कांटाफोड़ – शनिवार को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष श्याम होलानी के नेतृत्व में क्षेत्र के किसानों ने गांधी चौराहे पर एकत्रित होकर सभा की। सभा के पश्चात बस स्टेंड कांटाफोड़ पर महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन तहसीलदार द्वारा अधिकृत नगर परिषद सीएमओ केसी वर्मा को सौंपा। इस दौरान थाना प्रभारी सीएल कटारे एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे। ज्ञापन मे उल्लेख किया गया कि वर्तमान में भारत सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र के लिए तीन नए कानून बनाए गए जिसे अध्यादेश के जरिए संसद में पास करवा कर किसानों के साथ छलावा किया है इसे वापस लेने की मांग के साथ ही कहा कि दिल्ली में धरने पर बैठे किसानों की मांग अतिशीघ्र मानी जाए अन्यथा मध्य प्रदेश में भी बहुत बड़ा किसान आंदोलन होगा जिसकी संपूर्ण जवाबदारी सरकार की होगी। दूसरे ज्ञापन प्रदेश के मुख्य मंत्री के नाम दिया जिसमें कहा कि देवास जिले को आपदा ग्रस्त घोषित करने के बाद भी आज दिनांक तक किसानों को एक रुपए की भी आर्थिक मदद सरकार के द्वारा नहीं की गई थी जबकि किसान की संपूर्ण खरीफ फसल नष्ट हो चुकी थी क्षेत्र के गांवों की फसल पूर्ण रूप से नष्ट हो चुकी है आज किसान अपनी आर्थिक स्थति पर आंसू बहा रहा है साथ ही कहा कि किसानों के ऋण की वसूली स्थगित कर उनका ब्याज माफ किया जाए। बिजली 10 घंटे बिना ट्रिपिंग के दी जाए ।ज्ञापन का वाचन नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री निवास तिवारी एवं निर्मल पुरोहित ने किया आभार ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजाराम यादव एवं किसान कांग्रेस उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने माना।
? बालकृष्ण शर्मा कांटाफोड
