• अस्थाई जेल भेजकर कोरोना पर लिखवाया निबंध
• कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं करने पर हर्ष रेस्ट्रारेंट को किया सील
देवास। कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला के निर्देश पर जिले में कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिये जिला प्रशासन द्वारा जिले भर में जनजागरूकता के साथ ही मास्क एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन न करने वाले व्यक्तियों पर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अस्थाई जेल भी भेजने की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी, सीएसपी श्री विवेक सिंह चौहान, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगरनिगम के अमले ने देवास शहर के अलग-अलग स्थानों सयाजी द्वार, विकास नगर चौराहा, नगर निगम चौराहा, भोपाल चौराहा सहित अन्य स्थानों पर चालानी कार्रवाई कर 72 लोगों को चालान बनाए तथा अस्थाई जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
एडीएम श्री महेंद्रसिंह कवचे ने बताया कि मास्क न पहनने वाले, सोशल डिस्टेसिंग का पालन न करने वालों पर चालानी कार्यवाही की गई तथा उन्हें शासकीय चिमनाबाई स्कूल में बनाए गए अस्थाई जेल में रखा गया। वहां उनसे कोरोना संक्रमण के संबंध में निबंध लिखवाया तथा समझाइश देकर छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
• कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं करने पर हर्ष रेस्ट्रारेंट को किया सील

कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं करने पर एक रेस्ट्रोरेंट को सील कर दिया गया है। एसडीएम श्री प्रदीप सोनी एवं सीएसपी श्री विवेक सिंह चौहान ने बताया कि कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला के निर्देश पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए जिले में “रोको-टोको अभियान” चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को देवास के बस स्टैंड स्थित हर्ष रेस्ट्रोरेंट को सील किया गया। उन्होंने बताया कि रेस्ट्रोरेंट का संचालन कोविड-19 के तहत जारी की गई गाइड लाइन के तहत नहीं किया जा रहा था। इसके तहत कार्रवाई की गई है तथा रेस्ट्रोरेंट को सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, नगर निगम देवास एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी अपील की है कि जब भी घर से निकले तो मास्क जरूर पहने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें।














