कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक
देवास कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्र के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र सिंह कवचे, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले एक हफ्ते में जिले में सीएम हेल्पलाइन पर 600 शिकायतों का निराकरण किया गया है। शिकायतों के निराकरण से जिले की रैंकिंग सुधरी है। कलेक्टर श्री शुक्ला ने निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाइन पर एल-1 पर लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए दो दिन का विशेष अभियान चलाकर 20 अगस्त तक शिकायतों का निराकरण करें। शिकायतों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक करें। उन्होंने निर्देश दिये कि ऊर्जा विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, संस्थागत वित्त, नगर निगम इन सभी विभागों की एल-1 पर अधिक शिकायतें लम्बित है। यह सभी विभाग विशेष तौर पर ध्यान दे और 2 दिन का विशेष अभियान चलाकर शिकायतों का निराकरण करें।

कलेक्टर श्री शुक्ला ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए बधाई दी और कहा कि जो शिकायतें अब भी बची है उन्हें भी शत-प्रतिशत निराकृत करें। सभी अधिकारी गुणवत्ता पूर्ण जवाब लिखें। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों के निराकरण से जिलों की रैंकिंग होती है। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें तथा शिकायतें एल-02 पर ना पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखे। सभी शिकायतें शत-प्रतिशत निराकृत हों, कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। शिकायत अनअटेंडेंट पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा की समय-सीमा संबंधी प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करें। व्यक्तिगत रूप से शिकायतकर्ता से मिलकर संतुष्टी पूर्वक शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने निर्देश दिये कि इस महीने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के क्लेम तैयार कर ऑनलाइन जमा करें। जिले के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों की प्रोफाइल अपडेट कर लें।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने समाधान ऑनलाइन शिकायतों की समीक्षा की और शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री किसान कल्याण शिकायतों, फसल बीमा संबंधित शिकायतों और नगर पालिका में लंबित शिकायतों की समीक्षा की और अभियान चलाकर शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने भू-अर्जन, सीमांकन, राजस्व वसूली, नामान्तरण और बटवारा संबंधित मामलों की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने वनाधिकार पट्टों की समीक्षा की। एसडीएम बागली और एसडीएम कन्नौद को निर्देश दिए कि वनाधिकार पट्टों संबंधित लंबित आवेदनों का निराकरण शीघ्र करें, जो आवेदन स्वीकृत योग्य हो उन्हें स्वीकृत करें। कलेक्टर श्री शुक्ला ने निर्देश दिये कि जिले में जिन आदिवासियों को वन अधिकार पट्टा मिल गया है, उन्हें अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए। सभी विभाग प्लान बनाएं और योजनाओं का लाभ दिलाएं।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कोविड कल्याण योजना की समीक्षा की और प्रोग्रेस रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक जिला-एक उत्पाद, आक्सीजन प्लांट, जल जीवन मिशन, खाद्यान उठाव की स्थिति की समीक्षा की। समय-सीमा संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की और प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये। सभी विभागों को अंकुर प्रोग्राम अंतर्गत पौधारोपण करने के निर्देश दिये।















