Dewas जैन समाज सामाजिक संगठन का मिलन समारोह हुआ आयोजित 

जिलेभर के सकल जैन समाज के ट्रस्ट मंडल के प्रतिनिधि हुए एकत्रित 

जैन महासंघ जिला देवास के अध्यक्ष रवि जैन एवं राजेश जैन सचिव मनोनीत

देवास। जैन समाज के उत्थान, विकास एवं समरसता के उद्वेश्य से जिला मुख्यालय पर जैन समाज सामाजिक संगठन (रजि) द्वारा देवास जिले के सकल जैन समाज के ट्रस्ट मंडलों के पदाधिकारी का महा मिलन समारोह आयोजित किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। जैन समाज सामाजिक संगठन के संयोजक नरेंद्र जैन, अध्यक्ष महावीर जैन, सचिव दिलीप चौधरी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, संयुक्त सचिव प्रवीण पानौत, पारस जैन, सहसंयोजक निलेश जैन कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद जैन, आर सी जैन, संजय तलाटी और गिरीश संघवी द्वारा मंचासीन अतिथि नरेंद्र जी पाटौदी, कैलाश जी जैन, रवि जी जैन, राजकुमार की नाहर का सामाजिक दुपट्टा, मोती माला पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया गया ।

इसके पश्चात कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष महावीर जैन ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी महानुभावों का स्वागत किया। इसके पश्चात संगठन सचिव ने संबोधन देते हुए कहा कि पूरे जिले में जैन समाज को संगठित होने के लिए एक महासंघ निर्माण की आवश्यकता थी जिसकी पूर्ति जैन महासंघ जिला देवास करेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र जी पाटोदी ने संबोधन देते हुए कहा कि आज देवास के लोगों ने जो पहल की है उससे समाज एक होगा यह समाज के लिए बहुत भाग्य की बात है। जैन महासंघ जिला देवास के सहयोग के लिए मै हमेशा तैयार खड़ा रहूंगा। महासंघ में सबको साथ लेकर चलना सबसे बड़ी बात होती है मैं आश्वस्त हूं कि इस महासंघ में सबको साथ लेकर चलने की ताकत है जो इस महासंघ के सफल होने का एक कारण भी है आगे श्री पाटौदी ने कहा कि देवास जिले की सीमा क्षेत्र बहुत बड़ी है बागली, चापड़ा सतवास आदि घाट नीचे के क्षेत्र के जैन समाज का सदस्य आज भी मुख्यालय के समाज के सदस्यों से दूर था इस महासंघ के माध्यम से उसकी दूरी कम होगी और मैं महासंघ के पदाधिकारियों से निवेदन करता हु कि आगे के अपने मिलन समारोह घाट नीचे वाले क्षेत्र में आयोजित करना चाहिए जिससे वहा का जैन समाज का सदस्य भी समाज की मुख्य धारा से जुड़कर समाज को संगठित करने में अपना सहयोग प्रदान कर सके। इसके पश्चात पंचायत अतिथि एवं जिले भर से पधारे समाज के ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। 

 संगठन पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन के संयोजक श्री नरेंद्र जी जैन नए संबोधन की शुरुआत श्री महावीर स्वामी भगवान की जय करते हुए बताया कि आज आयोजित इस मिलन समारोह में जिले भर से बड़ी संख्या में उपस्थित हुए महानुभावों को देखकर मेरा मन भावविभोर हो उठा है। इससे मैं यही कहूंगा कि बुलाने वाला चाहिए आने वाला तैयार बैठा है। आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि जैन समाज संख्या में कम होने के बाद भी सक्षम समाज है। विगत 30 जून 2024 को हमने एक मिलन समारोह आयोजित किया था जिसमें जिले के समस्त जैन ट्रस्ट मंडलों के उपस्थिति में एवं उनकी आज्ञा से जिले का एक महासंघ बनाने का फैसला किया गया था जो आज पूर्ण हुआ है। 

कार्यक्रम में आगे नगर निगम सभापति रवि जैन ने संबोधन करते हुए कहा विगत 30 जून 2024 को हुए जिले भर के जैन समाज के सभी ट्रस्ट मंडलों के ट्रस्टीयो ने अपने-अपने विचार व्यक्त कर हमें मार्गदर्शित किया था कि हमें एक ऐसा संगठन बनाना चाहिए जो देवास में समाज की अपनी एक आवाज बन सके आज हम अलग-अलग वर्ग के होकर भी एक जैन बनकर इस सभागृह में बैठे हैं यह सबसे बड़ी बात है यह आगाज है इस बात की देवास जिले के समस्त जैन एक है हम अल्पसंख्यक होकर भी सक्षम है जैन अच्छे से अच्छा खिलाता भी है तो भूखा भी सबसे ज्यादा रह लेता है यही हमारी पहचान है हमारी संस्कृति, हमारी परंपरा हमारी पहचान है जिले में एक सामाजिक संगठन होने की बहुत आवश्यकता थी क्योंकि संख्या में अल्पसंख्यक में भी हम अल्पसंख्यक है लेकिन जैन में जन्म से ही तेज दिमाग और प्रतिनिधित्व करने का ज्ञान होता है यह बात जैनियों को सक्षम बनाती है पर कुछ सामाजिक मामले ऐसे होते हैं जिसमें पूरे समाज को एक संगठित होने की आवश्यकता होती है और यह महासंघ जिले के समाज के इस रिक्त स्थान को पूर्ण करेगा यह महासंघ देवास जिले के जैनियों को अल्पसंख्यक होते हुए भी बहुसंख्यक होने का भाव देगी। 

संबोधन पश्चात संयोजक नरेंद्र जी जैन द्वारा घोषणा करते हुए जैन समाज सामाजिक संगठन के अधीन गठित हुए जैन महासंघ जिला देवास के लिए श्री रवि जैन को अध्यक्ष एवं श्री राजेश जैन को सचिव मनोनीत किया बाकी कार्यकारिणी की घोषणा भी जल्द की जावेगी जो जिले भर के ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधियों को सम्मिलित कर बनाई जावेगी। 

महासंघ के अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद रवि जैन संबोधन देते हुए बताया कि जिलेभर से पधारे ट्रस्ट मंडलों को में आश्वास्त करता हूं कि अगर जिले में कहीं भी जैन समाज पर सामाजिक संकट आता है तो तत्काल उस विषय को मेरे या महासंघ के सदस्य को उससे अवगत कराए। महासंघ उस समस्या का निराकरण करने में हर प्रकार से सहायता प्रदान करेगा, प्रशासनिक सेवा में किसी विषय पर बातचीत करने में हमारे जिला मुख्यालय पर उपस्थित होने से हम अच्छे से उसे विषय को प्रशासनिक तौर पर रख पाएंगे एवं उसका निराकरण करने का हर संभव प्रयास करेंगे। अंत में आभार शैलेंद्र जैन ने माना।

 कार्यक्रम में शहर के जैन समाज के समस्त ट्रस्ट मण्डल के साथ जिले के अजनास, नेमावर, पानी गांव, हाटपिपलिया, चापड़ा, बागली, कन्नौद, करनावद, टोंकखुर्द, सोनकच्छ, डबलचौकी, सतवास, उदयनगर, पिपरी, विजयागंज मंडी, चिडावत, लोहारदा, बधवा आदि जगहों के जैन ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उक्त जानकारी संगठन सचिव दिलीप चौधरी द्वारा दी गई।

Dewas पत्रकार 11 ट्रॉफी : दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ समापन


• पुलिस 11 बनी विजेता, पत्रकार 11 बनी उपविजेता
देवास। 
पत्रकार 11 द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हुआ,स्थानीय पुलिस ग्राउंड पर आयोजित टूर्नामेंट में दो दिनों तक मैच खेले गए। जिसमें आज 12 जनवरी को सेमीफाइनल खेले गए और फाइनल मैच पुलिस 11 और पत्रकार 11 के बीच खेला गया।जिसमें पुलिस 11 ने जीत हासिल कर प्रथम पुरस्कार और ट्रॉफी अपने नाम की, वहीं पत्रकार 11 की टीम उपविजेता रही और ट्रॉफी जीती। टूर्नामेंट में प्रथम पुरस्कार भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष शुभम चौहान, द्वितीय पुरस्कार संस्था कृपालु के सुमेर दरबार द्वारा दिया गया, नेता सत्ता पक्ष मनीष सेन का भी विशेष सहयोग रहा। अतिथि के रूप में उपस्थित एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदोरिया,पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिलराज सिंह सिकरवार, तरुण मेहता, श्रीकांत उपाध्याय, अतुल बागलीकर व प्रेस क्लब अध्यक्ष ललित शर्मा, सचिव शेखर कौशल द्वारा विजेता और उपविजेता को ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर एडिशनल एसपी श्री भदौरिया ने कहा कि खेल गतिविधियों से जुडक़र भी आप बहुत कुछ कर सकते हैं इस आयोजन में विजेताओं को बधाई के साथ-साथ आयोजन में भाग लेने वाली सभी टीमों को भी शुभकामनाएं देता हूं। इस दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में चंद्रपाल सिंह सोलंकी सहित पत्रकार परिवार के अतुल शर्मा, शैलेंद्र अड़ादिया, आनंद सिंह ठाकुर, उदय आरस, महेश सोलंकी, सौरभ सचान, नितिन गुप्ता, अशोक पटेल, शकील खान, राजेश पाठक, राजेश मालवीय, खूबचंद मनवानी, डॉ. रईस कुरैशी, अरुण परमार, विजेंद्र उपाध्याय, सिद्धार्थ मोदी, प्रिंस बैरागी, अमित व्यास, मयूर व्यास, एहतेशाम कुरैशी, रूपेश मेहता, राजेश धनेचा, चेतन योगी, रोहित उपाध्याय, फरीद खान,मुर्तुजा सैफी, राजेंद्र पवार, रघुनंदन समाधिया, हर्षद मेहता, अनिल सिंह ठाकुर, जितेंद्र मारू, पप्पू चौहान, धीरज सेन, दीपेश जैन सहित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण सहित खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Dewas प्रेस क्लब ने मनाई स्वामी विवेकानंद जी की जन्म जयंती

देवास। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की 162वीं जन्म जयंती प्रेस क्लब देवास के पत्रकारों द्वारा मनाई गई। विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प समर्पित किए गए। समाज को नई दिशा और युवाओं को एक सशक्त मार्ग प्रदान करने के स्वामी जी के उद्देश्यों को याद करते हुए अध्यक्ष ललित कुमार शर्मा ने स्वामी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जन्म कोलकाता में 1863 में हुआ था। उनका बचपन का नाम नरेंद्र नाथ दत्त था। बाद में सांसारिक मोह माया को त्याग कर उन्हें संन्यास ले लिया और गुरु रामकृष्ण परमहंस के शिष्य बन गए। गुरुजी ने ही उन्हें स्वामी विवेकानंद नाम दिया। उन्हें रामकृष्ण मठ, रामकृष्ण मिशन और वेदांत सोसाइटी की स्थापना की। 1893 में अमेरिका के शिकागो में हुए विश्व धर्म सम्मेलन में उन्होंने भारत और हिंदुत्व का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय दर्शन, वेदांत और योग को पश्चिमी देशों में प्रस्तुत किया और भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने भीतर विश्वास रखने की प्रेरणा दी। उनका कहना था, उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। आज हम स्वामी विवेकानंद जी की 162वी जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मना रहे है। इस अवसर पर सचिव शेखर कौशल, कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ मोदी, वरिष्ठ पत्रकार नितिन गुप्ता, खूबचंद मनवानी, रघुनंदन समाधिया, राजेंद्र सिंह पवार, रोहित उपाध्याय, जितेंद्र मारू स्पोर्ट्समैन अनिल श्रीवास्तव सहित कई समाजजन मौजूद रहे। उक्त जानकारी संयुक्त सचिव अशोक पटेल ने दी।

Dewas फ्रिज में मिला महिला का शव, पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को किया गिरफ्तार

  • लिव इन रिलेशनशिप में साथ रहने वाले प्रेमी ने मार्च 2024 में की थी हत्या

देवास। सुबह शहर की वृंदावन धाम कालोनी में एक मकान में फ्रिज में महिला का शव मिला था। जिसका पुलिस ने 12 घंटे के भीतर ही खुलासा कर दिया है।
दरअसल शहर की वृंदावन धाम कालोनी में एक मकान में से आस पास के रहवासियों को बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई थी जिसमें पुलिस ने मौके पर पहुंच कर देखा तो वहा फ्रिज में महिला का शव मिला था। पुलिस और फॉरेंसिक की टीम जांच में जुट गई पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही आरोपी संजय पाटीदार निवासी उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका का नाम प्रतिभा प्रजापति बताया है। आरोपी और महिला 5 वर्ष तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे जिसमें 3 वर्ष तक उज्जैन थे जिसके बाद देवास में रहने रहने लगे, मृतिका आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, उसी के चलते संजय ने अपने एक और साथी विनोद दवे के साथ मिलकर मार्च 2024 में गला घोंटकर कर महिला की हत्या कर दी थी। जब से ही महिला का शव फ्रिज में रखा था।
पुलिस ने संजय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का साथी विनोद राजस्थान में जेल में है।

Dewas अवैध शराब विक्रय की कार्यवाही करवाने के शक में चौकीदार के घर में घूसकर की मारपीट करने का आरोप

देवास। एक मत होकर घर पर प्राणघात हमला करने वाले आरोपियों पर स्थानीय पुलिस द्वारा कार्यवाही नही करने एवं परिवार पर जान का खतरा होने संबंधी शिकायत 9 जनवरी को जिले के ग्राम गुर्जर बापच्चा थाना बीएनपी निवासी श्रवण पिता स्व. सुरेश सिंह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर की। शिकायतकर्ता श्रवण ने आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राम गुर्जर बापच्चा निवासी सोहन सिंह, राहुल, ईश्वर, शुभम, देवेन्द्र, रोहित, अभय सहित अज्ञात 10 लोगों ने घर में घूसकर मारपीट करते हुए तोडफोड की, जिससे परिजनों में भय है और हम पर जान का खतरा है।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2025/01/1000113170.mp4

पीडित ने बताया कि मेरे पिता चोकीदार के पद पर ग्राम गुर्जर बापच्चा में कार्य करते थे। कार्य के दौरान मेरे पिता ने इन लोगों के विरुद्ध अवैध शराब का व्यवसाय करने की सूचना थाने पर की थी। तब भी से ये लोग मेर परिवार से रंजिश रखते आ रहे है। पिताजी की मृत्यु के बाद चौकीदार का कार्यभार मेरी पत्नी संभाल रही है। पुलिस ने विगत दिनों से आरोपियों के यहां से अवैध शराब विक्रय करने की कार्यवाही करते हुए दबिश दी थी। तभी से ये सभी आरोपी मेरे परिवार पर कार्यवाही करवाने का शक कर रहे थे। दिनांक 08/01/2025 को रात्रि समय 9.30 बजे उपरोक्त सभी आरोपी वाहनों आए और मेरे घर पर एक मत होकर लट्ठ, धारदार चाकू एवं तलवार आदि से हमला कर दिया। मेरे छोटे भाई कार्तिक को जान से खत्म करने उद्देश्य से उसके सिर पर हमला कर दिया। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। उसका उपचार शासकीय जिला अस्पताल में चल रहा है। साथ ही घर के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की, जिसका वीडियो भी उपलब्ध है। आरोपियों ने धमकी दी है कि पुलिस के पास गए तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। पीड़ित ने बताया कि उक्त मामले के बाद आरोपियों पर कार्यवाही हेतु बीएनपी थाने में रिपोर्ट लिखवाने गये तो पुलिस वालों ने पहले हमारी रिपोर्ट नहीं लिखी और कहा कि टीआई साहब स्वयं बयान लेने शासकीय जिला अस्पताल आयेगें। पीडित ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने घटना के आरोपियों की पहले रिपोर्ट लिखते हुए हम निर्दोषो को थाने पर लगे गए। पुलिस द्वारा आरोपियों के दबाव में एकपक्षीय कार्यवाही कर हम निर्दोषों को आरोपी बना दिया गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि हमारे परिवार पर जान का खतरा मंडरा रहा है। एसपी से मांग की है कि शीघ्र ही घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाकर आरोपियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। 

Dewas धोखाधड़ी! भूमि विक्रय करने के सौदे में 43 लाख की रकम हड़पी…

  • इंदौर निवासी 4 आरोपियों पर प्रकरण दर्ज

देवास। औद्योगिक थाने पर भूमि विक्रय करने के सौदे में 43 लाख से ज्यादा की रकम हड़पने के मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
दरअसल बीते मंगलवार को दर्ज हुई प्राथमिकी में फरियादी तरुण यादव निवासी राजौदा ने बताया कि मैने वर्ष 2022 के सितम्बर माह में साढ़े टीन बीघा जमीन शिप्रा के समीप ग्राम सुकलिया में क्रय की थी जिसे मैने संतोष पाटीदार, राम चौधरी, भरत राजोरिया सभी निवासी जिला इंदौर के माध्यम से क्रय की थी।
इस तीनों द्वारा कहा गया कि उक्त जमीन की हमारे पास सौदा चिट्ठी (एग्रीमेंट) है हमने जमीन की पूरी राशि जमीन मालिक अंजू तड़ियाल को दे दी है और रजिस्ट्री होने वाली है। फरियादी तरुण चौधरी को उक्त जमीन पसंद आई और उन्होंने जमीन खरीदने की बात कही फरियादी तरुण ने सौदे के 51 लाख रुपए उक्त तीनों व्यक्ति को दे दिए तीनों ने जमीन मालिक अंजू को साढ़े 8 लाख रुपए दिए बाकी साढ़े 42 लाख रुपए आपस में बांट लिए।
तीनों आरोपितों ने जमीन मालिक अंजू को धोखे में रखकर पूर्ण राशि का भुगतान किये बिना रजिस्ट्री करवा दी। बाद में अंजू तड़ियाल ने एसडीएम न्यायालय देवास में अपील- करके फरियादी तरुण का नामांतरण निरस्त करवा दिया। मामला उलझने के बाद फरियादी तरुण ने जमीन मालिक अंजू को सौदे की शेष रकम दी और नामांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई वहीं आरोपितों द्वारा धोखे से हड़प किए 43 लाख रुपये वापस नहीं लौटाये जा रहे हैं। जिसका शिकायती आवेदन मैने औद्योगिक थाने पर बीते लगभग 5 से 6 माह पूर्व दिया था जिसमें बीते मंगलवार को आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।
पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी की धारा 420 के तरह प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना औद्योगिक थाना में पदस्थ सहायक उप निरक्षक नितिन सिंह कर रहे है। तीनों आरोपियों के साथ पुलिस ने चौथे व्यक्ति को भी आरोपी बनाया है जिसके खाते में उक्त तीनों आरोपियों द्वारा धोखे से हड़पे पैसे का चेक डला था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मामले की विवेचना की जा रही है प्रकरण की विवेचनाऔद्योगिक थाना में पदस्थ सहायक उप निरक्षक नितिन सिंह कर रहे है। आरोपियों पर पूर्व में भी इंदौर पर धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज है।

मेरे साथ आरोपियों ने 43 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी कर रकम हड़पी है पुलिस से आशा है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर मुझे मेरी रकम वापिस दिलाई जाए।

तरुण चौधरी फरियादी

Dewas कुराश नेशनल प्रतियोगिता में शहर के खिलाड़ी ने जीता रजत पदक, खिलाड़ी व कोच का किया स्वागत

देवास। शहर के खिलाड़ी ने रायपुर में आयोजित 68वीं स्कूल कुराश नेशनल प्रतियोगिता ने शहर का नाम रोशन करते हुए रजत पदक जीता है।
शहर के कुराश खेल के खिलाड़ी अफजल पटेल ने रायपुर में आयोजित 68वीं स्कूल कुराश नेशनल प्रतियोगिता में 73 किलो वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया है। खिलाड़ी द्वारा किए गए प्रदर्शन से शहर का नाम भी रोशन हुआ है। खिलाड़ी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने खेल प्रशिक्षक, अभिभावक व स्कूल के मैनेजमेंट को दिया है। खिलाड़ी द्वारा प्राप्त इस उपलब्धि पर खिलाड़ी के स्कूल के डायरेक्टर विकास चौधरी, भरत पटेल, निर्मल पटेल, स्कूल प्राचार्य अजय नागर एवं खिलाड़ी अभिभावक द्वारा खिलाड़ी अफजल पटेल व खिलाड़ी के खेल प्रशिक्षक हिमांशु चौधरी का प्रतियोगिता से वापिस लौटने पर बस स्टैंड पर पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया गया।

Dewas गाड़ी से एक्सीडेन्ट कर सामने से अड़ीबाजी कर कर रहे थे पैसों की मांग, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

देवास। पुलिस ने ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो गाड़ी से एक्सिडेंट होने के बाद सामने वाली गाड़ी चालक से अड़ीबाजी कर पैसों की मांग कर मारपीट की थी।

दरअसल फरियादी रोहित चौहान ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई कि जब वह अपनी एक्टिवा वाहन से कंपनी से घर वापस जा रहा था रास्ते में एक बिना नम्बर की स्कुटी से वाहन चालक ने मुझे टक्कर मारी एवं फोन करके दो लोगो को बुलाया। तीनो ने खुद को एमजी कॉलोनी का दादा बताते हुए गाड़ी के नुकसान के लिये 5,000 रूपये की राशि की मांग की गई। जब फरियादी ने कहा कि तुमने मेरी गाड़ी को टक्कर मारी है और मुझसे ही पैसा मांग रहे हो जिस पर से आरोपियो के द्वारा फरियादी के साथ मारपीट की गई। रिपोर्ट पर से थाना औद्योगिक क्षेत्र में आरोपियों के विरूद्ध 14/2025 धारा 281, 119(1), 3(5) बीएनएस 3/180, 5/181 मोटर व्हीकल एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा निर्देशित किया गया था। जिस पर पुलिस टीम ने वसूली के बदमाशों कोगिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया

गिरफ्तार आरोपी

  1. हर्ष उर्फ गोला पिता विनोद योगी उम्र 23 साल निवासी गीता भवन के पीछे एमजी कॉलोनी देवास ।
  2. सतीष पिता कन्हैयालाल डिंडोरे उम्र 31 साल निवासी गीता भवन के पीछे एमजी कॉलोनी देवास।
  3. सचिन पिता अरूण भेरवे उम्र 27 साल निवासी गीता भवन के पीछे एमजी कॉलोनी देवास।

Dewas सोशल मीडिया पर तलवार लहाराकर उसकी वाडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना पड़ा भारी, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट कर अशांति फैलाने वालें असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये गये है । सोशल मीडिया सेल के द्वारा लगातार आपत्तिजनक/ भड़काऊ/अशांति/दहशत फैलाने वाली पोस्ट/वीडियो पर निगरानी रखी जा रही है।

इसी तारतम्य में थाना कोतवाली में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार (तलवार) को लहराते हुये एक वीडियो पोस्ट की थी । जिस पर से कोतवाली थाना प्रभारी अजय गुर्जर के नेतृत्व मे पुलिस टीम के द्वारा संबंधित व्यक्ति की पहचान विनय सांगते उम्र 30 साल निवासी एमजी कॉलोनी देवास के रूप में की जाकर आरोपी से तलवार जप्त की गई एवं उक्त वीडियो को डिलीट करवाया गया। आरोपी के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 10/2025 धारा 25 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया ।

Dewas नर्मदा परियोजना की मंजूरी पर माना आभार

देवास। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. रितेश त्रिपाठी द्वारा नर्मदा परियोजना की मंजूरी होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने पत्रकार बंधुओं का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। सर्वप्रथम सावित्री बाई फूले के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर नवीन प्रेस क्लब अध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों का पुष्पमाला से स्वागत कर शुभकामनाएं दी। पं. त्रिपाठी ने बताया कि नर्मदा परियोजना की मंजूरी में किए गए प्रयास में प्रेस जगत को सहयोग हेतु धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया एवं भविष्य में देवास में नवीन शासकीय मेडिकल कॉलेज, मेट्रो ट्रेन एवं अन्य जन हितेषी मुद्दों पर प्रेस जगत से सहयोग की अपेक्षा की।