देवास के वारसी नगर निवासी 18 वर्षीय बिलाल दुर्रानी पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े होने का आरोप, ATS कर रही पूछताछ
देवास। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कथित स्लीपर सेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मध्य प्रदेश के देवास जिले का एक युवक भी शामिल है।

ATS के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बिलाल दुर्रानी मोहम्मद अम्मार घाघा (18) देवास शहर के वारसी नगर का निवासी है। उस पर जैश-ए-मोहम्मद के स्लीपर सेल से जुड़े होने का आरोप है। उसे गुजरात ATS ने अपने विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद के स्लीपर सेल के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद गुजरात के पालनपुर, पाटन, नवसारी और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
ATS का कहना है कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल देवास निवासी आरोपी से भी पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका नेटवर्क कितना व्यापक था और किन-किन लोगों से उसका संपर्क था।
















