देवास । जैन जगत के 23वें तीर्थंकर श्री पाश्र्वनाथ भगवान के जन्म कल्याणक दिवस पौष दशमी के उपलक्ष में श्री शंखेश्वर पाश्र्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड पर 8 जनवरी शुक्रवार को महा महोत्सव मनाया जाएगा । जिसके अंतर्गत फूल बंगला सजेगा, भक्ति गीत संगीत की अनुपम प्रस्तुति होगी एवं दिन भर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। उक्त जानकारी देते हुए प्रवक्ता विजय जैन ने बताया कि प्रभु के जन्म कल्याणक अवसर पर प्राकृतिक फूलों की सजावट महापूजा होगी तथा रंग बिरंगा विशाल फूल बंगला सजाया जावेगा । सायं 7 बजे से एक शाम पाश्र्व के नाम संगीत संध्या का आयोजन होगा। जिसमें नृत्य एवं गीतों से सजी प्रभु भक्ति की मनोहारी प्रस्तुति होगी । प्रात काल से ही प्रारंभ होने वाले कार्यक्रम के अंतर्गत प्रात: 7.30 बजे प्रभु का जन्माभिषेक होगा , 8 बजे सामूहिक स्नात्र महोत्सव होगा,10 बजे श्री पाश्र्वनाथ पंचकल्याणक पूजन अनुष्ठान होगा । प्रात: 10.30 बजे देवभोग के माध्यम से प्रभु प्रसादी वितरण होगा व दोपहर तक प्रभावना वितरण होगा। प्रभु के जन्मोत्सव को लेकर समाजजनों में अभूतपूर्व उत्साह का वातावरण बना हुआ है। श्री शंखेश्वर पाश्र्वनाथ मंदिर श्री संघ एवं ट्रस्ट मंडल ने प्रभु भक्ति के इस आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया है।














