देवास। एक बारात के जुलूस में डीजे की धुन पर नाचते-नाचते दो युवक गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे पुल से नीचे गिर गए। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के समीप कालीसिंध नदी पर बने पुल से गांव सांवेर से सोनकच्छ की ओर एक बारात आ रही थी। इसमें बज रहे डीजे पर बाराती नाच रहे थे। डीजे पर बज रही धुन सुनकर वहां पहुंचे कृपालसिंह पिता प्रहलादसिंह सैंधव (40) व लाखन पिता नानूराम बड़कनिया (30) दोनों निवासी गांव पीपल्याबक्सू भी झूम-झूमकर कर नाचने लगे। नाचते-नाचते दोनों अचानक असंतुलित होकर पुल के नीचे गिर गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहाँ डाॅक्टर ने कृपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल लाखन का उपचार कर छुट्टी दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया व घटना को जांच में लिया।
