Dewas : नवरात्रि पर्व में नगर निगम सीमा क्षेत्र की समस्त मांस दुकानों पर मांस विक्रय रहेगा प्रतिबंधित

देवास। शहर में आगामी नवरात्रि पर्व में नगर निगम क्षेत्र की समस्त प्रकार की मांस दुकानों पर मांस, चिकन, मटन के विक्रय प्रतिबंधित का आदेश नगर निगम द्वारा जारी कर दिया गया है।

बीते दिनों पार्षद राजेश यादव द्वारा नवरात्रि में मांस विक्रय पर प्रतिबंध का मांग पत्र नगर निगम आयुक्त को लिखा था। साथ ही पार्षद व सभापति रवि जैन ने भी नवरात्रि में मांस विक्रय पर प्रतिबंध लगाने हेतु आदेश पत्र लिखा था।

नगर निगम द्वारा सूचना पत्र के माध्यम से शारदीय नवरात्रि पर्व व चैत्रीय नवरात्रि पर्व के दौरान नगर निगम सीमा क्षेत्र में समस्त प्रकार की मांस विक्रय की दुकाने पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रखने के संबंध में नगर निगम क्षेत्र के समस्त मांस विक्रेता को सूचना पत्र जारी किया है।

पत्र में लिखा गया है की देवास नगर निगम क्षेत्र में मां चामुण्डा टेकरी एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थान है। जो सभी लोगो की श्रद्धा का केन्द्र है, और यहां शारदीय नवरात्रि पर्व व चैत्रीय नवरात्रि पर्व के दौरान दर्शनार्थी दूर दूर से माँ चामुण्डा टैकरी पर दर्शन करने आते हैं। इसी प्रकार पर्युषण महापर्व पर सभी लोग श्रद्धा का भाव रखते है।
अतः उपरोक्त वर्णित त्योहारों पर नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 254.255 में वर्णित प्रावधानों के अन्तर्गत नगर निगम देवास सीमा क्षेत्र में व्यवसायरत सभी प्रकार की मांस दुकानों पर मांस विक्रय (चिकन, मटन) प्रतिबंधित किया जाता है।

Dewas : LCD टीवी दिलाने के नाम पर लिए 15 हजार रूपए, वापिस मांगने पर बेल्ट से पीटा

देवास। बीएनपी थाना अंतर्गत क्षेत्र बामनखेड़ा में 18 वर्षीय युवक हरिओम सिंह कलोता से करीब चार माह पूर्व LCD टीवी दिलाने के नाम पर विशाल निवासी सिलाखेड़ी नामक व्यक्ति ने 15 हजार रूपए लिए थे जब हरिओम ने पैसे वापिस मांगे तो विशाल और उसके तीन अन्य साथियों ने हरिओम को उसके घर पर आकर उसके साथ मारपीट की जिसकी शिकायत हरिओम ने बीएनपी थाने में दर्ज कराई जिसपर पुलिस ने आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरियादी हरिओम सिंह ने बताया की उसे LCD टीवी खरीदना थी जिसके लिए उसने उसके परिचित विशाल नामक युवक को करीब चार माह पूर्व 15 हजार रूपए दिए थे। जब भी वह उससे टीवी या पैसे की बात करता तो वह आनाकानी कर देता और पुलिस के पास जाने की बात पर वह उसे डराता था। चार माह बीत जाने पर भी न तो विशाल ने टीवी लाकर दी और न ही पैसे लौटाए। जब उसने पैसे वापिस मांगे तो विशाल और उसके तीन अन्य साथी जतिन राठौड़, आकाश लावरिया और रिजवान ने हरिओम को उसके घर पर आकर उसके साथ बदसलूकी व गाली – गलौंज की और जतिन ने बेल्ट से उसके साथ मारपीट की जिससे उसे पीठ पर चोट आई है। जिसकी शिकायत हरिओम ने बीएनपी थाने में दर्ज कराई जिसपर पुलिस ने आरोपियों पर धारा 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Dewas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश सशक्त राष्ट्र की ओर गतिमान- राम सोनी

• भाजयुमो ने सेवा दिवस के रूप में मनाया मोदी जी का 72वां जन्मदिन

• रक्तदान एवं नेत्र परीक्षण शिविर लगाया, जिलेभर में कई स्थानों पर हुआ आयोजन

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण एवं संरक्षण को समर्पित हैं। वे नवभारत के जननायक और जन-जन की आकांक्षाओं के प्रतीक है। मोदीजी ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है और उनके कुशल नेतृत्व में भारत देश एक सशक्त संबल राष्ट्र की ओर गतिमान है। उनका व्यक्तित्व प्रत्येक देशवासी को प्रेरित करता है।
यह विचार भाजयुमो जिला अध्यक्ष राम सोनी ने भाजपा जिला कार्यालय पर रक्तदान शिविर के दौरान व्यक्त किए। भाजयुमो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन पर जिला अध्यक्ष श्री सोनी के नेतृत्व रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में 72 यूनिट रक्त एकत्रित कर जिला चिकित्सालय को सौंपा गया। जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी सतीश चौहान ने बताया कि रक्तदान शिविर के साथ ही रौनक आई केयर के सहयोग से नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने भी अपनी आंखों का परीक्षण करवाया। भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव ने रक्तदान किया एवं रक्तदान का महत्व बताया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, देवास संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री सोलंकी, जिला महामंत्री श्री यादव, मनीष सोलंकी, पोपेंद्रसिंह बग्गा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बहादुर मुकाती, जिला कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सह कोषाध्यक्ष अनिल चावड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं युवा मोर्चा जिला प्रभारी प्रखर दवे, काशी सारोठिया,जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण, जिला कार्यसमिति सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसी प्रकार बालगढ़ स्थित मॉडल स्कूल में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री सोनी के नेतृत्व में 100 पौधों का रोपण हरा भरा मध्यप्रदेश वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत एवं प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया गया। जिलाध्यक्ष श्री खंडेलवाल, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, विद्यालय प्राचार्य देवेंद्र बंसल, युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं स्कूल के विद्यार्थी सम्मिलित हुए। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिले के टोंकखुर्द, बागली, कन्नौद, खातेगांव आदि स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविर में 50 यूनिट से अधिक रक्तदान किया एवं संपूर्ण मंडलों में हरा भरा मध्यप्रदेश आभियान के निमित्त पंचायत स्तर पर पौधारोपण भी किया।

Dewas : 19 से 23 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में रहेगा विद्युत प्रदाय बंद

रामनगर से भोपाल रोड चौडीकरण के लिए पोल एवं डी.पी स्थानांतरण करने से विद्युत प्रदाय बंद रहेगा

देवास : सहायक यंत्री मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी देवास ने बताया कि रामनगर से भोपाल रोड चौडीकरण के लिए पोल एवं डी.पी स्थानांतरण करने से 19 सितंबर प्रातः 06 से 11 बजे 11 के.व्ही टाउन 1 एवं 11 के.व्ही टाउन 3 फीडर बंद रहने से अलंकार मार्केट , गोया , चामुण्डा काम्पलेक्स , शुक्रवारीया हाट , सुतार बाखल , अलंकार मार्केट , कर्मचारी कॉलोनी , नई आबादी , स्टेशन रोड , पशु हाट , गीताभवन विद्युत प्रदाय बंद रहेगा एवं दोप 01 से 04 बजे तक 11 के.व्ही पत्ती बाजार फीडर जर मोहल्ला , बिहारीगंज , वासुदेवपुरा क्षेत्र में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा ।
इसी प्रकार दिनाक 20 सितंबर को प्रातः 06:00 से 09:00 बजे तक 11 के.व्ही कलेक्टर फीडर बंद रहने से तारानी कालोनी , अग्रोहा नगर , लाठी वकील एवं प्रातः 11 से दोपहर 04 बजे तक 11 के.व्ही पत्ती बाजार फीडर एवं 11 के.व्ही राजवाडा फीडर कंजर मोहल्ला बिहारीगंज , वासुदेवपुरा एवं सुभाष चौक , जवाहर चौक , राजवाडा क्षेत्र में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा ।
21 सितंबर को प्रातः 06 से 11 बजे तक 11 के.व्ही माताजी फीडर बद रहने से भवानी सागर , कृष्णपुरा माताजी देकरी क्षेत्र में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा । 22 सितंबर को प्रातः 06 से 11 बजे तक 11 के.व्ही टाउन 1 एवं 11 के.व्ही टाउन 3 फीडर बंद रहने से अलंकार मार्केट , गोया , चामुण्डा काम्पलेक्स , शुक्रवारीया हाट , सुतार बाखल , अलंकार मार्केट , कर्मचारी कॉलोनी , नई आबादी , स्टेशन रोड , पशु हाट , गीताभवन क्षेत्र में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा।
इसी प्रकार 23 सितंबर को प्रातः 06 से 11 बजे तक 11 के.व्ही पत्ती बाजार फीडर बंद रहने से कंजर मोहल्ला बिहारीगंज , वासुदेवपुरा क्षेत्र में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा। आवश्यकतानुसार समय घटाया बढाया जा सकता है ।

Dewas : दो पक्षो में भूमि पर मवेशी चराने को लेकर हुआ विवाद, पाँच लोगो से की मारपीट, बुजुर्ग गंभीर

देवास/कांटाफोड़ : ज़िले के कांटाफोड़ थाना अंतर्गत आने वाले वनपरिक्षेत्र जिनवानी की निमलाय में वनभूमि पर अतिक्रमण के मामले को लेकर आदिवासी समुदाय के दो पक्षो मे मारपीट हुई। जिसमे 2 महिला एक पुरूष के हाथ मे फेक्चर हुआ व एक बुजुर्ग गंभीर घायल है जिसका इलाज इंदौर के एमवाय अस्पताल में जारी है।

कांटाफोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी शोभाराम पिता शंकर ने की रिपोर्ट पर आरोपी बनसिंह पिता रूमाल सिंह मुकेश पिता केदार माखन पिता केदार नारायण ब्रजेश पिता दशरथ गोपाल पिता नरसिंह रूपसिंह पिता माधू कालू पिता प्रेमसिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है

फरियादी का कहना है कि यह लोग मेरे खेत मे पुरे गांव के मवेशी लेकर मेरे खेत मे चराने पहुंचे। जब उन्हे मे और मेरे परिवार ने रोका तो उन्होंने मेरे परिवार के साथ मारपीट की। जबकि जिस भूमि पर मवेशी चराने की बात को लेकर विवाद हुआ वो भूमि को वन विभाग की है और इसपर शोभाराम द्वारा भी कब्जा कर रखा है। परन्तु वन विभाग ने इस बात से मना करते हुए कहा है की इसमें हमारा कोई हस्तक्षेप नही है ग्रामीणों का आपस का विवाद है फ़िलहाल पुलिस द्वारा फरियादी की रिपोर्ट पर उक्त आरोपियों के खिलाफ धारा 323 , 294 , 506 , 34 मे मामला पंजीबद्ध 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है वही दो आरोपी फरार है। कांटाफोड थाना के एस परस्ते ने बताया की मारपीट मे घायलों का उपचार चल रहा है। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Dewas शुक्रवारीया हाट से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 24 चाकू किए जब्त

देवास। शहर के शुक्रवारीया हाट से शनिवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चाकू बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तकरीबन 4800 रुपए कीमत के 24 तेज धार के चाकू जब्त किए है।

सीएसपी विवेक सिंह चौहान ने बताया कि बीते दिनों शहर में हुई चाकूबाजी की घटनाओं में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया था कि उन्होंने फेरी वालों से चालू खरीदे हैं। जिसके बाद हमने मुखबिर की सूचना पर इन चाकू बेचने वाले आरोपियों को आज गिरफ्तार कर उनपर 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए आरोपियों का नाम भोजराज देशमुख और अजय परमार है।

पुलिस ने भोजराज देशमुख उम्र 52 वर्ष निवासी इटावा, देवास को 13 तेज़ धार चाकुओं के साथ शुक्रवारियां हाट में दीपक जनरल स्टोर के सामने से जिनकी कीमत तकरीबन 2600 रुपए है के साथ गिरफ्तार किया है वही अजय परमार उम्र 42 वर्ष निवासी आवास नगर, देवास को शुक्रवारियां हाट के लाल गेट के पास से 11 तेज़ धार चाकुओं के साथ जिनकी कीमत तकरीबन 2200 रुपए है के साथ गिरफ्तार किया है। दोनो पर 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Dewas: शासकीय विधि महाविद्यालय में परीक्षा के नाम पर की जा रही थी अवैध वसूली

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने किया विरोध

देवास। शहर के शासकीय विधि महाविद्यालय देवास में छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों से प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर 100-100 रुपए लेने का आरोप अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने लगाया है।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/09/VID-20220917-WA0096.mp4

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ज़िला संयोजक गौतम पंचोली ने बताया की आज कुछ छात्रों द्वारा हमे पता चला की शासकीय विधि महाविद्यालय देवास में छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों से प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर 100-100 रुपए की अवैध वसूली हो रही है। जिसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लोगो ने शासकीय विधि महाविद्यालय में पहुंचकर इसका विरोध किया जिसके बाद यह वसूली बंद हुई। बता दे कि जब प्राचार्य से इस संबंध में छात्रों ने बात तो प्राचार्य का कहना है कि मुझे जानकारी नही है । इस अवैध वसूली में महाविद्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर का नाम आ रहा है। अगर मामले में उचित कार्यवाही नही होती है तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आंदोलन किया जावेगा।

Dewas : अबतक जिले में 51.26 इंच व शहर में 40.27 इंच औसत वर्षा दर्ज…

देवास। शहर सहित जिलेभर में निरंतर बारिश हो रही है। भारी बारिश को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर देवास द्वारा कक्षा नर्सरी से 12वीं तक सभी विद्यालय के लिए एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया। सड़को पर भारी जलजमाव को स्थिति देखने को मिल रही है। मंदिरो में गर्भगृह तक पानी पहुंच चुका है। शहर के शंकरगढ़ पहाड़ी पर भी अनेकों छोटे छोटे झरने बहने लगे है। जिले में अभी तक 1302.09 मिमी (51.26 इंच) औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। देवास शहर में अब तक 1023 मिमी (40.27 इंच) वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

देवास में भारी बारिश के बाद पहाड़ पर बहने लगे झरने

तेज बारिश के बाद शहर के शहर की कई निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई। नगर निगम की टीम के द्वारा पानी की निकासी की गई जवाहर नगर कबीर नगर में जिन स्थानों पर जलभराव हुआ था वहां महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने नगर निगम की टीम व अधिकारियों के साथ मौका मुआयना किया साथ हीपानी की निकासी के लिए और ज्यादा प्रबंध किए जाने के लिए निर्देशित किया। नगर निगम टीम द्वारा जवाहर नगर, कबीट नगर के साथ-साथ उज्जैन रोड स्थित आर एस ग्रीन कॉलोनी में नाले पर दीवार बना रखी थी। जिसे निगम की टीम ने पहुंचकर दीवार तोड़कर पानी की निकासी टीम द्वारा की गई। इसी के साथ चंदना रोड पर नाले का पानी रपट पर तेज आने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।

नगर निगम की टीम द्वारा नगर निगम कॉलोनी में आवास नगर, बीएनपी रोड स्टेशन के पास, गजरा गियर्स चौराहा वार्ड क्रमांक 25 में सरदाना स्कूल के पीछे आनंद नगर सिंधी धर्मशाला एवं पटवर्धन मार्ग, पानी निकासी के साथ मीठा तालाब के दोनों गेट खोले गए उत्तम नगर तथा त्रिलोक नगर एवं अलकापुरी कॉलोनी में इसी के साथ सेंट मैरी के आसपास के हिस्से में महाकाल कॉलोनी के साथ इटावा बस स्टैंड नाले के पास पानी की निकासी निगम की टीम द्वारा अपने संसाधनों से की गई इसी के साथ चंदाना रोड पर रपट पर ज्यादा पानी आने के कारण स्वास्थ्य विभाग के हेमंत जी मौजूद रहे

जारी मानसून सत्र में 16 सितम्‍बर तक की स्थिति में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अब तक औसत रूप से कुल 1302.09 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक देवास में 1023 मिमी, टोंकखुर्द में 1341 मिमी, सोनकच्छ में 1733 मिमी, हाटपीपल्या में 1062 मिमी, बागली में 1233 मिमी, उदयनगर में 1114.80 मिमी, कन्नौद में 1252 मिमी, सतवास में 1153 मिमी तथा खातेगांव में 1807 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।

जिले में पिछले 24 घंटों में 32.78 मिमी औसत वर्षा दर्ज
जिले में पिछले 24 घंटों में 32.78 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जिसमें देवास में 86 मिमी, टोंकखुर्द में 63 मिमी, सोनकच्छ में 86 मिमी, हाटपीपल्या में 15 मिमी, बागली में 4 मिमी, उदयनगर में 13 मिमी, कन्नौद में 10 मिमी, सतवास में 11 मिमी तथा खातेगांव में 7 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई

पिछले वर्ष अब तक 835.49 मिमी औसत वर्षा दर्ज
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 835.49 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। जिसमें देवास में 820 मिमी, टोंकखुर्द में 763 मिमी, सोनकच्छ में 890 मिमी, हाटपीपल्या में 919 मिमी, बागली में 692 मिमी, उदयनगर में 818.40 मिमी, कन्नौद में 828 मिमी, सतवास में 631 मिमी तथा खातेगांव में 1158 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

Dewas : भारी बारिश के चलते प्रशासन ने स्कूलों का किया अवकाश घोषित

देवास : देवास में बीते 48 घंटे से लगातार रुक रुक कर हो रही बारिश और शुक्रवार अल सुबह हुई तेज बारिश के बाद देवास में जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों का एक दिन का अवकाश घोषित किया।

देवास में लगातार 48 घण्टे से हो रही वर्षा के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से 16 सितंबर शुक्रवार को देवास जिले के समस्त शासकीय अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिले में लगातार बारिश को दौर जारी है। गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक तेज बारिश होने से अल सुबह प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूलों के अवकाश का नोटिस निकाला। लेकिन तब तक कई स्कूल लग चुके थे या कुछ लगने वाले थे। स्कूल वाले भी असमंजस में रहे उन्हें भी आदेश देरी से मिला ऐसे में कई पेरेंट्स बच्चों को लेकर स्कूल पहुंच गए।

Dewas जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में पशुओं का परिवहन, पशु मेला एवं पशुओं के हाट बजार प्रतिबंधित

अन्य जिलो/राज्यों से देवास जिला क्षेत्र की सीमा में पशुओं का प्रवेश पर भी प्रतिबंध

देवास : लंपी स्किन डिसीज रोग के संक्रमण से जिले के पशुओं को बचाने के लिए कलेक्‍टर एवं जिला दण्‍डाधिकारी श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 अन्तर्गत जन सामान्य के हित/जानमाल एवं लोक शांति को बनाये रखने के लिए देवास जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में पशुओं का परिवहन, पशु मेला एवं पशुओं के हाट बजारों को प्रतिबंधित लगाया है। अन्य जिलो/राज्यों से देवास जिला क्षेत्र की सीमा में पशुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। आदेश आगामी दो माह तक प्रभावशाली रहेगा तथा प्रभावशाली अवधि में आदेश का उल्लंघन धारा 188 भारतीय दण्ड विधान अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आयेगा।
लंपी स्किन डिसीज पशुओं की एक विषाणु जनित रोग है, जो कि पाक्स वायरस द्वारा पशुओं में फैलती है। यह रोग मच्छर एवं काटने वाली मक्खी एवं टिक्स आदि से एक पशु से दुसरे पशु में फैलता है। वर्तमान में जिला देवास में लंपी वायरस के संक्रमण का प्रकोप पशुओं में नहीं है। उक्त संक्रमण गौवंशीय/भैसवंशीय पशुओं ने मुख्यतः गौवंश में ज्यादा फैलता है।
यह आदेश आम जनता के महत्व का है तथा आम जनता से सम्बंधित है जिसकी व्यक्तिशः सूचना दी जाना सम्भव नहीं होने से दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत एक पक्षीय पारित किया जाता है। आदेश से व्यथित व्यक्ति दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 (5) के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा।