Dewas उज्जैन का तस्कर कर रहा था MD ड्रग्स की तस्करी, आरोपी गिरफ्तार 14 ग्राम से ज्यादा ड्रग्स जब्त

देवास। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग की तस्करी करते हुए एक उज्जैन निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के पास से 14 ग्राम से ज्यादा ड्रग्स जब्त की है।
दरअसल पुलिस अधीक्षक देवास के द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपियों के विरूद्ध मिशन स्तर पर सख्ती से कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। जिस पर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में शहर अंतर्गत निरन्तर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपियो की धड़पकड़ हेतु निरन्तर संदिग्ध स्थानो पर दबिश दी जा रही है। इसी तारतम्य में सोमवार को थाना नाहर दरवाजा पुलिस को मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति इन्दौर-भोपाल बायपास गुजरात ढाबे के पीछ कच्चे रास्ते तरफ अवैध मादक पदार्थ लेकर खडा है। मुखबिर की सूचना पर से तत्काल थाना प्रभारी नाहर दरवाजा मय फोर्स के मुखबिर द्वारा बताये गये स्थान इन्दौर-भोपाल बायपास गुजरात ढाबे के पीछ कच्चे रास्ते पर पहुंची जहां उक्त हुलिये का व्यक्ति दिखा जो पुलिस को देखकर भागने लगा जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकडा। आरोपी ने अपना नाम अमन कुरैशी पिता शाकिर कुरैशी उम्र 22 साल निवासी लोहे पुल कोट मोहल्ला जिला उज्जैन बताया। आरोपी के पास से एम.डी.(मेफेड्रोन ड्रग) 14.7 ग्राम एवं एक काले लाल रंग की बजाज पल्सर मोटर सायकल जप्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध थाने पर धारा 8/22 NDPS Act का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी उज्जैन में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।

Dewas फर्जी लिंक के माध्यम से भेजी अश्लील वीडियो, बाद में एफआईआर के नाम पर हजारों की ठगी का प्रयास…

  • 3 अलग- अलग मामलों में कियोस्क संचालकों की सूझ-बूझ से टले साइबर फ्रॉड…

देवास। साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट के बारे में जागरूकता अभियान ऑपरेशन साइबर चला रही है जिसकी सतर्कता देखने को भी मिल रही है। हाल ही में पुलिस के अभियान के कारण मिली जागरूकता से तीन अलग अलग प्रकरण में ठगी का शिकार होने से लोग बचे है।

तीन प्रकरण जीने ठगी का शिकार होने से बचे लोग

  1. फर्जी लिंक के माध्यम से अश्लील वीडियो और ठगी का प्रयास:
    एक छात्र को मोबाइल पर एक फर्जी लिंक प्राप्त हुआ,जिस पर क्लिक करने पर अश्लील वीडियो प्रदर्शित हुआ बाद में उसे फोन आया कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो रही है और छात्र से 28,000 की मांग की गई। छात्र यह राशि जमा करने सतवास के जन्नत कियोस्क सेंटर पहुंचा। कियोस्क संचालक शाबिर खान ने छात्र को समझाइश देकर राशि जमा करने से रोका तथा फर्जी लिंक से सावधान रहने की सलाह दी, जिससे छात्र साइबर ठगी से बच गया।
  2. ऑनलाइन भैंस खरीदी के नाम पर ठगी का प्रयास:
    एक व्यक्ति से ऑनलाइन भैंस खरीदने के नाम पर 65,000 की सौदेबाज़ी की गई,जिसमें 10,000/- एडवांस मांगे गए। जब वह व्यक्ति यह राशि जमा करने कियोस्क पर पहुंचा, तो कियोस्क संचालक शाबिर खान ने पुनः सतर्कता बरतते हुए लिंक को फर्जी बताते हुए उसे ठगी से बचा लिया।
  3. पुलिस बनकर ठगी का प्रयास:
    म.प्र. ग्रामीण बैंक के कियोस्क संचालक अरविन्द गुर्जर के पास एक व्यक्ति आया और घबराहट में बताया कि उसका बेटा पुलिस की हिरासत में है और उसे छुड़ाने के लिए 28,000 ऑनलाइन भेजने को कहा गया है। गुर्जर ने तत्काल स्थिति की जांच करते हुए संबंधित युवक से संपर्क किया, जिसने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। इस प्रकार, अरविन्द गुर्जर की सतर्कता से 28,000 की ठगी को रोका गया।

उक्त तीनों मामलों में कियोस्क संचालकों की सतर्कता और सूझ-बूझ ने आम नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाया गया । उनके इस सराहनीय कार्य हेतु थाना प्रभारी सतवास बी.डी. बीरा द्वारा दोनों कियोस्क संचालकों को थाना परिसर में बुलाकर माला पहनाकर सम्मानित किया गया एवं उनके इस सराहनीय कार्य हेतु प्रशंसा की गई ।

दरअसल पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा नागरिकों को सायबर फ्रॉड से बचाने एवं फ्रॉड राशि फरियादी को पुनः वापस करवाने हुतु “ऑपरेशन सायबर” चलाया जा रहा है । जिस हेतु गृह मंत्रालय द्वारा सायबर हेल्पलाईन नम्बर 1930 एवं सायबर सेल देवास द्वारा हेल्पलाईन नम्बर 7587611376 जारी किया गया है । जिस पर आवेदक फ्रॉड होने या धमकी भरे कॉल आने की स्थिती में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकता है जिससे की आम नागरिको को फ्रॉड होने से बचाया जा सके । इसी क्रम में निम्न लोगो को सायबर फ्रॉड होने से बचाया गया।

Dewas खेड़ापति मंदिर के सम्मुख पसरी गंदगी क्षेत्र के दरोगा, स्वच्छता निरीक्षक एवं सहा. स्वास्थ्य अधिकारी का 7-7 दिन का वेतन रोका

  • वर्षाकाल के पूर्व बड़े नालों की सफाई की जावेगी, 50 कर्मचारियों का बनेगा विशेष दल : आयुक्त
  • क्या इस वर्ष शहर की सुंदरता और छवि को खराब होने से रोक पाएगा निगम..?

देवास। नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा के द्वारा विधायक महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल के साथ नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले की बैठक ली गई जिसमें खेड़ापति मंदिर के सम्मुख गंदगी पाई जाने जिससे कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होने पर क्षेत्र के दरोगा राजकुमार कल्याणे, स्वच्छता निरीक्षक विजय सांगते एवं सहा. स्वास्थ्य अधिकारी भूषण पवांर के 7-7 दिवस के वेतन को रोका गया तथा भविष्य में सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई जाने पर विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित करने के सख्त चेतावनी भी दी गई।

वर्षाकाल के पूर्व बड़े नालों की सफाई की जावेगी: आयुक्त
बैठक में वर्षाकाल में बड़े नालों की की सफाई, जल जमाव वाले क्षेत्रों के चिन्हांकन करने साथ ही मुख्य मार्गों की व्यापक सफाई करने की कार्य योजना बनाने के निर्देश जारी किये गये। आयुक्त ने बैठक में निर्देश दिये कि बड़े नालों की सफाई व्यापक रूप से कर इससे निकलने वाले गाद को भी शीघ्र उठाया जावे। तथा शहर में तीन बत्ती क्षेत्र, बस स्टेण्ड, मुक्धिाम व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जल जमाव की स्थिति नहीं बनने पाये। बड़े नालों की सफाई में सुरक्षा उपकरणों के साथ ही संसाधनों में जेसीबी आदि लगायें। निगम द्वारा इस कार्य हेतु 50 कर्मचारियों का विशेष दल बनाया जायेगा। छोटे नालों एवं नालियों में जहां मरम्मत की आवश्यकता है वहां मरम्मत करें।

क्या वर्षाकाल पूर्व होगी बड़े नालों की व्यापक सफाई? देवास नगर निगम प्रतिवर्ष वर्षाकाल के पूर्व बड़े नालों की व्यापक सफाई की बाते करता है साथ ही सफाई के दावे भी करता है परन्तु प्रतिवर्ष बारिश के दौरान का नतीजा ओर नगर निगम के दावो की पोल खुल जाती है। और नालियों से उफनता गंदा पानी जब सड़कों पर बहता है तो वह शहर की सुंदरता के साथ शहर की छवि को भी खराब करता है। लेकिन अब देखना होगा इस वर्ष क्या नगर निगम पूर्व से ही तैयारी कर शहर की सुंदरता और छवि दोनों को बरकरार रखेगा या इस वर्ष भी वर्षा के दौरान प्रतिवर्ष अनुसार की स्थिति से ही जनता को सड़कों पर गंदे नाले के पानी का बहाव देखने को मिलेगा?

बैठक में निगम उपायुक्त वित्त दीपक पटेल, स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसौदिया, सहा. यंत्री जगदीश वर्मा, उपयंत्री दिनेश चौहान एवं उपयंत्री, सहा.स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वच्छता निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।

Dewas होटल एवं लॉज में रूकने वाले लोगो की पुलिस ने की प्रभावी चैकिंग…

  • 2 होटल में पाई गई अनियमितता, दोनों होटल के संचालकों पर प्रकरण दर्ज

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा जिला देवास के समस्त थाना क्षेत्रों अन्तर्गत प्रभावी रूप से गश्त कर होटल/लॉज/धर्मशालाओं में रूकने वाले लोगो की चेकिंग कर शाम एवं रात्रि में गश्त/पेट्रोलिंग करते हुए अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया है। जिस पर से पुलिस बल ने होटल, ढाबों, लॉज बाहर से आकर रूके लोगों एवं फेरी बालो को चेक किया गया। उनके द्वारा थाने में मुसाफिरी दर्ज कराई गई है या नही कितने लोग है कहां-कहां जाते है, क्या करते है इत्यादि बिन्दुओ की तस्दीक की गई ।

इसी क्रम में औद्योगिक थाना प्रभारी द्वारा अपने थाने की टीम के साथ मिलक थाना क्षेत्र के होटलों को चैक किया जा रहा था। इस दौरान होटल रींगस कैलादेवी रौड़, देवास तथा होटल गोल्डन विंग्स, सर्विस रोड़ विकासनगर चौराहा के पास देवास को चेक किया गया जिसमें होटल पर ठहरने वाले लोगो का रजिस्टर चेक करते रजिस्टर मे विधिवत एन्ट्री नही पाई गई न ही ठहरने वाले लोगो के आई.डी. प्रुफ का संधारण पाया गया, न ही ठहरने वाले लोगो कि होटल संचालक द्वारा थाने पर सूचना दी गई।

जो कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जिला देवास (म.प्र.) के आदेश का उल्लंघन था।
जिससे होटल रींगस कैलादेवी रौड़, देवास के संचालक अशोक सोलंकी उम्र 54 साल निवासी देवास एवं होटल गोल्डन विंग्स, सर्विस रोड़ विकासनगर चौराहा के पास देवास के संचालक विपिन दायमा उम्र 28 साल निवासी म.नं. 23/3 भवानीसागर देवास पर दोनो संचालको के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिये जाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

इसी के साथ पुलिस ने थाना/चौकी क्षेत्र में पैदल/मोबाइल वाहन से भ्रमण किया जाकर भ्रमण के दौरान होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थानों आदि की औचक चैकिंग करते हुये अवैध रूप से जमाबड़ा कम करने एवं किसी प्रकार की अवैध गतिविधियां न हो इसकी समझाईश दी गई इसके अतिरिक्त शराब दुकान के आस-पास बैठकर शराब पीने वालो को आवश्यक हिदायत देकर वहां से जाने को कहा गया।

Dewas प्रेस क्लब आयोजित करेगी पत्रकारों के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला, वरिष्ठों का सम्मान…

देवास। प्रेस क्लब देवास की हुई प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णयों पर सहमति बनाने हेतु वृहद कार्यकारिणी की एक बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, साथ ही कार्यक्रमों के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई। प्रेस क्लब की इस बैठक में सर्वप्रथम प्रेस क्लब अध्यक्ष ललित शर्मा ने आगामी कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की, वहीं प्रेस क्लब सचिव शेखर कौशल ने कार्यक्रमों की रूपरेखा के बारे में विस्तार से बताया।

बैठक में उपस्थित वृहद कार्यकारिणी के सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए विचार व्यक्त किए। बैठक में सर्वानुमति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही पत्रकारों के लिए कार्यशाला (वर्कशॉप) आयोजित की जाएगी। जिसमें प्रेस क्लब में अपना अहम योगदान देने वाले पूर्व प्रेस क्लब वरिष्ठो का सम्मान किया जाएगा। इस आयोजन के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई। साथ ही आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब के दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में वृहद पौधारोपण किये जाने का भी निर्णय लिया। कार्यक्रमों से पूर्व सभी सदस्यों के नवीन कार्ड बनाकर वितरित करने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा नवनिर्मित प्रेस क्लब वाटिका में अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी समिति गठित की गई।

बैठक में प्रेस क्लब उपाध्यक्ष खुमान सिंह बैस, शकील खान, सहसचिव अशोक पटेल, कार्यकारिणी सदस्य चेतन राठौड़, वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत उपाध्याय, तरुण मेहता, विनोद जैन, अतुल बागलीकर, खूबचंद मनवानी, राजेश पाठक, राजेंद्र चौरसिया, शैलेंद्र अड़ावदिया, जितेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।

Dewas जिले के संपूर्ण क्षेत्र के लिए कलेक्टर ने जारी किये प्रतिबंधात्मक आदेश

कोई भी व्यक्ति, समूह, संस्था सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के हथियार, आग्नेय शस्त्र, हॉकी, डण्डा, रॉड लेकर नहीं चलेगा

सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी स्थान पर सभा, धरना प्रदर्शन, जुलूस, रैली, सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा

कोई भी किसी दल, धर्म, जाति, सम्प्रदाय, संस्था, व्यक्ति विरोधी आपत्तिजनक मैसेज/चित्र/कमेंट/ बैनर/पोस्टर आदि अपलोड नहीं करेगा।

देवास। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋतुराज सिंह ने जन सामान्य के हित/जानमाल की सुरक्षा तथा लोकशांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1)(2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए देवास जिले के संपूर्ण क्षेत्र के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किये है।

  • जारी आदेश अनुसार कोई भी व्यक्ति, समूह, संस्था या अन्य पक्ष सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के धारदार या अन्य हथियार, आग्नेय शस्त्र, हॉकी, डण्डा, रॉड इत्यादि लेकर नहीं चलेगा अथवा दुरूपयोग नहीं करेगा और न ही प्रदर्शन करेगा।
  • कोई भी व्यक्ति, समूह, संस्था या अन्य पक्ष सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी स्थान पर सभा, धरना प्रदर्शन, जुलूस, रैली, सार्वजनिक कार्यक्रम आदि का आयोजन नहीं करेगा।
  • कोई भी व्यक्ति संस्था, समूह या अन्य पक्ष सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना डी.जे./ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग नहीं करेगा।
  • कोई व्यक्ति संस्था, समूह या अन्य कोई भी धरना, जुलूस, प्रदर्शन, सभा या रैली आदि में एसिड, पेट्रोल, केरोसिन आदि ज्वलनशील पदार्थ अपने पास नहीं रखेगा या लेकर नहीं चलेगा या उपयोग नहीं करेगा।
  • कोई भी व्यक्ति संस्था समूह या अन्य किसी भी स्थान पर किसी भी प्रयोजन हेतु सक्षम अधिकारी की अनुमति बिना टेंट, पांडाल आदि का स्थाई या अस्थाई निर्माण नहीं करेगा।
  • कोई भी व्यक्ति, समूह, संस्था या अन्य पक्ष किसी भी सड़क, रोड़, रास्ता हाईवे, आदि पर एकत्रित होकर यातायात में व्यवधान नहीं करेंगे या किसी अन्य प्रकार से कोई रुकावट उत्पन्न नही करेंगे या किसी व्यक्ति को आने जाने एवं उसके कार्य करने से नहीं रोकेंगे।
  • कोई भी व्यक्ति, समूह, संस्था या ग्रुप एडमिन या अन्य सोशल मीडिया/इलेक्ट्रॉनिक संसाधन जैसे मोबाइल, कम्प्यूटर, फेसबुक, ई-मेल, व्हाट्सएप्प एवं अन्य प्रकार के संचार साधनों पर किसी दल, धर्म, जाति, सम्प्रदाय, संस्था, व्यक्ति विरोधी एवं आमजन की भावना भड़काने वाले अथवा किसी को बुरा लगने या आहत करने वाले व कानून व्यवस्था की विपरीत स्थिति निर्मित करने वाले आपत्तिजनक मैसेज/चित्र/कमेंट/बैनर/पोस्टर आदि अपलोड नहीं करेगा/प्रदर्शित नहीं करेगा।
  • जिले में शांति-कानून व्यवस्था तथा आमजन की सुरक्षा व सुविधा में संलग्न और शासकीय कर्तव्य पर उपस्थित एवं ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों/पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के लिए यह निर्देश लागू नहीं होंगे। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाएं रखने हेतु इन्हें आवश्यक वैधानिक छूट प्राप्त होगी। आवश्यक होने पर जिले में पदस्थ अनुविभागीय दण्डाधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित नगर पुलिस अधीक्षक/अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) से परामर्श कर आवश्यक प्रतिबंध/शर्तों पर किसी कार्यक्रम की अनुमति प्रदान करने हेतु अधिकृत रहेंगे।
  • यह आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा। उक्त आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आता है, अपने अनुभाग क्षेत्र में संबंधित एसडीएम/एसडीओ (पी) आदेश का पालन सुनिश्चित कराएंगे। यह आदेश 02 माह तक प्रभावशील रहेगा।

Dewas पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, मोटरसाइकिल चोरी कर फिरौती की करते थे मांग, दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

देवास। पुलिस ने बढ़ी सफलता प्राप्त करते हुए मोटरसाइकिल चोरी कर मालिक से उसके एवज में फिरौती मांगने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।

दरअसल फरियादी रोहित निवासी पीपलरवां हाल निवासी बावड़िया देवास ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सहपरिवार मीना बाजार विकास नगर देवास में मेला देखने गए थे। शाम अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस को बाहर खड़ा कर अंदर गए थे। जब वह वापस आया तो देखा कि वाहन चोरी हो गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी हेतु निर्देशित किया गया था। जिस पर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विशेष टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आस-पास के सीसीटीव्ही फुटेज चैक किये गये।

फरियादी द्वारा पुलिस को सूचित किया गया कि चोर द्वारा चोरी की गई मोटरसाइकिल फिरौती के रूप में 12 हज़ार रुपए लेकर लौटाई गई है। जिस पर से तकनीकी एवं मुखबिर साक्ष्य के आधार पर आरोपी सुमित सिसौदिया उम्र 23 वर्ष निवासी कंजर डेरा पीपलरवां को पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्रारंभिक पुछताछ करने पर उसने अपने साथी हेमन्त झांझा उम्र 23 वर्ष निवासी कुमारिया बनवीर थाना पीपलरवां के साथ चोरी की वारदात कर फिरौती लेकर मोटरसाइकिल को वापस लौटाना स्वीकार किया। दोनो आरोपियो को गिरफ्तार कर उनसे पुछताछ करने पर अन्य चोरी की वारदात करना भी स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक ओर चोरी की मोटरसाइकिल होंडा शाइन वाहन बरामद किया गया है । माननीय न्यायालय से आरोपियो को पुलिस रिमांड लेकर अग्रिम कार्यवाह की जा रही है ।

सरस्वती ज्ञान पीठ के छात्र-छात्राओं ने हाई स्कूल एवं हायर सेंकण्डरी परीक्षा में मारी बाज़ी

देवास। हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा परिणाम में सरस्वती ज्ञान पीठ उ.मा.विद्यालय देवास हाई स्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 74.28 प्रतिशत रहा जिसमें 16 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में. 10 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में रहे। इसी प्रकार हायर सेकण्डरी का कुल परीक्षा परिणाम 62.5 रहा जिसमें 40 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में, 20 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। हाई स्कूल में प्रथम श्रेणी में निशि मिश्रा 92 प्रतिशत, वंशिका पांचाल 91.8 प्रतिशत, प्रिया कश्यप 86.6 प्रतिशत, कुशाग्र नवले 84.6 प्रतिशत, सोफिया अली 82.6 प्रतिशत, हायर सेंकण्डरी में प्रथम श्रेणी में शाश्वत सावॅलिया 91.4 प्रतिशत, मुस्कान कुमारी 82.4 प्रतिशत, रोहित सोलकी 79.2 प्रतिशत, द्विव्यांशी चौहान 78 प्रतिशत, प्राची रजवानी ने 77.8 प्रतिशत हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थी को विद्यालय संचालक प्रेमनाथ तिवारी, प्राचार्य सुषमा निगम एवं उपप्राचार्य कमल पवार और राजन तिवारी सभी शिक्षकों की ओर से एवं सफल हुए सभी छात्र-छात्राओं व अभिभावक को विद्यालय परिवार की ओर से बहुत बधाई एवं शुभकामनाए दी।

द गार्जियन स्कूल के कक्षा 10वी परीक्षा के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट परिणाम

देवास । द गार्जियन स्कूल के कक्षा 10 वी के विद्यार्थियो ने इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रियांशी चौहान ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल मे प्रथम स्थान प्राप्त किया। दक्ष वाकडे ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलकित शर्मा ने 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान एवं अदिति मालवीय ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। अधिकांश छात्रो ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, वही कुछ छात्रों ने 92.6 प्रतिशत तक अंक प्राप्त किए जो उनकी मेहनत और गुणवत्ता को दर्शाता है। विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टॉफ ने बच्चो के उज्जवल भविष्य की कामना की।

समर कैंप जैसे आयोजनों से बच्चों को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरणा मिलती है : रायसिंह सेंधव

सतपुड़ा एकेडमी में किया जा रहा है समर कैम्प का आयोजन

देवास । संस्था द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान समर कैंप का आयोजन कर बच्चों को विविध कलाओं व खेलों का प्रशिक्षण दिया जाना एक अत्यंत सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार के शिविर बच्चों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं वैभव विहार शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने कही। वे मक्सी रोड स्थित तुलजा विहार कॉलोनी में संचालित सतपुड़ा एकेडमी द्वारा आयोजित समर कैंप के अवलोकन अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्री सेंधव ने समर कैंप में भाग ले रहे प्रतिभागियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षकों से भी चर्चा की। सतपुड़ा एकेडमी में चल रहे इस समर कैंप में खो-खो, फुटबॉल, थ्रो बॉल, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग, कराते, संगीत, नृत्य, आर्ट एंड क्राफ्ट, सिलाई-कढ़ाई, चित्रकला, ज्वेलरी मेकिंग, मेंहदी, लेखन आदि विधाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। श्री सेंधव ने कहा कि ऐसे शिविर न केवल छात्रों की रुचियों को पहचानने में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है और आने वाली पीढ़ी को मजबूत आधार प्रदान करती है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी ।

सतपुड़ा एकेडमी में किया जा रहा है समर कैम्प का आयोजन

देवास । संस्था द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान समर कैंप का आयोजन कर बच्चों को विविध कलाओं व खेलों का प्रशिक्षण दिया जाना एक अत्यंत सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार के शिविर बच्चों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं वैभव विहार शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने कही। वे मक्सी रोड स्थित तुलजा विहार कॉलोनी में संचालित सतपुड़ा एकेडमी द्वारा आयोजित समर कैंप के अवलोकन अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्री सेंधव ने समर कैंप में भाग ले रहे प्रतिभागियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षकों से भी चर्चा की। सतपुड़ा एकेडमी में चल रहे इस समर कैंप में खो-खो, फुटबॉल, थ्रो बॉल, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग, कराते, संगीत, नृत्य, आर्ट एंड क्राफ्ट, सिलाई-कढ़ाई, चित्रकला, ज्वेलरी मेकिंग, मेंहदी, लेखन आदि विधाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। श्री सेंधव ने कहा कि ऐसे शिविर न केवल छात्रों की रुचियों को पहचानने में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है और आने वाली पीढ़ी को मजबूत आधार प्रदान करती है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी ।