदेश: “हरिद्वार और ऋषिकेश की यह यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सुनहरा अवसर है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। पात्र नागरिक समय सीमा के भीतर आवेदन अवश्य करें।” — ऋतुराज सिंह, कलेक्टर, देवास

Dewas : अब खिलेगी बच्चों की मुस्कान; कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में ‘किलकारी अभियान 2.0’ का आगाज़

किलकारी अभियान 2.0′ में माताओं और बच्चों के पोषण पर होगा विशेष ध्यान

देवास (Dewas news)। जिले से कुपोषण को जड़ से मिटाने और बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में जिले में ‘किलकारी अभियान 2.0’ का भव्य शुभारंभ अमलतास अस्पताल (Amaltas Hospital) में किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना है।

गंभीर कुपोषित बच्चों का होगा 14 दिनों तक निःशुल्क उपचार

अभियान के अंतर्गत जिले के चिन्हांकित कुपोषित बच्चों की विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। जो बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित पाए जा रहे हैं, उन्हें 14 दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती कर उनका निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा ने अमलतास हॉस्पिटल का दौरा कर भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा की और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए…

जिले भर में भर्ती बच्चों के आँकड़े:

अभियान के तहत अब तक बड़ी संख्या में बच्चों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है:

  • अमलतास हॉस्पिटल: 242 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 72 बच्चे भर्ती हैं।
  • सोनकच्छ एनआरसी: 31 बच्चे।
  • कन्नौद एनआरसी: 50 बच्चे।
  • बागली एनआरसी: 38 बच्चे।
  • अन्य केंद्र: टोंकखुर्द (13), खातेगांव (13) और देवास (8) बच्चे भर्ती किए गए हैं।

सिर्फ बच्चे ही नहीं, माताओं के पोषण पर भी जोर

‘किलकारी अभियान 2.0’ की विशेषता यह है कि इसमें बच्चों के साथ-साथ माताओं के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। काउंसलिंग के जरिए माताओं को स्वच्छता, संतुलित आहार और बच्चों की सही देखभाल की शिक्षा दी जा रही है।

विभिन्न विभागों का संयुक्त प्रयास

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सफलता के लिए कई विभाग एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं:

  • महिला एवं बाल विकास विभाग स्वास्थ्य विभाग: बच्चों की पहचान और उपचार।
  • अमलतास अस्पताल: परिवहन (बस व मैजिक सुविधा), निःशुल्क उपचार और भोजन की व्यवस्था।
  • शिक्षा एवं ग्रामीण विकास विभाग: हॉस्टल और बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करना।

“बच्चों का पोषण हमारे देश का भविष्य तय करता है। ‘किलकारी’ अभियान हर बच्चे की मुस्कान और अच्छे स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा कदम है।” —ऋतुराज सिंह, कलेक्टर, देवास

अमलतास अस्पताल के चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने भी इस पुनीत कार्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. महावीर खंडेलवाल, डॉ. नेहा काकानी और जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग की समस्त टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।


Key Highlights:

  • अभियान: किलकारी 2.0 (देवास जिला)
  • सुविधा: 14 दिन निःशुल्क उपचार, भोजन और परिवहन
  • लक्ष्य: कुपोषण मुक्त देवास

Dewas: संपत्ति कर व जलकर वसूली के लिए नगर निगम सख्त, 4 करोड़ का टारगेट निर्धारित

देवास। शहर में राजस्व वसूली को लेकर नगर पालिक निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार, 4 मई को नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने संपत्ति कर (Property Tax) और जलकर (Water Tax) वसूली की विशेष समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने राजस्व अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

9 मई की ‘नेशनल लोक अदालत’ पर फोकस

आगामी 9 मई (शनिवार) को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए:

  • सभी वार्डों में संपत्ति कर और जलकर के पेंडिंग बिल मात्र 2 दिन के भीतर वितरित किए जाएं।
  • बकायादारों से लगातार जनसंपर्क किया जाए और उन्हें लोक अदालत में अपनी बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए।

4 करोड़ का लक्ष्य और ‘कुर्की’ की चेतावनी

नगर निगम आयुक्त ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में कसावट लाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए:

  • विभाग के लिए वसूली का 4 करोड़ रुपये का टारगेट निर्धारित किया गया है।
  • सभी वार्ड प्रभारी अपने-अपने वार्डों की बकाया सूची तैयार करें और घर-घर जाकर संपर्क करें।
  • जो करदाता लंबे समय से अपना कर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कुर्की (Property Attachment) की फाइलें तैयार की जाएं। लोक अदालत के बाद ऐसे डिफाल्टरों पर कुर्की की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कचरा संग्रहण शुल्क नहीं वसूला तो रुकेगा वेतन

समीक्षा बैठक के दौरान कचरा संग्रहण शुल्क (Garbage Collection Fee) की वसूली में धीमी प्रगति पाए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रभारियों को चेतावनी दी है कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं की गई, तो संबंधित अधिकारियों का वेतन रोक दिया जाएगा।

आम नागरिकों से निगम की अपील

नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने शहर के सभी करदाताओं से विशेष अपील की है कि वे 9 मई, शनिवार को आयोजित हो रही ‘नेशनल लोक अदालत’ में अपने संपत्ति कर और जलकर की बकाया राशि जमा करें। लोक अदालत के माध्यम से कर जमा करने पर शासन के नियमानुसार सरचार्ज में मिलने वाली विशेष छूट का लाभ उठाया जा सकता है।