महिलाओं को कार में बैठाकर करते थे रैकी, 12.50 लाख रुपये का माल बरामद
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार
देवास। देवास पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता साबित करते हुए शहर में हुई दो बड़ी चोरियों का पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने संगठित चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें रैकी के दौरान कार में बैठाकर ले जाया जाता था ताकि किसी को गिरोह पर संदेह न हो।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोत के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई दो चोरियों की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
जबलपुर गए परिवार के घर में चोरी
पहली घटना में एलआईजी-78 सिविल लाइन निवासी आदेश कुमार उइके ने 29 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 27 मई को पारिवारिक कार्य से जबलपुर गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड ईयरिंग, दो टाइटन घड़ियां तथा नकदी चोरी होना पाया गया।
ईद मनाने गए परिवार का घर भी बनाया निशाना
दूसरी घटना में कर्मचारी कॉलोनी निवासी वसीम शेख ने शिकायत दर्ज कराई कि वे परिवार सहित ईद मनाने उज्जैन गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लैपटॉप एवं अन्य सामान चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज ने दिलाई सफलता
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी चोरी करने के बाद ईयोन कार (MP-09-CL-2044) से भागते हुए दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
- जयंत मीणा (19 वर्ष) निवासी आनंद नगर, देवास
- आकाश उर्फ शूटर (26 वर्ष) निवासी बद्रीधाम नगर, देवास
- चेतना सोलंकी (30 वर्ष) निवासी जवाहर नगर, देवास
- चिंकी उर्फ प्रिया (23 वर्ष) निवासी जयश्री नगर, देवास
12.50 लाख रुपये का माल बरामद
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, हीरे का मंगलसूत्र, हीरे की बालियां, एक आसुस लैपटॉप, घड़ियां तथा 22 हजार रुपये नकद सहित कुल 12.50 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ईयोन कार एवं चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपी जयंत मीणा और आकाश उर्फ शूटर के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, आबकारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से जयंत के खिलाफ चोरी के सात और आकाश के खिलाफ विभिन्न थानों में 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, दीपक मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक एच.एस. गोदार, प्रधान आरक्षक हेमंत डाबी, मनोज पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















