किसानों के आवेदन पर नही हो रही सुनवाई, फिर मिला आश्वासन
देवास। सेवा सहकारी साख मर्यादित राजोदा के सहायक सेकेट्री द्वारा जाली हस्ताक्षर कर करोड़ों रूपए राशि निकालने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण किसानों ने मंगलवार को जनसुनवाई में एसडीएम को कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा। गांव के हुकमसिंह पाटीदार, गोवर्धन, कैलाश पाटीदार, मांगीलाल पाटीदार, महेन्द्र पाटीदार, रामप्रसाद, दिनेश परमार, विक्रम सिंह परमार, सुखराम पाटीदार, धीरज सिंह, राधेश्याम पाटीदार, तेजराम पाटीदार, राजाराम पाटीदार सहित अन्य किसानो ने शिकायत में बताया कि ग्राम राजोदा के सेवा सहकारी साख मर्यादित सेकेट्री महेश जैन ने जाली हस्ताक्षर कर गांव के लगभग 250 से 300 किसानों के करोड़ों रूपए निकाल लिए है। किसानों द्वारा पूर्व में आरोपी के खिलाफ अलग-अलग आवेदन देकर शिकायत की गई थी, जिसका निराकरण आज तक नही हुआ। शिकायत सुनने के पश्चात एसडीएम ने गांव के किसानो को बुलाकर उपायुक्त कार्यालय में अधिकारी के पास भेजा। जहां से किसानों को आश्वासन मिला है कि शीघ्र समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा। किसान जब अपनी समस्या को लेकर बैंक में जाते है तो बैंक प्रबंधक द्वारा संतोषजनक जवाब नही दिया जाता है। गांव के किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूर्व आवेदन को ध्यान में रखते हुए आरोपी सेकेट्री महेश जैन के खिलाफ कार्यवाही करते हुए न्याय दिलाया जाए एवं बैंक में संस्था द्वारा राशि जमाकर नोड्यूज दिलाया जाए।
