देवास। किसान इस समय गेहूं, चने की फसल को लेकर तैयारियों में लगे हुए है, लेकिन देवास जनपद के गांव बिजेपुर की सोसायटी में व्यस्तता के इस समय में भी किसान खाद के लिए चक्कर लगा रहे है। खाद के लिए किसान हालांकि जिला मुख्यालय पर कृषि उपज मण्डी में भी लाईन लगाकर दिन-दिनभर परेशान हो रहे है, लेकिन बिजेपुर सोसायटी के सेक्रेटरी की मनमानी एवं टालमटोल रवैय्ये से क्षेत्र के 10-11 गांव के किसान खासे दुखी एवं फसल को लेकर चिंतित है। कृषक कमलसिंह झाला ने बताया कि सेक्रेटरी द्वारा उन्हें आजकल-आजकल कहते हुए सेकेट्री द्वारा खाद के लिए बारिश से लगातार चक्कर लगवाएं जा रहे है। इस चक्कर में फसल के वह खेत भी तैयार नही कर पा रहे है। कृषक लाखनसिंह चौहान ने बताया कि सेक्रेटरी के रवैय्ये से परेशान हो गए है। सोसायटी में सेक्रेटरी द्वारा अंधा बांटे रेवड़ी, अपने-अपने को दे की तर्ज पर चुनिंदा किसानों को ही खाद बांटा जा रहा है। जबकि आम किसान को अंगूठा दिखाते हुए खाद की कालाबाजारी की जा रही है। किसानों ने जिला प्रशासन से समय पर खाद की उपलब्धता करवाने की मांग करते हुए दोषी सोसायटी सेक्रेटरी के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की है














